13 May 204
प्रेस नोट:- 1
जयराम ठाकुर कंगना रणौत को मंडी से नहीं जिता पाएंगे :- मुकेश
सरकार गिराने वालों का जल्द होगा पर्दाफाश:- उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि चौदह मई को प्रदेश में नामांकन-पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि समाप्त होने के दो-तीन बाद प्रदेश के तीन और विधायक पूर्व विधायक हो जाएंगे। चार जून को चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस संख्या बल में चालीस हो जाएगी और भाजपा पच्चीस पर रह जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो छह विधानसभा उपचुनाव के साथ लोकसभा की चार सीटें भी जीत रही है लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कंगना रणौत को मंडी से नहीं जिता पाएंगे। मुकेश अग्निहोत्री सोमवार को विधानसभा क्षेत्र गगरेट से हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कालिया के नामांकन-पत्र दाखिल करने से पहले आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को शिमला की कुर्सी पर बैठने में जल्दी थी। इसलिए ही भाजपा ने सरकार गिराने का षड़यंत्र रचा। जयराम ठाकुर यह तो कहते हैं कि हम एक राज्यसभा सीट जीत गए लेकिन ये भूल गए कि छह विधानसभा उपचुनाव हार रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका भी जल्द ही पर्दाफाश होगा कि सरकार गिराने की साजिश किसने और कैसे रची।
उन्होंने कहा कि राकेश कालिया के नामांकन-पत्र दाखिल करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में अपार जनसमूह देख कर पता चल रहा है कि राकेश कालिया बहुत बड़े अंतर के साथ जीत रहे हैं लेकिन लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा के समर्थन में जिस प्रकार अपार जनसमूह हमीरपुर में उमड़ा वह भी यह बता रहा है कि इस बार हमीरपुर की जनता भी बदलाव के मूड में है।
बिलासपुर के लोग इस बार ऊना का साथ देने को तैयार हैं। ऊना के लोग भी इस बार सतपाल रायजादा को भरपूर आर्शीवाद दें ताकि दमदार आवाज इस बार लोकसभा में गूंज सके और इस लोकसभा क्षेत्र के मुद्दे उठा सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र गगरेट से आ रही रिपोर्टों से पता चल रहा है कि राकेश कालिया की गाड़ी यहां से निकल चुकी है जो सीधे शिमला जाकर रुकेगी। इसलिए जिसने इस गाड़ी पर चढ़ना है अभी भी चढ़ जाए।
प्रेस नोट:- 2
हिमाचल प्रदेश के तेजतर्रार नेता व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री गांधी परिवार की परंपरागत सीटों रायबरेली व अमेठी में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
मुकेश अग्रिहोत्री दो दिन रायबरेली व अमेठी में प्रचार की कमान संभालेंगे। इस दौरान वह कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के पक्ष में राय बरेली संसदीय क्षेत्र में प्रचार अभियान को गति देते हुए कई जनसभाओंं को संबोधित करेंगे। वहीं, मूलत: हिमाचल प्रदेश से संबधित अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी के एल शर्मा के पक्ष में भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
हिमाचल प्रदेश में स्टार प्रचारक के रूप में प्रदेश भर में चारो लोकसभा सीटों व 6 विधानसभा सीटो पर उपचुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जोरदार प्रचार कर रहे मुकेश अग्रिहोत्री को कांग्रेस हाईकमान ने गांधी परिवार की परंपरागत सीटों पर पार्टी के पक्ष में प्रचार अभियान को धार देने के लिए तैनात करने का निर्णय लिया है। इसी के तहत मुकेश अग्रिहोत्री 14 मई को हवाई मार्ग से लखनऊ होते हुए रायबरेली पहुंचेगें। यहां पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के पक्ष में वह धुंआधार प्रचार करेंगे। वहीं इसके बाद अमेठी में भी कांग्रेस के प्रचार अभियान को गति देंगे।
मुकेश अग्रिहोत्री हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता है तथा लगातार पांचवी बार हरोली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर प्रदेश के पहले उपमुख्यमंत्री बने है। उनकी छवि एक तेजतर्रार नेता की है। प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में मुकेश अग्रिहोत्री के पक्ष में प्रचार के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व वरिष्ठ नेत्री प्रियंका गांधी विशेष रूप से हरोली विधानसभा क्षेत्र पहुंची थी तथा कांगड़ में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया था। वहीं अब मुकेश अग्रिहोत्री गांधी परिवार की परंपरागत सीट पर राहुल गांधी के प्रचार के लिए जा रहे है।
मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें उत्तर प्रदेश के रायबरेली व अमेठी संसदीय क्षेत्रों में पार्टी के पक्ष में प्रचार करने के निर्देश दिए है। यह उनके लिए गर्व की बात है कि पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में वह कांग्रेस पार्टी की नीतियों व कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करेंगे। मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि एनडीए सरकार का दस साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। जनता महंगाई व बेरोजगारी से त्रस्त है। देश में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। तानाशाही का माहौल व्याप्त है। लोगों ने केंद्र की मोदी सरकार को बदलने का मन बना लिया है।












