पार्ट-1
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 21 करोड़ 12 लाख की विकासात्मक परियोजनाओं के किए शिलान्यास एवं उद्घाटन
मुकेश अग्निहोत्री ने 15 करोड़ 66 लाख की राशि से निर्मित पेयजल योजना का किया लोकार्पण
30 गांवों की 133 बस्तियों को मिलेगी सुचारू पेयजल आपूर्ति
सुदूर क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को बनाया जा रहा है सुनिश्चित —उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री
चंबा, अगस्त 13
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज चंबा ज़िला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के तहत 21 करोड़ 12 लाख धनराशि वाली दो महत्वपूर्ण विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
उप मुख्यमंत्री ने ज़िला चंबा के अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र डलहौजी के बनीखेत कस्बे में 6 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत वाले बनीखेत नाला के बाढ़ नियंत्रण कार्य का शिलान्यास किया।
उन्होंने इसके पश्चात प्रसिद्ध शक्ति स्थल माता भलेई मंदिर परिसर में 15 करोड़ 66 लाख रुपयों की धन राशि से नव निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया।
उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान जन समस्याओं के समाधान को लेकर आयोजित कार्यक्रम में लोगों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार बुनियादी सुविधाओं की पहुंच एवं विस्तार को प्रदेश के सभी सुदूर क्षेत्रों तक सुनिश्चित बना रही है । उन्होंने कहा कि राज्य में पेयजल-सिंचाई, मल निकासी तथा बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तौर पर पूरा किया जा रहा है।
मुकेश अग्निहोत्री ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के सूखा प्रभावित ग्राम पंचायत ब्रंगाल, भलेई, वांगल, ओहरा, सिमणी और कंगेड के लिए निर्मित उठाऊ पेयजल योजना के अब कार्यशील होने से 30 गांवों की लगभग 133 ग्रामीण बस्तियों को प्रतिदिन 13 लाख लीटर स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने ये भी कहा कि बनीखेत नाला में बाढ़ नियंत्रण कार्यों के लिए लगभग 815 मीटर आईसीसी चैनल का निर्माण किया जाएगा साथ में स्टोन फिलिंग स्लिप्स हटाना तथा अन्य संरचनात्मक कार्य किए जाएंगे। जिससे नगर पंचायत बनीखेत तथा ग्राम पंचायत ढलोग के लोगों की 13 करोड़ की संपत्ति सुरक्षित होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने भुरू नाग मंदिर प्रबंधन समिति की मांग पर मंदिर सराय भवन निर्माण के लिए 10 लाख की धनराशि देने की भी घोषणा की ।
उप मुख्यमंत्री ने भद्रकाली भलेई माता मंदिर में वरिष्ठ नागरिक-श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत लिफ्ट या रोपवे निर्माण की संभावनाएं भी तलाशने का आश्वासन दिया।
इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया।
इससे पहले उन्होंने भुरू नाग मंदिर बनीखेत तथा भद्रकाली भलेई माता मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की भी कामना की।
विधायक डीएस ठाकुर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, कांग्रेस कमेटी के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी कमल ठाकुर, यशवंत खन्ना, धर्म सिंह पठानिया, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, मुख्य अभियंता जल शक्ति दीपक गर्ग, एसडीएम अनिल भारद्वाज, चंद्रवीर सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण दिवाकर पठानिया, राजेश मोगरा सहित क्षेत्र के गण मान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे ।
बनीखेत में पत्रकार वार्ता
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बनीखेत में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि डलहौजी में जल शक्ति विभाग का मंडल कार्यालय खोलने के लिए मामला विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र डलहौजी में लोगों को पेयजल की सुचारू सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पेयजल योजना का अधिकांश कार्य संपूर्ण कर लिया गया है और इस वर्ष दिसंबर माह तक योजना का लोकार्पण किया जाएगा ।
बस स्टैंड डलहौजी के मामले पर उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के लिए विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। साथ में उन्होंने यह भी बताया कि बनीखेत कस्बे के लिए मल निकासी योजना की विस्तृत परियोजना प्रस्ताव तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रेषित कर दी गई है।
Part-२
संख्याः 960/2025 शिमला 13 अगस्त, 2025
उप-मुख्यमंत्री ने हवलदार अरुण कुमार ‘लक्की’ के निधन पर शोक व्यक्त किया
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भारतीय सेना में हवलदार अरुण कुमार ‘लक्की’ के निधन पर शोक व्यक्त किया है। ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के चताड़ा गांव से संबंध रखने वाले अरूण कुमार की अरुणाचल प्रदेश में कर्तव्यपालन के दौरान मृत्यु हो गई।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार अरुण कुमार का साहस, सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव अमर रहेगा। उन्होंने कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र उनके बलिदान को हमेशा याद रखेगा।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
-0-
पार्ट-३
संख्याः 963/2025 शिमला 13 अगस्त, 2025
हिमाचल प्रदेश सरकार रेल परियोजनाओं के निर्माण में प्रदान कर रही है पूर्ण सहयोग, केंद्र सरकार निभाए अपनी जिम्मेदारीः मुकेश अग्निहोत्री
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां कहा कि प्रदेश के विपक्ष के नेता हिमाचल प्रदेश में चल रही रेल परियोजनाओं को लेकर तथ्यहीन ब्यानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार इन परियोजनाओं के विकास के लिए केंद्र सरकार को हर स्तर पर पूरा सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इन परियोजनाओं के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी को निभाये।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा यह आरोप लगाना कि प्रदेश सरकार सहयोग नहीं कर रही, पूरी तरह तथ्यहीन और भ्रामक है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट है कि हम राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर केंद्र सरकार के साथ मिलकर राज्य के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं ।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल परियोजनाएं हिमाचल प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ये न केवल राज्य के दूरदराज़ क्षेत्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में मदद करेंगी बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक दृष्टि से भी अहम हैं। हिमाचल जैसे पहाड़ी व विशेष श्रेणी राज्य के लिए रेल संपर्क, सड़क और हवाई संपर्क की तरह ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन, चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन और नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन परियोजनाएं समयबद्ध पूर्ण हों। इन परियोजनाओं में राज्य सरकार ने न केवल वित्तीय योगदान दिया है बल्कि भूमि अधिग्रहण, प्रशासनिक स्वीकृतियां और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन निर्माण के लिए राज्य सरकार ने अब तक राज्य के हिस्से के रूप में 847 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। इस रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है तथा 31 दिसम्बर, 2027 तक बिलासपुर तक इस कार्य के पूर्ण होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन की लागत में राज्य सरकार द्वारा पहले ही अपना हिस्सा दिया गया है और शेष राशि समय-समय पर प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के क्रियान्वयन में देरी हुई है, इसलिए रेल विकास निगम लिमिटेड द्वारा सूचित परियोजना लागत 6.45 गुणा बढ़कर 6753.42 करोड़ रुपये हो गई है। अब राज्य का हिस्सा बढ़कर 2583.01 करोड़ रुपये हो गया है, जिसमें भूमि अधिग्रहण लागत 1210.42 करोड़ रुपये शामिल है। इस प्रकार राज्य सरकार को कुल परियोजना लागत का 38.84 प्रतिशत हिस्सा व्यय करना पड़ रहा है।
चंडीगढ़-बद्दी रेल लाइन परियोजना का कार्य प्रगति पर है। इस परियोजना को भारत सरकार द्वारा विशेष रेलवे परियोजना घोषित किया गया है। 1540.113 करोड़ रुपये लागत की इस परियोजना की लम्बाई 30.28 किलोमीटर है। इसमें राज्य सरकार की हिस्सेदारी 363.50 करोड़ रुपये बनती है, जिसमें से 223.75 करोड़ रुपये उत्तरी रेलवे को दे दिए गए हैं। इस रेलवे लाइन का कार्य 30 अप्रैल, 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन का अधिकांश हिस्सा पूरा हो चुका है और इसे नंगल से दौलतपुर चौक तक यातायात के लिए खोला जा चुका है। इस परियोजना की पूरी लागत केंद्र सरकार वहन कर रही है, जिसमें प्रदेश सरकार ने भी सहयोगी की भूमिका निभाई है। इस परियोजना की लम्बाई 122.57 किलोमीटर है जिसमें से 60.03 किलोमीटर भूमि हिमाचल प्रदेश में और 62.24 किलोमीटर भूमि पंजाब में स्थित है। इस परियोजना का 59.325 किलोमीटर कार्य पूर्ण हो चुका है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रेल परियोजनाएं संपूर्ण राष्ट्र के विकास में सबसे महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ये परियोजनाएं सामरिक दृष्टि से भी महत्त्वपूर्ण होती हैं। इसलिए केन्द्र सरकार का दायित्व है कि वह हिमाचल में रेल परियोजनाओं के निर्माण की पूर्ण लागत वहन करे, ताकि उन्हें समयबद्ध पूर्ण किया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से भिन्न हैं और यहां के आय संसाधन भी सीमित हैं। इसलिए केन्द्र सरकार को अपने नैतिक दायित्व का वहन करते हुए प्रदेश में निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं की लागत स्वयं वहन करनी चाहिए।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं इन परियोजनाओं की समय-समय पर समीक्षा करते हैं और रेल मंत्रालय के साथ समन्वय बनाए रखते हैं ताकि कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वे तथ्यों की पुष्टि के बिना बयानबाजी करने से बचें और प्रदेश के हित में मिलकर प्रयास करें।
उन्होंने दोहराया कि हिमाचल प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के साथ साझेदारी में रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा, तेज़ कनेक्टिविटी और नए आर्थिक अवसर प्राप्त हो सकें।
.0.





































