प्रेस नोट

Screenshot

प्रेस नोट नीट अभ्यर्थियों को हिमाचल सरकार की बड़ी राहत, एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

शिमला, 19 जून.

नीट-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) मुख्यालय ने सभी इकाई अधिकारियों को पत्र जारी कर 20 से 22 जून तक नीट अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।श्री अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश के अनेक विद्यार्थी दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त चिंता और आर्थिक बोझ के तनावमुक्त होकर परीक्षा में शामिल हो सकें।एचआरटीसी के निर्देशों के अनुसार यह सुविधा निगम की साधारण बसों में उपलब्ध होगी। अभ्यर्थी अपने नीट एडमिट कार्ड के आधार पर अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक एक बार जाने और एक बार वापस लौटने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। एडमिट कार्ड ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।उपमुख्यमंत्री ने सभी नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।

प्रेस नोट

माता श्री चिंतपूर्णी धाम का होगा भव्य कायाकल्प, करीब 250 करोड़ रुपये से विकसित होगा विश्वस्तरीय धार्मिक परिसर

श्री चिंतपूर्णी जी (ऊना), 15 जून. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर विकास एवं विस्तारीकरण परियोजना की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य तुरंत प्रभाव से आरंभ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि माँ चिंतपूर्णी जी के आशीर्वाद से इस दिव्य धाम को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं श्रद्धालु-अनुकूल स्वरूप देने की दिशा में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। मंदिर के विकास, विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण पर करीब 250 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। परियोजना के तहत मंदिर के गर्भगृह की मूल संरचना एवं पवित्रता को सुरक्षित रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त विश्वस्तरीय परिसर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परियोजना की ड्राइंग एवं भूमि अधिग्रहण संबंधी कार्य लगभग पूर्ण हो चुके हैं और अब निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत शिलान्यास भी जल्द किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार देश के कई प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का आधुनिक सुविधाओं के साथ विस्तार एवं पुनर्विकास किया गया है तथा माता वैष्णो देवी और श्री वृंदावन धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक आधारभूत ढांचे का विकास किया गया है, उसी तर्ज पर माता श्री चिंतपूर्णी धाम का भी सुनियोजित एवं भव्य विकास किया जाएगा। मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हों और प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिले।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि परियोजना के प्रथम चरण के कार्य को अगले एक वर्ष के भीतर पूरा कर श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी और सभी प्रक्रियाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय जनता, मंदिर से जुड़े हितधारकों तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से भी इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के सफल क्रियान्वयन में सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि माँ चिंतपूर्णी जी के आशीर्वाद और सभी के सहयोग से यह परियोजना प्रदेश की धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से एक नई पहचान स्थापित करेगी।
इस अवसर पर श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा तथा ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी उपमुख्यमंत्री के साथ उपस्थित रहे। उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री को मंदिर विकास एवं विस्तारीकरण परियोजना की वर्तमान स्थिति तथा प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम अंब पारस अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर, उपमुख्यमंत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया।
विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी धाम प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।

प्रेस नोट

उपमुख्यमंत्री ने दिलाई पंचायत प्रधानों-उपप्रधानों को शपथ, विकास का दिया मंत्र

बोले- गांव समृद्ध होंगे तो हिमाचल भी समृद्ध होगा

विकास के लिए मिलकर आगे बढ़ने, नशे और भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान

ऊना, 15 जून. गांवों को विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि गांव मजबूत और समृद्ध होंगे तो हिमाचल भी समृद्ध होगा। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा, गरीब कल्याण, नशा उन्मूलन और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने तथा गांवों को विकास की नई दिशा देने का आह्वान किया।
सोमवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूरकलां में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उपमुख्यमंत्री ने ऊना जिले की 249 ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को पद-निष्ठा की शपथ दिलाई। समारोह में करीब 500 पंचायत जनप्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री अग्निहोत्री ने आह्वान किया कि सभी पंचायत प्रतिनिधि विकास और जनता के सवालों के समाधान के मामलों में राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि गांवों और ऊना के भविष्य के निर्माता हैं तथा अगले पांच वर्षों में गांवों को क्या दिशा मिलेगी, यह काफी हद तक उनकी कार्यशैली और सोच पर निर्भर करेगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान यदि किसी कारणवश कटुता पैदा हुई है तो उसे पीछे छोड़कर संवाद और सहयोग की नई शुरुआत करनी चाहिए। पंचायतों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए और हर पंचायत को विकास, शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण के क्षेत्र में आदर्श बनने का प्रयास करना चाहिए। गरीबों की सेवा, युवाओं के भविष्य का निर्माण और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना देश के तेजी से विकसित हो रहे जिलों में शामिल है। जिले में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से देश की महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क परियोजना स्थापित की जा रही है, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार समान रूप से एक-एक हजार करोड़ रुपये का योगदान दे रही हैं। इसके अतिरिक्त मलाहत में अत्याधुनिक पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के समग्र विकास और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रदेश सरकार लगभग 250 करोड़ रुपये व्यय करेगी। पहले चरण में इसमें सवा सौ करोड़ रुपये के करीब खर्चा जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि पात्र लोगों को पेंशन, आवास और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। निराश्रित बच्चों, जरूरतमंद परिवारों और कमजोर वर्गों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरती जाए।
उन्होंने कहा कि नशा निवारण को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है और पंचायतें इसमें अग्रणी भूमिका निभाएं। चिट्टे सहित किसी भी प्रकार के नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों का किसी स्तर पर संरक्षण या बचाव न किया जाए। उन्होंने कहा कि गांवों को नशामुक्त बनाने की जिम्मेदारी पंचायत प्रतिनिधियों को अपने कंधों पर लेनी होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशासनिक और न्यायिक अधिकार भी प्राप्त होंगे, इसलिए इनका उपयोग पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा पद का दुरुपयोग करने का प्रयास किया जाता है तो ऐसे मामलों को तुरंत संज्ञान लें। पंचायत प्रतिनिधि स्वयं भी अपने अधिकारों का उपयोग पूरी निष्पक्षता और ईमानदारी से करें।
उन्होंने जिला प्रशासन से भी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष का कार्यकाल जनसेवा का एक महत्वपूर्ण अवसर है और इस अवधि में लिए गए संकल्पों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस शपथ को महज एक औपचारिकता नहीं समझना चाहिए। भारत के लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत यह है कि पंच से प्रधानमंत्री तक सभी जनप्रतिनिधि जनता के मत से चुनकर आते हैं। लोगों ने जिस विश्वास के साथ पंचायत प्रतिनिधियों को चुनकर भेजा है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विधायक राकेश कालिया, सतपाल सत्ती, सुदर्शन बबलू और विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा, हिमाचल प्रदेश जल बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, हिमाचल पथ परिवहन निगम के सदस्य अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, एएसपी सुरेंद्र शर्मा,जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और उनके परिजन उपस्थित रहे।

प्रेस नोट

शिमला 13 जून, 2026

शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने रचा विकास का नया इतिहास – उपमुख्यमंत्री

उपमुख्यमंत्री ने पीटरहॉफ में नवाजे दसवीं और बारहवीं के मेधावी छात्र

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज पीटरहॉफ में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में पिछले कुछ दशकों के दौरान अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शामिल है और शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में भी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं का अभाव था तथा साक्षरता दर भी अत्यंत कम थी। विशेष रूप से महिलाओं की शिक्षा की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। लेकिन दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर के लिए एक आदर्श मॉडल बनकर उभरा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा प्रदर्शन में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए देश के शीर्ष राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने शिक्षा मंत्री और शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी विद्यालयों में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की पहल की है। इससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं और अवसरों के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। इसके लिए शिक्षकों के विशेष प्रशिक्षण और चयन की प्रक्रिया भी संचालित की जा रही है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में शिक्षा का व्यापक विस्तार हुआ है। राज्य में विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), नर्सिंग कॉलेजों तथा तकनीकी शिक्षण संस्थानों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पिछले वर्षों में बड़ी संख्या में डिग्री कॉलेज स्थापित किए गए हैं, जिससे विशेष रूप से छात्राओं को लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा का आधार भी लगातार मजबूत हुआ है। आज हिमाचल प्रदेश में कृषि, बागवानी, इंजीनियरिंग और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों से संबंधित अनेक प्रतिष्ठित संस्थान कार्यरत हैं। इन संस्थानों ने प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के प्रसार का सबसे बड़ा लाभ महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिला है। विद्यालयों और महाविद्यालयों की बढ़ती उपलब्धता के कारण छात्राओं की उच्च शिक्षा में भागीदारी बढ़ी है तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है।

उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीक, नवाचार और डिजिटल शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, कौशल और तकनीक का युग है। प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं और भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में जारी सुधारों और निवेश के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश आने वाले वर्षों में देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मॉडल के रूप में और अधिक मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

प्रेस नोट

08 जून 2026

दिन हो या रात, विकास कार्यों की निगरानी में लगातार सक्रिय उपमुख्यमंत्री.. कॉलेज, मंदिर, अस्पताल और पुल परियोजनाओं की परखी रफ्तार

हरोली(ऊना), 9 जून. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लगभग 12.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन हरोली कॉलेज भवन का दौरा कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं गति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए आधुनिक स्टेज, ओपन जिम, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन कोर्ट तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कैंपस कैफेटेरिया का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में बीए, बी.कॉम, बीसीए, बीबीए, बी.एससी. (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल) सहित एम.कॉम तथा राजनीति शास्त्र, अंग्रेज़ी, इतिहास एवं हिंदी विषयों में एम.ए. की पढ़ाई करवाई जा रही है। इसके अतिरिक्त इसी शैक्षणिक सत्र से पीजीडीसीए तथा बी.एससी. कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं भी आरंभ की जाएंगी। वहीं बॉटनी, केमिस्ट्री, फिजिक्स तथा जूलॉजी विषयों के लिए अत्याधुनिक मॉड्यूलर साइंस लैब्स स्थापित करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध होगी।
वहीं सोमवार देर रात्रि, उपमुख्यमंत्री ने ईसपुर में शीतला माता मंदिर के भव्य मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की । उन्होंने कहा कि शीतला माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा इसके भव्य स्वरूप के निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताहभर में हरोली विधानसभा क्षेत्र को स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन तथा आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सौगातें प्राप्त हुई हैं। प्रदेश सरकार ने हरोली पशु चिकित्सालय को अपग्रेड कर उप-मंडलीय पशु चिकित्सालय का दर्जा प्रदान किया है। इसके साथ ही वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी तथा मुख्य पशु चिकित्सा फार्मासिस्ट के पद भी सृजित किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर एवं आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इसी प्रकार हरोली में अतिरिक्त 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल भवन के निर्माण के लिए 8.42 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के पूर्ण होने से हरोली तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में संपर्क सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। चंदपुर खड्ड पर 3.87 करोड़ रुपये की लागत से चंदपुर और ललड़ी को जोड़ने वाले पुल का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। हरोली खड्ड पर लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बो-स्ट्रिंग पुल जनता को समर्पित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के महत्वाकांक्षी पंडोगा-त्युड़ी पुल सहित 14 नए पुलों का निर्माण विभिन्न चरणों में प्रगति पर है। 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले झलेड़ा-घालूवाल पुल का निर्माण कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा।
विकास की रफ्तार पर सीधी नजर
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए वह स्वयं परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिन हो या रात, जनता के हितों से जुड़े कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण लगातार जारी है, ताकि प्रत्येक परियोजना निर्धारित समयावधि में पूर्ण हो और लोगों को लाभ मिले।
.0.

प्रेस नोट

बैसाखी संग लोक रंग : राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026

विनय कुमार रहे दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि

ऊना, 12 अप्रैल. राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक, प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष विनय कुमार मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने उनका हार्दिक स्वागत किया। विधायक विवेक शर्मा भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विनय कुमार ने हरोली उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव अब राज्य स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है और क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व भी उन्हें इस आयोजन में आने का अवसर मिला था, लेकिन तब से अब तक इस मेले का स्वरूप अत्यंत भव्य हुआ है। आज लोगों की कई गुना अधिक भागीदारी इसकी सफलता की सशक्त पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि श्री अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली का विकास मॉडल पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली उत्सव जन-जन की भावनाओं से जुड़ा उत्सव है। उत्सव में उमड़ा जनसैलाब इसकी लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह मेला भविष्य में भी इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष एसडीएम विशाल शर्मा ने सभी अतिथियों का सम्मान किया।

दूसरी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी स्टार गायक जी खान और प्रभ गिल के नाम रही। दोनों कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरा पंडाल उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, प्रदेश महासचिव रणजीत राणा, हिमकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा डिक्की, एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, डीसी जतिन लाल, एसडीएम विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una CMO Himachal Mukesh Agnihotri Mukesh Agnihotri उप-मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश

प्रेस नोट

बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने बढ़ाई हरोली उत्सव की रौनक

ऊना, 12 अप्रैल: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के बीच बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। चार दिवसीय इस भव्य उत्सव में बच्चों से जुड़ी इस प्रतियोगिता को लेकर अभिभावकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस शो में नौनिहालों ने अपनी मासूमियत, आकर्षक परिधानों और मुस्कान से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में बच्चों का मूल्यांकन उनकी प्रस्तुति, स्वास्थ्य, सक्रियता और आत्मविश्वास के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ भाग लिया और उत्सव स्थल को उत्साहपूर्ण माहौल से भर दिया। आयोजकों द्वारा विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा, बेबी शो, डॉग शो, काफ़ शो के अलावा हरोली क्षेत्र से जुड़ी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे यह उत्सव क्षेत्र की संस्कृति और प्रतिभा का एक बड़ा मंच बन गया है।

यह बेबी शो न केवल बच्चों के प्रतिभा प्रदर्शन का माध्यम बना, बल्कि परिवारों के लिए मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का भी एक शानदार अवसर साबित हुआ।

ये हैं बेबी शो के विजेता

उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेबी शो के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस शो में कुल 38 प्रतिभागी रहे। आयु वर्ग 1-2 साल में रीवा, अवंतिका व रुद्रांश राणा क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान, 2 से 3 साल के आयु समूह में युविता प्रथम, अनुप्रिया द्वितीय व दिव्या तृतीय, आयु समूह 3 से 4 साल में विहान संदल पहले, विवान और शिवेक दूसरे व वैष्णवी ने तीसरे, जबकि 4 से 5 साल आयुवर्ग में परीक्षिका कंवर प्रथम, जानवी संदल द्वितीय तथा आदिती परमार तृतीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ सिंगारा सिंह, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, डॉ. पूजा, डॉ. हिमानी सहित अन्य चिकित्सा विभाग से सम्बन्धित स्टाफ मौजूद रहे।
–0–

प्रेस नोट

बैसाखी संग लोक रंग

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उत्सव में सजे बाजार, दुकानों व झूलों का किया अवलोकन
रंग-बिरंगे बाजार ने बढ़ाई उत्सव की रौनक, स्वाद और खरीदारी का अनूठा संगम

ऊना, 12 अप्रैल। उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 के अंतर्गत सजे बाजार, विभिन्न दुकानों और झूलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपमुख्यमंत्री ने उत्सव परिसर में लगे विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प वस्तुओं तथा फास्ट फूड स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हरोली उत्सव क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, साथ ही स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को व्यापक मंच प्रदान करता है।

उधर, उत्सव में सजा रंग-बिरंगा बाजार लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां पारंपरिक स्वाद और आधुनिक खान-पान का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हिमाचली सिड्डू की खुशबू के साथ राजस्थानी देसी व्यंजन, कचौरी, जलेबी और दाल-बाटी चूरमा लोगों को लुभा रहे हैं। वहीं पंजाबी छोले, कुलचे, भटूरे और टिक्की के स्टॉल भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। मोजिटो सहित विविध पेय पदार्थों के स्टॉल युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
खरीदारी के शौकीनों के लिए रेडीमेड कपड़ों, आकर्षक बर्तनों और पंजाबी जूते-चप्पलों के स्टॉल पर अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। बच्चों के लिए लगाए गए झूलों और किताबों के स्टॉल ने उत्सव में अलग ही रंग घोल दिया है, जहां नन्हे-मुन्ने पूरे उत्साह के साथ आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, इंडो फार्म ट्रैक्टर सहित आधुनिक कृषि उपकरणों के प्रदर्शन ने किसानों का ध्यान आकर्षित किया है। वहीं एल्युमीनियम मेटल से बने दरवाजे, खिड़कियां, दुकानों के शेल्फ और ऑफिस काउंटर तैयार करने वाली सामग्री के प्रदर्शनी काउंटर भी लगाए गए हैं, जो उत्सव को व्यापारिक और उपयोगी दृष्टि से भी विशेष बना रहे हैं।

इस दौरान एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को मेले की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। सोमभद्रा तट पर हरोली मैदान रोड़ा में सजे इस उत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय एवं बाहरी लोगों की उपस्थिति देखने को मिल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।–0–


प्रैस नोट

उपमुख्यमंत्री ने देवरी खनेटी में किया 38.08 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज कोटखाई के देवरी खनेटी में 38.08 करोड़ रुपए से तैयार की गई पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस 17 किलोमीटर लंबी योजना से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित होंगी।
उन्होंने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 300 करोड़ रुपए की जल परियोजनायें चल रही हैं जिन्हें जल्दी पूरा किया जाएगा।

उन्होंने 1 करोड़ 82 लाख रुपए से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी खनेटी का भी शुभारंभ किया। इस केंद्र के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की पानी, परिवहन व अन्य सम्बंधित विभागों से संबंधित सभी विकास की मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार, आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह व जुब्बल-कोटखाई को विकास की दृष्टि से ऊंचाइयों पर ले जाने वाले रामलाल ठाकुर को याद करते हुए कहा कि इन सभी के अथक प्रयासों से आज हिमाचल विकास की दृष्टि से हर पहलु पर आगे है और निरंतरता के साथ नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय विधायक और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के उनके लोगों के प्रति समर्पण भाव और कार्यों को पूर्ण करने की कुशलता की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के प्रति इनके दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वाहन करना ही इन्हें एक सशक्त व्यक्तित्व प्रदान करता है जो इन्हें अन्य से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि रोहित ठाकुर ने शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किया है चाहे शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना हो, प्रदेश के सरकारी स्कूलों को सी.बी.एस.ई में परिवर्तित करना हो या विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा व उपकरण उपलब्ध करवाना हो जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिसके लिए जुब्बल-कोटखाई के लोग बधाई के पात्र हैं।

उपमुख्यमंत्री ने दी विस क्षेत्र की सबसे बड़ी पेयजल योजना की सौग़ात – शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आज विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा क्षेत्र को सबसे बड़ी उठाऊ पेयजल योजना की सौगात दी है। यह एनडीबी के तहत एकमात्र योजना थी जिसके तहत 63 गाँव के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यहां पेयजल से संबंधित समस्या रहती थी जिसका आज निदान हुआ है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सबसे अधिक 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अतिरिक्त एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत हुआ। इसी कड़ी में देवरी खनेटी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आज जानता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के आशीर्वाद से ऐतिहासिक रिहाली मेला को जिला स्तरीय मेला का दर्जा दिया गया।
विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन सालों में जल शक्ति विभाग की 300 करोड़ रुपए की योजनायें चली हैं।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय कोटखाई में मिला, सब-जज कोर्ट मिला, वेटरनरी अस्पताल, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान और लगभग 172 सड़कें स्वीकृति हुई।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान शिक्षा विभाग को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं जिसके तहत प्रदेश में 151 सी.बी.एस.ई स्कूल की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त, विभाग में युवाओं को पक्की नौकरियां दी जा रही हैं। एन.ए.एस की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश, शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से तीसरे नंबर पर पहुँच गया है जोकि इस पहाड़ी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर है जोकि पूरे देश में सर्वाधिक है।

इस दौरान मोती लाल डेरटा, राणा साहब खनेटी ओमकार चंद, उपमंडल दंडाधिकारी कोटखाई अभिषेक भरवाल, डीएसपी, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
-०-

प्रेस नोट

23 मार्च 2026

मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 25 करोड़ रुपए की योजनाओं का किया शिलान्यास

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है और आज जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है, को समयबद्ध सीमा में पूरा किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कशमीरपुर के मलपुर में 13.36 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाली 11 नलकूप आधारित सिंचाई योजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इससे पूर्व में नालागढ़ में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बद्दी स्थित नालागढ़ के कार्यालय एवं अवासीय परिसर की आधारशिला रखी। इस परिसर के निर्माण पर 11.24 करोड़ रुपए व्यय होंगे। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छ जल सभी का अधिकार है और प्रदेश सरकार जन-जन को स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पानी जीवन के लिए महत्वपूर्ण है और जल का संरक्षण कर ही हम सभी के लिए जल सुनिश्चित बना सकते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति मण्डल नालागढ़ के तहत 120 पेयजल योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। इस मण्डल की सभी 758 बस्तियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। नालागढ़ जल शक्ति मण्डल के तहत 170 सिंचाई योजनाएं भी कार्यान्वित की जा रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व हैरिटेज पार्क नालागढ़ में जीर्णोद्धार उपरांत हैरिटेज कैफे का शुभारम्भ किया। इस कैफे का निर्माण नालागढ़ हैरिटेज सोसायटी द्वारा किया गया है। आज शिलान्यास की गई नलकूप आधारित सिंचाई योजना से स्थानीय 09 ग्राम पंचायतों के 11 गांव को लाभ होगा। इस परियोजना के अंतर्गत गुरदासपुरा, मलपुर, दुगरी, सल्लेवाल, मस्तानपुरा, रत्योड़, सौड़ी गुज्जरां, नंगल ढक्का, नंगल कूहल-1, नंगल कूहल-2 तथा भटौली गांव लाभान्वित होंगे। नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने क्षेत्र में हुए विकास की जानकारी दी और समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि वह निरंतर विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के निदान के लिए प्रयासरत हैं। दून के विधायक राम कुमार चौधरी, कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हुसन चंद ठाकुर, यूथ कांग्रेस के नानी चौधरी, नालागढ़ ट्रक आपरेटर यूनियन के प्रधान विद्या रतन चौधरी, प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष रवि शर्मा, ग्राम पंचायत कश्मीरपुरा की पूर्व प्रधान गुरमीत कौर, ग्राम पंचायत बरुणा के पूर्व प्रधान गुरमीत कौर जग्गा, परिवहन विभाग के निदेशक डी.सी. नेगी, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, शिमला जोन के मुख्य अभियंता मुकेश हीरा, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, परिवहन विभाग के अतिरिक्त निदेशक एस.डी. नेगी, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ नरेन्द्र आहलूवालिया, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी बद्दी विपीन गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन सुरेन्द्र राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।.0.

YouTube
YouTube
Instagram