प्रेस नोट

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृति में भावपूर्ण जागरण का आयोजन
ऊना, 13 फरवरी. शिक्षा और समाज सेवा में अतुलनीय योगदान देने वाली स्वर्गीय प्रो. (डॉ.) सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्य स्मृति में बुधवार रात हरोली के बाथू स्थित राजीव गांधी सुविधा केंद्र में माता रानी के जागरण का आयोजन किया गया। इस भावपूर्ण आयोजन में प्रसिद्ध गायक रोशन प्रिंस और अनंतपाल बिल्ला ने अपने भजन-कीर्तन से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।


गौरतलब है कि बीते वर्ष 12 फरवरी को प्रो. (डॉ.) सिम्मी अग्निहोत्री ने माता रानी का जागरण करवाने का संकल्प लिया था, लेकिन दुर्भाग्यवश जागरण से तीन दिन पूर्व उनका आकस्मिक निधन हो गया, जिससे यह संकल्प अधूरा रह गया था। उनकी स्मृति और अधूरे संकल्प को पूरा करने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री ने इस वर्ष उसी दिन, समय और स्थान पर जागरण का आयोजन किया। माता श्री ज्वाला जी मंदिर से पवित्र ज्योति लाकर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ स्थापित की गई।


इस आयोजन में समाज जीवन के हर क्षेत्र की विशिष्ट और श्रेष्ठ विभूतियों सहित आमजन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, उपाध्यक्ष विनय कुमार, आयुष मंत्री यादविंदर गोमा, कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा, हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, मंडी सदर से कांग्रेस नेता चम्मा ठाकुर, ऊना कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रणजीत राणा, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों, परिवारजनों और श्रद्धालुओं ने माता के जागरण में भाग लिया। उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की धार्मिक निष्ठा और उनकी अधूरी इच्छा को पूर्ण करने के लिए किया गया। प्रो. सिम्मी माता रानी की अनन्य भक्त थीं। लगातार पांच बार विधायक के रूप में रिकॉर्ड मतों से विजयी रहे श्री अग्निहोत्री की सफलता में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। हर चुनावी विजय के उपरांत प्रो. सिम्मी नंगे पांव माता चिंतपूर्णी, माता ज्वालामुखी और माता बगलामुखी के दर्शन के लिए घर से पैदल निकलती थीं। उनकी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने मां के निधन के उपरांत पिछले मार्च में उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप अपने निवास गोंदपुर जयचंद से माता चिंतपूर्णी के दरबार तक नंगे पांव पैदल यात्रा की थी।
एक महान शिक्षाविद और सच्ची समाजसेवी थीं प्रो. सिम्मी
29 सितंबर 1968 को मंडी में जन्मीं प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का नाम शिक्षा के आकाश में एक नक्षत्र की तरह चमकता रहेगा। वे 9 फरवरी 2024 को अपनी सांसारिक यात्रा पूरी करके माता रानी की दिव्य ज्योति में विलीन हो गईं। अपने छोटे से जीवन काल में उन्होंने अनेक अकादमिक उपलब्धियां अर्जित कीं, जो अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर भारतीय शिक्षा का प्रतिनिधित्व करती हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्याल; में पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की प्रोफेसर के रूप में अपने ज्ञान और अनुभव से उन्होंने अनगिनत जीवनों को रोशन किया। साथ ही वे समाज सेवा के क्षेत्र में जीवन पर्यन्त तत्परता से जुटी रहीं। नशे के खिलाफ आंदोलन, सड़क सुरक्षा अभियान, सामाजिक कार्य में सहभागिता तथा हर क्षेत्र में उनकी सहभागिता समाज सेवा के कार्य में उनकी लगातार सक्रियता की बानगी रहे।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

12 फरवरी 2025

संत गुरु रविदास की शिक्षाओं को आत्मसात करने की आवश्यकता: मुकेश अग्निहोत्री

उप-मुख्यमंत्री ने गोंदपुर जयचन्द में गुरु रविदास की जयंती समारोह में की शिरकत

गोंदपुर जयचन्द बस्ती में सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि की स्वीकृत

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज गोंदपुर जयचन्द में संत गुरु रविदास की जयंती पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर नौजवान सभा गोंदपुर जयचंद द्वारा आयोजित किए गए समारोह में भाग लेते हुए उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवनकाल में समानता, सामाजिक न्याय और भाईचारे के सिद्धांतों को बढ़ावा दिया था। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और हमें एकता, समरसता और सामाजिक न्याय की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करती हैं। हमें उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए।उन्होंने कहा कि समाज को संत गुरु रविदास की सकारात्मक शिक्षाओं पर चलने की आवश्यकता है। उनकी शिक्षाओं पर चलकर आदर्श समाज का निर्माण किया जा सकता है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिबद्धता से धार्मिक स्थलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में मंदिरों के निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास मन्दिर भदसाली कोे 50 लाख रुपये, सलोह के लिए 25 लाख रुपये, धनपुर के लिए 15 लाख रुपये, पंजावर के लिए 15 लाख रुपये, वालीवाल के लिए 15 लाख रुपये, ललड़ी के लिए 25 लाख रुपये और श्रीचरणो मन्दिर बडेडा के लिए 15 लाख रुपये दिए है। इसके साथ, हरोली में संत गुरु रविदास मन्दिर की सरायं निर्मित करनेे के लिए 10 लाख रुपये दिए है।उन्होंने कहा कि बाबा सिद्ध जलंधरी के लिए 25 लाख प्रदान किए गए हैं और बीटन की कुटीया निर्माण के लिए 25 लाख रुपये दिए है। संत बाबा डांगू वाले को 25 लाख रुपये दिए है। सलोह में कुटिया के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की राशि जारी की है। बाबा बाल जी के मन्दिर के लिए 25 लाख रुपये जारी किए है। बनोडे महादेव मन्दिर भडाला के लिए 25 लाख रुपये जारी किए गए है। इसपुर में पांच करोड़ रुपये की लागत से शीतला मन्दिर का निर्माण किया जा रहा है। दमामियो मन्दिर की सड़क के लिए 8 करोड़ रुपये जारी किए है। दुलैहड़ में रवि दास मन्दिर के लिए 25 लाख रुपये जारी किये गए हैं।मुकेश अग्निहोत्री ने गोंदपुर जयचन्द में नवनिर्मित वर्षा शालिका के नजदीक सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है और हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। इस विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का निर्माण, सिंचाई के लिए ट्यूब वेल और तलाब निर्मित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की जनसहभागिता से बाथु में 70 करोड़ रुपये की लागत से सिंचाई परियोजना निर्मित की जा रही है। जल शक्ति विभाग मंे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहा है और आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे आ रही हैं। उन्होंने कार्यक्रम में मंच का संचालन कर रही बेटियों को प्रोत्साहन प्रदान करते हुए 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर आयोजन समिति द्वारा उप-मुख्यमंत्री को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत गोंदपुर जयचन्द के प्रधान अनुप अग्निहोत्री, उप-प्रधान करनेल सिंह, डॉ. भीमराव अम्बेडकर नौजवान सभा के प्रधान जगमोहन सिंह, उप-प्रधान परमजीत सिंह, पुबोवाल के पूर्व-प्रधान बाबा सन्तोष दास व अन्य गणमान्य उपस्थित थे। .0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

प्रो. (डॉ.) सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्यतिथि पर उपमुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर अर्पित किए श्रद्धासुमन, ऊना में लंगर सेवा आयोजित

ऊना, 9 फरवरी। शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाली प्रो. (डॉ.) सिम्मी अग्निहोत्री की प्रथम पुण्यतिथि पर आज (रविवार) उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, हरोली में उनकी नव स्थापित प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने अपनी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा उनकी स्मृति में कॉलेज परिसर में एक पौधा भी रोपा।गौरतलब है कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नीस्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री न केवल एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् थीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण भी अद्वितीय था। गत वर्ष 9 फरवरी 2024 को प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का देहावसान हुआ था। वे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में लोक प्रशासन की प्रोफेसर थीं और प्रदेश में शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका विशिष्ट योगदान रहा। उनके शोध व शिक्षण कार्यों ने शिक्षा जगत में अमिट छाप छोड़ी, जिससे अनगिनत विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिली। समाज सेवा के प्रति समर्पित प्रो. सिम्मी ने आस्था फाउंडेशन के माध्यम से गरीबों की सहायता, नशा विरोधी आंदोलन, सड़क सुरक्षा अभियान जैसे सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई।शिक्षा और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को देखते हुए हरोली कॉलेज में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है, जो आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की याद दिलाती रहेगी।

क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में लंगर सेवा का आयोजन

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्यतिथि पर क्षेत्रीय अस्पताल, ऊना में लंगर सेवा का आयोजन किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री और भाई राकेश अग्निहोत्री ने स्वयं मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को भोजन परोसा।इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत रही है। वे हमेशा बीमारों, गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के प्रति समर्पित रहीं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ इस लंगर सेवा का आयोजन किया गया है।उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और प्रो. सिम्मी के योगदान को याद करते हुए कहा कि समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा एवं समर्पण हमेशा प्रेरणादायी रहेगा।-0-

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री राधाकृष्ण मंदिर के वार्षिक महासम्मेलन महाउत्सव में लिया भाग

भव्य शोभायात्रा में हुए सम्मिलित

बाबा बाल जी महाराज आश्रम से श्री वृंदावन के लिए एचआरटीसी बस सेवा की घोषणा

ऊना, 5 फरवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को ऊना के कोटला कलां स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर समिति द्वारा आयोजित वार्षिक महासम्मेलन महाउत्सव में भाग लिया। उन्होंने वहां मंदिर में माथा टेका और राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धाभाव से भगवान श्री राधा कृष्ण की पालकी उठाई और भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित हुए।

भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत शोभायात्रा

राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज की अगुवाई में श्री राधाकृष्ण मंदिर कोटला कलां द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति-भाव से ओतप्रोत होकर शामिल हुए। इस दौरान भजन सम्राट संत चित्र-विचित्र महाराज के भक्तिमय भजनों ने समूचे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

हर वर्ष आयोजित होता है दिव्य धार्मिक समागम

गौरतलब है कि श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां में हर वर्ष 1 से 12 फरवरी तक दिव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया जाता है। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ श्री राधाकृष्ण जी के श्रीविग्रह स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ऊना शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है।

श्री वृंदावन के लिए एचआरटीसी बस सेवा की घोषणा

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बाबा बाल जी महाराज आश्रम से श्री वृंदावन के लिए एचआरटीसी बस सेवा शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ऊना धार्मिक नगरी है और यहां के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों व मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर सरकार का पूरा ध्यान है।

उन्होंने कहा कि हम धर्म में आस्था रखने वाले लोग हैं। हाल ही में उन्होंने वृंदावन-मथुरा जाने का अवसर मिला, जहां उन्होंने मंदिरों की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इसी तरह, तीर्थराज प्रयाग में महाकुंभ के ऐतिहासिक अवसर पर पवित्र स्नान का सौभाग्य प्राप्त हुआ और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वहां मंदिरों में जो व्यवस्थाएं अनुकरणीय हैं, उनका अवलोकन भी किया।

12 फरवरी को माता के जागरण के लिए आमंत्रण

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने बाबा बाल जी महाराज और उपस्थित भक्तजनों को 12 फरवरी को बाथू में राजीव गांधी सामुदायिक भवन के सभागार में आयोजित माता के जागरण में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि उनकी धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री ने पिछले वर्ष इसी दिन जागरण रखा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और वह 9 फरवरी को स्वर्ग सिधार गईं। उनकी इच्छा की पूर्ति के लिए इस वर्ष उसी तारीख और समय पर यह आयोजन किया जा रहा है।

.0.

प्रेस नोट

प्रयागराज, 02 फरवरी.

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बसंत पंचमी पर महाकुंभ में लगाई पवित्र डुबकी

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज बसंत पंचमी के पावन अवसर पर महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। इस अवसर पर डेरा बाबा रुद्रा नंद नारी, ऊना के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 हेमानंद जी महाराज की पावन उपस्थिति रही। उप मुख्यमंत्री की पुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री भी इस पुण्य अवसर पर उनके साथ रहीं।

तीर्थराज प्रयाग में संगम तट पर पावन डुबकी लगाते हुए उप मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का संगम स्थल अध्यात्म, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र है, जहां आकर मन को अपार शांति और आत्मिक संतोष की अनुभूति होती है।

इस अवसर पर श्री अग्निहोत्री ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का दर्शन हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है तथा समाज में सद्भाव और एकता का संदेश फैलाता है।

संगम स्नान के पश्चात उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया और स्थानीय श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी आस्था व भावनाओं को जाना।

वे कल प्रयागराज और वाराणसी में विभिन्न मंदिरों में दर्शन एवं वहां व्यवस्थाओं का भी अवलोकन करेंगे।

प्रेस नोट

शिमला 1 फरवरी, 2025उप-मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त कियाउप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि किशन कपूर ने अपने राजनीतिक जीवन में कड़े संघर्ष किए और सदैव उच्च आदर्शों पालन किया। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि किशन कपूर द्वारा लोगों के कल्याण और प्रदेश के विकास में उल्लेखनीय योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।.0.

प्रेस नोट

स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की प्रथम पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

ऊना, 29 जनवरी. प्रख्यात शिक्षाविद् और समाजसेवी स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की प्रथम पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके योगदान को स्मरण करते हुए, परिवार, मित्रों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने उनके प्रति अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रो. अग्निहोत्री के पति उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने बुधवार को गोंदपुर जयचंद स्थित अपने आवास पर पूरे विधि-विधान से वार्षिक श्राद्ध अनुष्ठान संपन्न किया। इस अवसर पर समाज जीवन के हर वर्ग से जुड़े लोग  प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को  श्रद्धासुमन अर्पित करने पहुंचे। दिनभर उनके प्रति सम्मान प्रकट करने वालों का तांता लगा रहा।

कार्यक्रम में चंबा सदर के विधायक नीरज नैयर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, परिवहन प्राधिकरण के सदस्य धमेंद्र धामी, रणजीत राणा और अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।

शिक्षा और समाज सेवा के प्रति अद्वितीय समर्पण

स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री न केवल एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् थीं, बल्कि समाज सेवा के प्रति भी गहरा समर्पण रखती थीं। उनका मानना था कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत उन्नति तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे समाज के उत्थान का माध्यम भी बनना चाहिए। उन्होंने आस्था फाउंडेशन के माध्यम से गरीबों की सहायता, नशा विरोधी आंदोलन, सड़क सुरक्षा अभियान और कई अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व

29 सितंबर 1968 को जन्मी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री ने 9 फरवरी 2024 को अपनी सांसारिक यात्रा पूरी की। वे हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में लोक प्रशासन की प्रोफेसर थीं और उनकी विद्वता, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान को पूरे प्रदेश में सम्मान प्राप्त था। उनके शिक्षण और शोध कार्यों ने शिक्षा जगत पर अमिट छाप छोड़ी, जिससे अनगिनत विद्यार्थियों को मार्गदर्शन और प्रेरणा मिली।.0.

प्रेस नोट

हिमाचल सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध : उपमुख्यमंत्री

ऊना, 27 जनवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि गांवों में डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता हो, जिससे लोगों को घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उपमुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से भी आग्रह किया कि वे ग्रामीण इलाकों में सेवाएं देने के लिए अपना योगदान दें ताकि जनसामान्य को इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
यह बात उन्होंने सोमवार को सिविल अस्पताल हरोली में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एक्सरे और अल्ट्रासाउंड मशीनों के लोकार्पण के अवसर पर आयोजित जनसभा में कही। उन्होंने बताया कि हरोली अस्पताल को 50 से 100 बेड का अस्पताल किया गया है और यहां 13 डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, अस्पताल के नए भवन के निर्माण पर लगभग 8.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

अस्पताल के लिए एंबुलेंस, एनालाइजर और सैल काउंटर की घोषणा

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल को स्वर्गीय प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री के नाम पर एक अत्याधुनिक एंबुलेंस देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पूर्णतः स्वसंचालित एनालाइजर और सैल काउंटर स्थापित करने की भी घोषणा की।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए उदारतापूर्वक फंडिंग कर रही है। ऊना जिले के मलाहत में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विकास कार्यों के लिए पूरी मदद की जा रही है।

देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे विधानसभा क्षेत्रों में शुमार है हरोली

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल है। हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यहां सिविल अस्पताल के अलावा बदसाली, दुलैहड़, बीटन और कुंगड़त में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोले गए हैं। खड्ड, सलोह, बढ़ेड़ा, कुठाड़ और पंजावर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। जल्द ही पंजावर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा, और बालीवाल में एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला जाएगा।
उन्होंने कहा कि हरोली में स्थित प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज में आधुनिक समय की जरूरतों के अनुरूप पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से यह नए कोर्स उपलब्ध होंगे, ताकि क्षेत्र के बच्चे हर प्रकार की प्रतिस्पर्धा में सफलतापूर्वक भाग ले सकें और बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।

हरोली क्षेत्र में चल रहे अन्य विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली बस अड्डे का निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। क्षेत्र में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से जलशक्ति विभाग का विश्राम गृह बनाया जा रहा है। साथ ही, पंडोगा-त्यूड़ी पुल का निर्माण लगभग 52 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है।
हरोली के ऊना-हरोली पुल को ‘इंजीनियरिंग मार्वल’ बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने इसे एक व्यावसायिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुल के दोनों ओर फूड मार्केट विकसित की जाएगी, जहां स्वयं सहायता समूह अपने उत्पाद बेच सकेंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था पर भी जोर देते हुए कहा कि ऊना जिले में शांति बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अवैध खनन और नशे के कारोबार पर ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि किसी भी दबाव के बिना अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. वर्मा, एमएस डॉ. संजय मनकोटिया और बीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र राणा ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया और स्वास्थ्य क्षेत्र में की गई घोषणाओं के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, एसडीएम विशाल ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
.0

प्रेस नोट

गणतंत्र दिवस पर बासंती रंगों में खिला ऊना

जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज़

प्रदेश में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर खर्चे जा रहे 4500 करोड़ – मुकेश अग्निहोत्री

सौर ऊर्जा कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा जिला ऊना
ऊना, 26 जनवरी। भारत के 76वें गणतंत्र दिवस पर ऊना जिला बासंती रंगों में खिला दिखा। इस उपलक्ष्य पर राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना के मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस व होमगार्ड की महिला तथा पुरुष टुकड़ियों और एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड्स के कैडेट्स द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ। उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।उन्होंने कहा कि संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की शक्ति संविधान में ही निहित है।


जलशक्ति से जन जीवन में समृद्धि
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जलशक्ति से जन जीवन में समृद्धि लाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। प्रदेश में पेयजल और सिंचाई के कार्यों पर लगभग 4 हजार 500 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं। वहीं, ऊना जिले में पेयजल और सिंचाई की करीब एक हज़ार करोड़ की स्कीमों के काम चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है जिसके लिए जलशक्ति विभाग में ही प्रदेश में 10 हजार भर्तियां की जा रही हैं।


सौर ऊर्जा कैपिटल ऊना
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना का नाम देश में सबसे तेज गति से तरक्की करने वाले जिलों में है। हम यहां विकास को और रफ्तार देने के लिए वचनबद्ध हैं। ऊना को सौर ऊर्जा कैपिटल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिले में लगभग 153 मेगावाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट स्थापित हो रहे हैं। ये प्रोजेक्ट लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत के हैं। ऊना के पेखूबेला में 32 मेगावॉट की सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की गई है। 10 मेगावाट की अघलोर सौर ऊर्जा परियोजना और 5 मेगावॉट की भंजाल सौर ऊर्जा परियोजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी लोग सौर ऊर्जा परियोजना लगाने को आगे आ रहे हैं। लगभग 80 मेगावॉट क्षमता के प्रोजेक्ट निजी क्षेत्र में लग रहे हैं।
बल्क ड्रग पार्क परियोजना एक क्रांतिकारी शुरुआत
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में 2 हजार करोड़ से बन रही बल्क ड्रग पार्क परियोजना ना केवल हमारे जिले बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक क्रांतिकारी शुरुआत है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार 1-1 हजार करोड़ का पूंजी निवेश करेंगी। बल्क ड्रग पार्क परियोजना से जुड़े जलशक्ति विभाग के 66 करोड़ रुपये के कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। इसका बिजली का काम जारी हैं। 450 करोड़ से ज्यादा के कामों के टेंडर लगाए जा रहे हैं।


विश्व स्तरीय टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा कुटलैहड़
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गोविंद सागर लेक के साथ पर्यटन को बढ़ावा देकर कुटलैहड़ को विश्व स्तरीय टूरिज्म डेस्टीनेशन के तौर पर विकसित किया जाएगा । इसे लेकर जल्द ही बहुआयामी कदम उठाएं जाएंगे।
इसके अलावा ऊना जिले के मलाहत में बनाए जा रहे पीजीआई सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही लोगों इसकी सुविधा मिलनी आरंभ हो इसके लिए प्रदेश सरकार पूर्णरूप से सहयोग कर रही है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना में करीब 1500 करोड़ रुपये से स्वां नदी के चैनेलाइजेशन काम किया गया है। इससे हजारों एकड़ जमीन रीक्लेम हुई और किसानों को इसका बड़ा फायदा मिला है। इसके अलावा ऊना में ट्रिपल आईटी जैसे प्रतिष्ठित सस्ंथान हैं, जो शिक्षा और रिसर्च के क्षेत्र में ऊना की वैश्विक पहचान बना रहे हैं।


250 करोड़ बनेगा माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर का सुंदर भवन
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर को भव्य रूप देने के लिए हम करीब 250 करोड़ रुपये से मंदिर का सुंदर भवन बनाने जा रहे हैं। इसके अलावा वहां श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने समेत अन्य विकास कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने ऊना शहरवासियों को नगर निगम का दर्जा मिलने के लिए बधाई भी दी और नगर निगम को पूर्ण आकार देने के लिए सभी लोगों से अपनी सहभागिता देने की अपील भी की।


एचआरटीसी में 700 नई बसें जल्द
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम राज्य की जीवन रेखा की तरह कार्य कर रहा है। लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना निगम का सर्वोच्च दायित्व है। इसलिए एचआरटीसी की कार्यशैली को दक्ष बनाने के लिए नवीन प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। लोगों को यात्रा करने अच्छी सुविधा मिल सके इसके लिए प्रदेश सरकार 700 नई बसों की खरीद करने जा रही है।


शिमला में बनेगा विश्व का दूसरा सबसे लंबा रोप-वे नेटवर्क
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश रोप-वे निर्माण की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। देश का दूसरा सबसे लम्बा रोप-वे 1734 करोड़ रूपये की लागत से शिमला में बनाया जा रहा है। इसकी टैंडर प्रक्रिया को मार्च तक पूर्ण कर जिला जाएगा। यह भारत की सबसे बड़ी रोप-वे नेटवर्क परियोजना होने के साथ ही विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रोपवे नेटवर्क परियोजना बनेगी।


871 करोड़ की मंदली-लठियाणी सड़क व पुल परियोजना
उन्होंने कहा कि ऊना जिला में सड़क नेटवर्क को और मजबूत प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। बंगाणा में लगभग 871 करोड़ की लागत से मंदली-लठियाणी पुल व सड़क निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा 52 करोड़ रुपये से पंडोगा-त्यूड़ी पुल और 44 करोड़ से लोहारली-चुरुड़ु पुल का निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर रोड़ नेटवर्क की सुविधा मिल सके। इसके साथ ही ऊना जिले में 228 करोड़ की लागत से करीब 11 पुलों का निर्माण किया जा रहा है।


सुदृढ़ सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना जिले में नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। जिले में तमंचे की धमकियां देकर दहशत फैलाने और फिरौती मांगने वालों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इसमें नागरिकों और कारोबारियों को घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार उनकी सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन को जिले में शांति व्यवस्ािा बिगाडत्रने की मंशा रखने वालों से सख्ती से निपटने को कहा गया है। अवैध खनन करने वालों के साथ पूरी कड़ाई के साथ निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला में अवैध खनन और चिटटे पर जीरों टोलरेंस नीति अपनाई गई है। बिना किसी दबाव के प्रशासन और पुलिस को अवैध खनन और चिट्टे के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायतों में विकास और निर्माण कार्यों के लिए वैधानिक परिधि में निर्माण सामग्री की उपलब्धता तय बनाई जाएगी।
इसके अलावा पीपल-बड़ और आम जैसे पेड़ों के कटान पर पूर्ण प्रतिबंद्ध लगाया गया है । यह प्रकृति के साथ-साथ हमारी श्रद्धा और संस्कृति से जुड़ा विषय है। ऐसे बड़े पेड़ों को काटने की छूट नहीं दी जा सकती। भ्रष्टाचार पर प्रदेश सरकार सरकार दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है। गलत काम करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित
उपमुख्यमंत्री ने समारोह में 28 आरआर के शहीद नायक दिलवर खान की पत्नी जमीला खान व परिजनों और 4 डोगरा के शहीद कुलविंदर सिंह की धर्मपत्नी कंचन तथा उनके बच्चों को सम्मानित किया। बता दें, बंगाणा के घरवासड़ा गांव के शहीद नायक दिलवर खान पिछले साल 24 जुलाई 2024 को जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में आतंकवादियों से संघर्ष करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनके लिए भारत सरकार ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र प्रदान करने की घोषणा की है।
वहीं, पंडोगा के शहीद कुलविंदर सिंह 4 जून 2024 को जम्मू कश्मीर के सुंदरमणी में आतंकियों से लोहा लेते बलिदान हुए थे।


इस मौके उपमुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस का लकी ड्रॉ भी निकाला।
सांस्कृतिक रंगों की अद्भुत छटा
हिमाचल के साथ साथ अन्य प्रांतों के विविध सांस्कृतिक रंगों की सुंदर आभा ने समारोह को चार चांद लगा दिए। उत्तराखंड से आए सांस्कृतिक दल ने मशहूर पारंपरिक छपेली नृत्य की प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध किया तो, सिरमौर के सांस्कृतिक दल ने सिंहटु नृत्य पेश कर सबका मन मोह लिया। समारोह में प्रदेश के सुप्रसिद्ध म्यूजिकल बैंड अभिज्ञा ने भी शानदार प्रस्तुति दी। वहीं हिमकैप्स नर्सिंग कॉलेज बढ़ेड़ा की छात्राओं ने गिद्दा, ऊना छात्र स्कूल के बच्चों ने भांगड़ा और माउंट कार्मेल स्कूल के बच्चों ने देश भक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से वाह वाही बटोरी। एकलव्य कला मंच ने साइबर क्राइम पर जागरूकता को लेकर नुक्कड़ प्रस्तुत किया।


विकास झांकियां बनीं आकर्षण
इस दौरान प्रदेश सरकार की योजनाओं पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं, जिनमें मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा से संबंधित योजनाओं पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा स्कूल परिसर में विकास की उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनियां भी लगाई गई थी।
इस मौके विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने एमसी पार्क स्थित शहीद स्मारक में जाकर अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।


ये रहे उपस्थित
इस मौके पर ऊना के विधायक सतपाल सत्ती, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, पूर्व विधयाक सतपाल सिंह रायजादा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा, डॉ. आस्था अग्निहोत्री, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सदस्य रणजीत राणा, और अशोक ठाकुर, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारी, जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
-0-

YouTube
YouTube
Instagram