11 April 2024











Mukesh Agnihotri
बैठकों व कार्यक्रमों में मैं कभी भी माँ के बिना नहीं आई: डॉ आस्था अग्निहोत्री
हरोली कांग्रेस की बैठक का भदौड़ी में आयोजित की गई इस बैठक में आस्था अग्निहोत्री मंच पर जब अपना संबोधन देने पहुंची तो माहौल भावुकता पूर्ण हो गया। आस्था अग्निहोत्री भी नम आंखों के साथ थरथराते शब्दों के बीच अपनी बात को लंबा नहीं कर पाई। आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसी बैठकों में व कार्यक्रमों में मैं कभी भी माँ के बिना नहीं गई, पहली बार है कि हरोली की इस बैठक में मां के बिना आ रही हूं। आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि करवा चौथ के कार्यक्रम मां सिम्मी अग्निहोत्री ने जो शब्द कहे कि मेरा मायका भी यही हरोली, ससुराल भी है, घर भी यह,परिवार भी है और अंतिम सांस भी हरोली में लूं यही तम्मना। क्या पता था कि उनके वह शब्द ऐसे सच होकर के सामने आ जाएंगे, उनकी बात को हम समझ ही नहीं पाए? गंभीरता से नहीं ले पाए?
आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि मां सिम्मी अग्निहोत्री ने जज्बे के साथ काम किया, उनके मन में पीड़ा रहती थी, हरोली के लिए दर्द रहता था, हर काम हो इसके लिए वह चिंतित रहती थी. मैंने करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि अभी भी लोकसभा चुनावों को देखते हुए वह आई। मां का जागरण रखा, जागरण हो नहीं पाया वह पहले हमें छोड़ कर चली गई।
आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी मोक्ष की प्राप्ति के लिए पैदल यात्रा की छठी कक्षा से लेकर हर वर्ग, हर उम्र के हरोली वासियों ने जिस प्रकार से इस यात्रा में अपनी सहभागिता दी, मॉ सिम्मीअग्निहोत्री के प्रति अपने स्नेह को दिखाया, मैं उसके लिए आप सब की ऋणी रहूंगी, आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि मेरे पिता मुकेश अग्निहोत्री की जो आज प्रदेश व देश में पहचान है उसके पीछे मेरी मां का समर्पण है। उन्होंने कहा कि हरोलीवासी इस समय हमारी ताकत बने, स्नेह दिया। उन्होंने कहा कि मैं प्रयास करूंगी की मां जैसा संयम व मां जैसी बनने का प्रयास करूंगी। उन्होंने कहा कि आप सब हरोली वासी हमारे पास आते रहे आप सबका मान सम्मान बना रहेगा।
Part – 2
हिमाचल तो क्या अब तो पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा ऐसी हिमाकत नहीं कर सकती: मुकेश अग्निहोत्री
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोटस सफल नही हुआ है औंधे मुंह गिरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ विधायकों को जिस प्रकार से साजिश के तहत अपनी पार्टी में शामिल किया है, ऐसे में भाजपा के नेताओं को अब यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार को गिराने के पीछे उनकी साजिश रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति ने कभी भी साजिश व षड्यंत्र को सहन नहीं किया है। इसी के चलते भारतीय जनता पार्टी द्वारा रचा गया खेल साजिश नाकामयाब हुए हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूरी तरह से मजबूत है और यह सरकार 5 वर्ष पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से किए हुए वायदों को पूरा किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार को गिराने में नेता प्रतिपक्ष जयराम व जो भाजपा के आला नेता शामिल रहे हैं उन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने आक्रामक तेवरों के साथ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहां की भाजपा के नेता रोज यह कह रहे हैं कि 4 जून को केंद्र में और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यह सपना लेना भाजपा के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भूल जाए क्योंकि हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार स्थाई है, टिकाऊ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल तो क्या अब तो पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा ऐसी हिमाकत नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि छह विधायकों की सदस्यता चली गई उन्हें फिर से चुनाव में जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि हमने ओपीएस के वायदे को पूरा किया, ₹1500 महिलाओं को देने का वायदा पूरा किया। भाजपा ने इसे रोकने के लिए चुनाव आयोग में शिकायत की लेकिन महिलाएं याद रखें देर सवेर यह पैसा कांग्रेस की सरकार देगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए है ,हम हिमाचल के हितों की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत सरकार कांग्रेस की रहेगी।
निर्दलीय क्यों दे रहे त्यागपत्र बताएं ?
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निर्दलीय विधायकों से सवाल किया कि वह धरने दे रहे हैं त्यागपत्र स्वीकार करने के लिए वह जनता को बताएं कि उन्होंने त्यागपत्र क्यों दिया? विधायक बनने के लिए त्यागपत्र दिया है तो विधायक वह हैं ही।अब जा तो वह यह लिखकर भी दें कि हम भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे ।उन्होंने कहा कि केवल राजनीति के लिए और साजिश के लिए जिस प्रकार से काम किया गया है वह जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि यह मामला कोर्ट में है और स्पीकर के अधिकार क्षेत्र का इसलिए इसमें ज्यादा कुछ नहीं कहना पर दबाव और साजिश साफ पता चलती है। उन्होंने कहा कि अभी 6 चुनाव हो रहे हैं 6 चुनाव के बाद तीन और चुनाव आएंगे और दो और चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव को जीतेगी।







