प्रेस नोट

उपमुख्यमंत्री ने शिलाई विधान सभा क्षेत्र में 7 करोड़ 50 लाख की योजनाओं के शिलान्यास तथा लोकार्पण किएपश्मी में चाल्दा महासू महाराज के मंदिर में नवाया शीश

शिमला, 15 मार्च।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला सिरमौर के एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई विधान सभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।इस दौरान उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी उनके साथ शामिल रहे।उपमुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री की उपस्थिति में 90 लाख से निर्मित कालची चियाली उठाऊ पेयजल योजना व राoवoमाoपाo टिम्बी में 25 लाख से निर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 करोड़ 17 लाख की उठाऊ पेयजल योजना थौन्था जाखल के विस्तार की आधारशिला व 1 करोड़ 11 लाख की लागत से टिंबी में जलशक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का शिलान्यास किया।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिलाई विधान सभा का नेतृत्व कर रहे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान द्वारा उनके विधान सभा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं उनके सशक्त नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र की जनता ने हर्षवर्धन चौहान को छ: बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है क्षेत्रवासियों का विश्वास उनके साथ है। उद्योग मंत्री की कर्तव्य निष्ठा से क्षेत्र में अभूतपूर्ण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने डॉक्टर यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह द्वारा राज्य के विकास के लिए किए गए कार्यों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में जल आपूर्ति के लिए करोड़ों की योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के तहत 18 करोड़ की जल आपूर्ति योजना को भी जल्द पूर्ण किया जाए । उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक स्थानों में पाईप लाइन बिछाने के कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा तथा शिलाई में बस अड्डा बनाने के लिए भूमि चयन करने को कहा, ताकि शिलाई में बस अड्डे का निर्माण किया जा सके। उपमुख्यमंत्री ने शिलाई से शिमला, शिलाई से हरिद्वार व शिलाई से चंडीगढ़ तथा अन्य लोकल रूटों पर बस चलाने का आश्वासन दिया। उद्योग मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा उपमुख्यमंत्री की छवि कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती है, प्रदेश सरकार को बनाने में मुकेश अग्निहोत्री का बहुमूल्य योगदान रहा है।उद्योग मंत्री ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष उनके विभागों से संबंधित लोगों की विभिन्न माँगें रखी तथा इन को जल्द पूरा करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि टिंबी 10 पंचायतों का केन्द्र बिन्दु पड़ता है यहाँ विश्राम गृह की अति आवश्यकता थी, जिसके मद्देनज़र भूमि आवंटित होने के उपरांत 25 लाख की लागत से रोड तथा अन्य कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्राम गृह भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पश्मी में चाल्दा महासू महाराज के मंदिर में शीश नवाया। उद्योग मंत्री तथा क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लोग भाग्यशाली हैं जो महासू चाल्दा महाराज एक वर्ष के लिए पश्मी में विराजमान हुए तथा क्षेत्रवासियों को अपना आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने पश्मी में पानी की स्कीम के लिए 15 लाख तथा सराए के निर्माण हेतु 10 लाख देने की घोषणा की।इस अवसर पर एडीएम एल.आर.वर्मा, एएसपी योगेश रोल्टा, एसडीएम शिलाई जसपाल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राजीव महाजन, बीएमओ अजय देवल, डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर, आरटीओ सोना चौहान, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, जेलदार दिनेश तोमर, बीडीसी सदस्य रमेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, रंजीत नेगी, मस्त राम पराशर, हरि राम शास्त्री, जीतेन्द्र राणा, जगत राम, अध्यक्ष ब्लॉक यूथ कांग्रेस कपिल चौवाल्टा, उपाध्यक्ष मंडल यूथ कांग्रेस नेत्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष युवा कांग्रेस शिलाई रबिन्द्र राणा, जोन अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, पूर्व प्रधान सोहन सिंह बकरास व रण सिंह दिगवा, दलीप क्यारी गुंडाह, कुलदीप सिंह अश्याडी तथा चमेल दिगवा, पपेन्द्र ठाकुर, इन्दर सिंह चौहान, मोहन नंबरदार मिल्लाह, लाल सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रेस नोट

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक – अग्निहोत्री

बोले…जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करें विद्यार्थी

ऊना, 14 मार्च।

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित हो सकें। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली के पांचवे वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य पर फोकस करके निरंतर कड़ी मेहनत करें। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार प्रयास करके ही जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर मंदिरों तथा अन्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए ताकि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर मिल सके।उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर आने वाली पीढ़ी के लिए हरोली विधानसभा क्षेत्र को एक विकसित, शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास की गति को और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हरोली हल्के के विद्यार्थियों ने हरोली में स्थापित शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करके नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि बढ़ेडा से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली कई बेटियाँ देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। वहीं, कानून की पढ़ाई करने वाले युवा आज न्यायाधीश और अधिवक्ता बनकर हरोली का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं, जो क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करते हैं और पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण हैं।इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हज़ार करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।*सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे*उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इसके तहत पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने की स्थिति में संबंधित अपराधियों की शीघ्र पहचान कर कानूनी करवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत मिलेगी।**घोषणाएं **उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 51 हज़ार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही, हरोली कॉलेज में लाइब्रेरी के लिए 12 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें और उनकी शैक्षणिक प्रगति को और अधिक बल मिल सके।**ये रहे मौजूद **इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा और अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, प्रिंसिपल प्रो. राजिन्दर कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश कौशल, संदीप अग्निहोत्री, हरोली की पूर्व प्रधान रमन कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Media Coverage

14 March 2026

प्रेस नोट

13 मार्च 2026

2000 करोड़ की योजना से सुदृढ़ होगा प्रदेश का पेयजल ढांचा : अग्निहोत्री

ऊना, 13 मार्च.उपमुख्यमंत्री एवं जलशक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में आयोजित जनसभा में इस महत्वाकांक्षी पहल की घोषणा करने के लिए उनका आभार जताया।
अग्निहोत्री ने कहा कि प्रस्तावित योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा तथा जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग इस योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू करेगा।
उपमुख्यमंत्री बंगाणा में मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से लठियाणी और धुंदला क्षेत्र की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के संवर्धन कार्य के शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से बुधान, चमयाड़ी, डियुंगली, लठियाणी और तनोह पंचायतों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ऊना जिला में पेयजल और सिंचाई से संबंधित लगभग 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 121 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल, सिंचाई और मल निकासी से जुड़ी 16 योजनाओं के कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
अग्निहोत्री ने बताया कि माता चिंतपूर्णी मंदिर और आसपास की पंचायतों में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए भी कार्य किया गया है, जबकि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को उन्नत करने के लिए परियोजना पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र के लिए लगभग 47 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना को भी शीघ्र स्वीकृति दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पंजाब को हिमाचल पर टिप्पणी से पहले अपने हालात देखने चाहिए
पंजाब के वित्त मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार को हिमाचल प्रदेश पर टिप्पणी करने से पहले अपने वित्तीय हालात पर नजर डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब पर कर्ज बढ़कर लगभग 4.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने बीबीएमबी को हिमाचल प्रदेश को 4500 करोड़ रुपये देने के निर्देश दिए हैं, लेकिन पंजाब ने अब तक यह राशि जारी नहीं की है। इसके अलावा शानन परियोजना और चंडीगढ़ में हिमाचल के 7.16 प्रतिशत हिस्से का मुद्दा भी लंबे समय से लंबित है।
अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को उसके वैधानिक अधिकारों से वंचित रखने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिमाचल छोटा राज्य जरूर है, लेकिन अपने अधिकारों की रक्षा करना अच्छी तरह जानता है। उन्होंने कहा, “हम पहाड़ी हैं, लेकिन किसी से डरते नहीं। हिमाचल पर उंगली उठाने से पहले पंजाब को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”
विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों की सराहना
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने में विधायक विवेक शर्मा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और क्षेत्र के लोगों के दुख-सुख में सहभागी बनकर निरंतर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।

YouTube
YouTube
Instagram