प्रेस नोट

06 अप्रैल 2026

उपमुख्यमंत्री ने देवरी खनेटी में किया 38.08 करोड़ की उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज कोटखाई के देवरी खनेटी में 38.08 करोड़ रुपए से तैयार की गई पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन किया। इस 17 किलोमीटर लंबी योजना से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित होंगी।उन्होंने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 300 करोड़ रुपए की जल परियोजनायें चल रही हैं जिन्हें जल्दी पूरा किया जाएगा।उन्होंने 1 करोड़ 82 लाख रुपए से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी खनेटी का भी शुभारंभ किया। इस केंद्र के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।

उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों की पानी, परिवहन व अन्य सम्बंधित विभागों से संबंधित सभी विकास की मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार, आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह व जुब्बल-कोटखाई को विकास की दृष्टि से ऊंचाइयों पर ले जाने वाले रामलाल ठाकुर को याद करते हुए कहा कि इन सभी के अथक प्रयासों से आज हिमाचल विकास की दृष्टि से हर पहलु पर आगे है और निरंतरता के साथ नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुकेश अग्निहोत्री ने स्थानीय विधायक और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के उनके लोगों के प्रति समर्पण भाव और कार्यों को पूर्ण करने की कुशलता की सराहना करते हुए कहा कि लोगों के प्रति इनके दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वाहन करना ही इन्हें एक सशक्त व्यक्तित्व प्रदान करता है जो इन्हें अन्य से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि रोहित ठाकुर ने शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किया है चाहे शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना हो, प्रदेश के सरकारी स्कूलों को सी.बी.एस.ई में परिवर्तित करना हो या विद्यालयों में आधुनिक शिक्षा व उपकरण उपलब्ध करवाना हो जैसे कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं जिसके लिए जुब्बल-कोटखाई के लोग बधाई के पात्र हैं।

उपमुख्यमंत्री ने दी विस क्षेत्र की सबसे बड़ी पेयजल योजना की सौग़ात – शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि आज विधानसभा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विधानसभा क्षेत्र को सबसे बड़ी उठाऊ पेयजल योजना की सौगात दी है। यह एनडीबी के तहत एकमात्र योजना थी जिसके तहत 63 गाँव के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि यहां पेयजल से संबंधित समस्या रहती थी जिसका आज निदान हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सबसे अधिक 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अतिरिक्त एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत हुआ। इसी कड़ी में देवरी खनेटी का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आज जानता को समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास के हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के आशीर्वाद से ऐतिहासिक रिहाली मेला को जिला स्तरीय मेला का दर्जा दिया गया। विधानसभा क्षेत्र में पिछले तीन सालों में जल शक्ति विभाग की 300 करोड़ रुपए की योजनायें चली हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय कोटखाई में मिला, सब-जज कोर्ट मिला, वेटरनरी अस्पताल, आदर्श स्वास्थ्य संस्थान और लगभग 172 सड़कें स्वीकृति हुई।उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान शिक्षा विभाग को बेहतर बनाने के प्रयास किए गए हैं जिसके तहत प्रदेश में 151 सी.बी.एस.ई स्कूल की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त, विभाग में युवाओं को पक्की नौकरियां दी जा रही हैं। एन.ए.एस की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश, शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान से तीसरे नंबर पर पहुँच गया है जोकि इस पहाड़ी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर है जोकि पूरे देश में सर्वाधिक है।इस दौरान मोती लाल डेरटा, राणा साहब खनेटी ओमकार चंद, उपमंडल दंडाधिकारी कोटखाई अभिषेक भरवाल, डीएसपी, विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।-०-

प्रेस नोट

बैसाखी संग लोक रंग : राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026

विनय कुमार रहे दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि

ऊना, 12 अप्रैल. राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से विधायक, प्रदेश विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष विनय कुमार मुख्य अतिथि रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने उनका हार्दिक स्वागत किया। विधायक विवेक शर्मा भी इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विनय कुमार ने हरोली उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव अब राज्य स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है और क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 10 वर्ष पूर्व भी उन्हें इस आयोजन में आने का अवसर मिला था, लेकिन तब से अब तक इस मेले का स्वरूप अत्यंत भव्य हुआ है। आज लोगों की कई गुना अधिक भागीदारी इसकी सफलता की सशक्त पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि श्री अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली का विकास मॉडल पूरे प्रदेश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली उत्सव जन-जन की भावनाओं से जुड़ा उत्सव है। उत्सव में उमड़ा जनसैलाब इसकी लोकप्रियता और सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह मेला भविष्य में भी इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष एसडीएम विशाल शर्मा ने सभी अतिथियों का सम्मान किया।

दूसरी सांस्कृतिक संध्या पंजाबी स्टार गायक जी खान और प्रभ गिल के नाम रही। दोनों कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरा पंडाल उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, प्रदेश महासचिव रणजीत राणा, हिमकोफेड के अध्यक्ष विक्रम शर्मा डिक्की, एससी आयोग के सदस्य विजय डोगरा, कांग्रेस नेता अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, डीसी जतिन लाल, एसडीएम विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Himachal Pradesh Information And Public Relations Department, Himachal Pradesh DC Una CMO Himachal Mukesh Agnihotri Mukesh Agnihotri उप-मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश

प्रेस नोट

बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने बढ़ाई हरोली उत्सव की रौनक

ऊना, 12 अप्रैल: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक और मनोरंजक गतिविधियों के बीच बेबी शो में बच्चों की मासूम अदाओं ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। चार दिवसीय इस भव्य उत्सव में बच्चों से जुड़ी इस प्रतियोगिता को लेकर अभिभावकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस शो में नौनिहालों ने अपनी मासूमियत, आकर्षक परिधानों और मुस्कान से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में बच्चों का मूल्यांकन उनकी प्रस्तुति, स्वास्थ्य, सक्रियता और आत्मविश्वास के आधार पर किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ भाग लिया और उत्सव स्थल को उत्साहपूर्ण माहौल से भर दिया। आयोजकों द्वारा विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

चार दिन तक चलने वाले इस उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा, बेबी शो, डॉग शो, काफ़ शो के अलावा हरोली क्षेत्र से जुड़ी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिससे यह उत्सव क्षेत्र की संस्कृति और प्रतिभा का एक बड़ा मंच बन गया है।

यह बेबी शो न केवल बच्चों के प्रतिभा प्रदर्शन का माध्यम बना, बल्कि परिवारों के लिए मनोरंजन और सामाजिक सहभागिता का भी एक शानदार अवसर साबित हुआ।

ये हैं बेबी शो के विजेता

उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने बेबी शो के विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस शो में कुल 38 प्रतिभागी रहे। आयु वर्ग 1-2 साल में रीवा, अवंतिका व रुद्रांश राणा क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान, 2 से 3 साल के आयु समूह में युविता प्रथम, अनुप्रिया द्वितीय व दिव्या तृतीय, आयु समूह 3 से 4 साल में विहान संदल पहले, विवान और शिवेक दूसरे व वैष्णवी ने तीसरे, जबकि 4 से 5 साल आयुवर्ग में परीक्षिका कंवर प्रथम, जानवी संदल द्वितीय तथा आदिती परमार तृतीय स्थान पर रहे।

इस अवसर पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ सिंगारा सिंह, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, डॉ. पूजा, डॉ. हिमानी सहित अन्य चिकित्सा विभाग से सम्बन्धित स्टाफ मौजूद रहे।
–0–

प्रेस नोट

बैसाखी संग लोक रंग

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली उत्सव में सजे बाजार, दुकानों व झूलों का किया अवलोकन
रंग-बिरंगे बाजार ने बढ़ाई उत्सव की रौनक, स्वाद और खरीदारी का अनूठा संगम

ऊना, 12 अप्रैल। उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को राज्य स्तरीय हरोली उत्सव–2026 के अंतर्गत सजे बाजार, विभिन्न दुकानों और झूलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताते हुए संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपमुख्यमंत्री ने उत्सव परिसर में लगे विभिन्न उत्पादों, हस्तशिल्प वस्तुओं तथा फास्ट फूड स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हरोली उत्सव क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, साथ ही स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को व्यापक मंच प्रदान करता है।

उधर, उत्सव में सजा रंग-बिरंगा बाजार लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां पारंपरिक स्वाद और आधुनिक खान-पान का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। हिमाचली सिड्डू की खुशबू के साथ राजस्थानी देसी व्यंजन, कचौरी, जलेबी और दाल-बाटी चूरमा लोगों को लुभा रहे हैं। वहीं पंजाबी छोले, कुलचे, भटूरे और टिक्की के स्टॉल भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। मोजिटो सहित विविध पेय पदार्थों के स्टॉल युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
खरीदारी के शौकीनों के लिए रेडीमेड कपड़ों, आकर्षक बर्तनों और पंजाबी जूते-चप्पलों के स्टॉल पर अच्छी-खासी भीड़ देखी जा रही है। बच्चों के लिए लगाए गए झूलों और किताबों के स्टॉल ने उत्सव में अलग ही रंग घोल दिया है, जहां नन्हे-मुन्ने पूरे उत्साह के साथ आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, इंडो फार्म ट्रैक्टर सहित आधुनिक कृषि उपकरणों के प्रदर्शन ने किसानों का ध्यान आकर्षित किया है। वहीं एल्युमीनियम मेटल से बने दरवाजे, खिड़कियां, दुकानों के शेल्फ और ऑफिस काउंटर तैयार करने वाली सामग्री के प्रदर्शनी काउंटर भी लगाए गए हैं, जो उत्सव को व्यापारिक और उपयोगी दृष्टि से भी विशेष बना रहे हैं।

इस दौरान एसडीएम हरोली विशाल शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को मेले की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। सोमभद्रा तट पर हरोली मैदान रोड़ा में सजे इस उत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय एवं बाहरी लोगों की उपस्थिति देखने को मिल रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।–0–


YouTube
YouTube
Instagram