प्रेस नोट

23 मार्च 2026

सभी को शुद्ध पेयजल व हर खेत तक सिंचाई योग्य जल पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – मुकेश

बद्दी में राज्य स्तरीय जल महोत्सव आयोजितजल शक्ति विभाग कर रहा 10 हजार योजनाएं कार्यान्वित

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सभी को शुद्ध पेयजल एवं हर खेत तक सिंचाई योग्य जल पहुंचाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए जल शक्ति विभाग सतत् क्रियाशील है। मुकेश अग्निहोत्री आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी में विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय जल महोत्सव समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को 24X7 कार्यरत रहने के लिए बधाई दी और आशा जताई कि विभाग सभी तक जल पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने इस अवसर पर दून तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र को विभिन्न ट्यूबवेल सर्वधन एवं स्थापित करने के लिए 2-2 करोड़ रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इनमें से 1-1 करोड़ रुपए जल शक्ति विभाग द्वारा तथा 1-1 करोड़ रुपए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने दून तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग के सुचारू कार्यान्वयन के लिए 50-50 और पद भरने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 45-45 पद भरे गए हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नालागढ़-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग के फोरलेन कार्य की निविदा का विषय केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गड़करी के समक्ष उठाया जाएगा ताकि यह कार्य शीघ्र आरम्भ हो सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कालका से प्रदेश के बद्दी तक राजमार्ग के सुधार का विषय भी केन्द्रीय परिवहन मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में 297 इलेक्ट्रिक तथा 250 डिजल बसों की खरीद की जा रही है। आवश्यकतानुसार इनमें से दून तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में भी बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। उप मुख्यमंत्री ने दून विधानसभा क्षेत्र के जोहड़जी मेला का ज़िला स्तरीय करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने प्रदेश पथ परिवहन निगम की शिमला एवं रामशहर बस को साईं तक बढ़ाने तथा कुठाड़ बस सेवा के विस्तार की सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र प्रदेश की वित्तीय राजधानी है। यह क्षेत्र अत्यंत विशिष्ट है और पहाड़ी एवं मैदानी क्षेत्रों का मिश्रण है। इस विधानसभा क्षेत्र में प्रतिदिन 16 लाख लीटर जल की आवश्यक है। इन्हीं सम्भवानाओं के दृष्टिगत आज यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि बद्दी एवं नालागढ़ क्षेत्र में वर्तमान में जल सम्बन्धी आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए लगभग 500 ट्यूबवेल स्थापित किए गए हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में जल शक्ति विभाग द्वारा 10 हजार योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल एवं समुचित सिंचाई जल उपलब्ध हो। प्रदेश में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 06 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का कार्य हुआ है। प्रदेश की जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के एवज में केन्द्र सरकार के समक्ष 1227 करोड़ रुपए लम्बित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुद्ध जल उपलब्ध करवाने के लिए 02 हजार करोड़ रुपए की योजना तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त विभिन्न योजनाओं के संर्वधन, रीमॉडलिंग तथा भू-जल रिचार्ज करने के लिए भी योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और सभी को प्रदेश सरकार द्वारा जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सम्बल प्रदान करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मियों के मौसम में प्रदेश सहित दून एवं नालागढ़ विधानसभा क्षेत्रों में जलापूर्ति के लिए समुचित तैयारी रखें और आवश्यतानुसार वैकल्पिक उपाय भी सुनिश्चित बनाएं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक ग्राम पंचायत तक शुद्ध जल पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। ग्राम पंचायत स्तर द्वारा इस जल का वितरण सुनिश्चित बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर जल निःशुल्क उपलब्ध करवाया जा रहा है।उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जल शक्ति विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया और सभी से आग्रह किया इस प्रदर्शनी के माध्यम से जल शक्ति विभाग की कार्य प्रणाली को समझें। इस अवसर पर जल प्रबंधन के क्षेत्र में बेहरतरीन कार्य करने वाली महिलाओं को ‘नीर नारी सम्मान’, विभाग के कर्मठ कर्मचारियों को 24X7  सतत् कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र और ग्राम पंचायत बसाल तथा ग्राम पंचायत पंजैहरा को जल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव का पूर्ण कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।  दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने उप मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया और विधानसभा क्षेत्र की मांगे प्रस्तुत की। उन्होंने दून विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं, जल शक्ति विभाग में विभिन्न पदों को भरने, क्षेत्र में आवश्यकतानुसार बसे चलाने तथा बरोटीवाला-बनलगी-सोलन मार्ग की 215 करोड़ रुपए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट विश्व बैंक से स्वीकृत करवाने का आग्रह किया।नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई जलापूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं स्वीकृत करने का आग्रह किया। प्रदेश जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा ने विभागीय कार्यप्रणाली एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान दी।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नगर परिषद बद्दी के पूर्व अध्यक्ष मदन लाल चौधरी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जल शक्ति विभाग की इंजीनियर-इन-चीफ अंजू शर्मा ने विभाग की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए कहा कि विभाग द्वारा शुद्ध जल उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश में 72 जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। उन्होंने पारम्परिक जल स्रोतों के संरक्षण पर बल दिया। राज्य जल स्वच्छता मिशन के मुख्य अभियंता हेमन्त तंवर ने विश्व जल दिवस और राज्य स्तरीय समारोह की जानकारी दी। इस अवसर पर झंकार म्यूजिकल ग्रुप कण्डाघाट तथा पर्वतीय लोक कला मंच द्वारा जल संरक्षण एवं अन्य विषयों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं नगर निगम बद्दी की आयुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, इन.एन.सी. परियोजना जल शक्ति विभाग धमेन्द्र गिल, शिमला जोन के मुख्य अभियंता मुकेश हीरा, मण्डी जोन के मुख्य अभियंता उपेन्द्र वेद्य, मुख्य अभियंता डिजाइन अनिल मेहता, अधीक्षण अभियंता सोलन संजीव सोनी, विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, उपमण्डलाधिकारी बद्दी डॉ. संजीव धीमान सहित जल शक्ति विभाग के कर्मचारी व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। .0.

प्रेस नोट

हरोली विस के विकास में एसडीआरएफ प्रशिक्षण केंद्र के रूप में एक नया अध्याय जुड़ा: मुकेश अग्निहोत्री

17 मार्च: पालकवाह में हिमाचल प्रदेश सेंटर ऑफ डिजास्टर प्रीपेयर्डनेस एण्ड रेजीलियेंस कार्यालय का संचालन हरोली विधानसभा क्षेत्र के विकास में एक नया अध्याय जुड़ा है। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कौशल विकास केन्द्र पालकवाह में सेंटर ऑफ डिजास्टर प्रीपेयर्डनेस एण्ड रेजिलियेंस कार्यालय के लोकार्पण के दौरान कही। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से भूकंप, बाढ़, भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ मानवजनित आपदाओं के दौरान त्वरित बचाव, राहत एवं प्राथमिक चिकित्सा के लिए जवानों और नागरिकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें आधुनिक बचाव तकनीक, चिकित्सा प्रशिक्षण (सीपीआर) और मॉक ड्रिल शामिल हैं। इससे ज़िला ऊना व इसके आस-पास के जिलों को भी लाभ होगा। इसके उपरांत कौशल विकास केन्द्र पालकवाह के ऑडिटोरियम में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल द्वारा मंगलवार को एक दिवसीय आपदा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करते हुए कहा कि कभी बरसात में ऊना के लिए स्वां नदी प्राकृतिक आपदा का मुख्य कारण रही है। जिला ऊना में 1500 करोड़ की धनराशि व्यय करके स्वां नदी व इसकी सहायक खड्डों का तटीयकरण किया गया। जिसमें 922 करोड़ रुपये की लागत से हरोली विस क्षेत्र के घालूवाल से बाथड़ी तक स्वां नदी का चौनलाइजेशन शामिल है। इससे न सिर्फ नदी के प्रकोप पर रोक लगी बल्कि हजारों एकड़ भूमि भी रिक्लेम करके आज उसी स्थान पर फसलें लहलहा रही हैं। उन्होंने कहा कि कमांडेट जनरल होमगार्ड एवं नागरिक सतवंत अटवाल से प्रेरित होकर आज बच्चियांे में पुलिस में सेवा करने का जज्बा पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भी बेटियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ मजबूती से डटी हुई है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान कहा कि आप इस कार्यक्रम में बच्चों को न केवल प्रशिक्षित करें, बल्कि उनमें साहस, आत्मविश्वास और चुनौतियों का सामना करने का भी जज्बा भरकर जाएं ताकि भविष्य में दुनिया की हर कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना कर सकें। उपमुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ की टीम को राष्ट्रीय स्तर पर हुई प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर बधाई दी। यूपी राज्य के गाजियाबाद में 9 से 11 मार्च तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 30 टीमों ने भाग लिया था, जिसमें एसडीआरएफ ने प्रतियोगिता को 41 मिनट में पूरा करके अपनी दक्षता, तैयार, संचालनात्मक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करके देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया था। इस दौरान कमांडेट जनरल होमगार्ड एवं नागरिक सतवंत अटवाल ने कहा कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल एक सशक्त राज्य स्तरीय बल है, जो बाढ़, भूकंप, आग जैसी आपदाओं में 24 घंटे तत्पर रहता है। यह बल सबसे पहले मौके पर पहुंचकर लोगों की जान-माल की रक्षा करता है तथा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर मेडिकल सहायता उपलब्ध करवाता है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के माध्यम से आपदा प्रभावितों तक भोजन, पानी और आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ अपने कर्मियों को विशेष शारीरिक प्रशिक्षण, आधुनिक बचाव तकनीक और मानसिक दृढ़ता के साथ प्रशिक्षित किया जाता है ताकि कठिन से कठिन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य कर सकें। कार्यक्रम में राज्य में आपदा के दौरान साहसिक व उत्कृष्ट सेवा प्रदर्शन करने वाले एसडीआरएफ, होमगार्ड, सिविल डिफेंस वालंटियर्स व युवा आपदा मित्रों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर फायर, होमगार्ड व एसडीआरएफ के जवानों ने भूकंप, सीपीआर और फायर सेफ्टी से संबंधित डेमो देकर उपस्थित प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया। यह केंद्र हमारे जवानों को आपदा जैसी विकट परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा और प्रदेश की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सशक्त बनाएगा। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट जनरल होमगार्ड अरविंद पाराशर, कमांडेंट होमगार्ड हितेश लखनपाल, अशोक ठाकुर, संदीप अग्निहोत्री, विक्रमजीत सिंह, सेवानिवृत कै. शक्ति चन्द सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थी, युवा आपदा मित्र और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।–0–

प्रेस नोट

*संत बाबा ढांगू बाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में 20वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित*

*उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की अध्यक्षता, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित*

*खेलकूद व शिक्षा के समन्वय से ही होता है सर्वांगीण विकास : उप मुख्यमंत्री*

ऊना, 16 मार्च।

संत ढांगू बाले गुर्जर राजकीय महाविद्यालय बीटन में आज(सोमवार) को 20वां वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की। समारोह के दौरान महाविद्यालय के मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ और मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है, जो विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। *शिक्षा के क्षेत्र में हरोली छू रहा नई ऊंचाइयां*उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने बताया कि इस कॉलेज की शुरुआत संत बाबा ढांगू वाले द्वारा की गई थी और बाद में सरकार ने इसका संचालन अपने हाथ में लेकर इसे एक राजकीय महाविद्यालय के रूप में विकसित किया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि हरोली हल्के की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर न जाना पड़े, इस उद्देश्य से खड्ड में कॉलेज खोला गया है और हरोली में भी नया महाविद्यालय भवन निर्माणाधीन है। इन प्रयासों से विद्यार्थियों को अपने घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।**2027 तक हरोली को प्रदेश का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने का लक्ष्य **श्री अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 2027 तक हरोली विधानसभा क्षेत्र को प्रदेश का सबसे विकसित विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत बेहतर सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हरोली क्षेत्र में लगभग 35 पेट्रोल पंप और कई गैस एजेंसियां भी लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर रही हैं।*खेल सुविधाओं को मिल रहा बढ़ावा*मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल सुविधाओं को अत्याधुनिक किया जा रहा है। इसी कड़ी में बीटन ग्राउंड को 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स लगाने की स्वीकृति दी गई है, जिससे अब वहां डे-नाइट मैच आयोजित किए जा सकेंगे। इसके अलावा नग्नोली मैदान में भी 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स स्थापित की जाएंगी, जबकि खड्ड फुटबॉल ग्राउंड में भी 50 लाख रुपये की लागत से फ्लड लाइट्स स्थापित की जा चुकी हैं।इसके साथ ही बीटन और हीरा में तालाबों के सौंदर्यीकरण के लिए 2-2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के पर्यटन और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को पानी की पर्याप्त और निर्बाध सप्लाई मुहैया करवाने के लिए पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर एक हज़ार करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हज़ार रुपये देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. समीक्षा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कॉलेज की उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी दी।**ये रहे उपस्थित **इस अवसर पर एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ रणजीत राणा व अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, प्रिंसिपल डॉ समीक्षा, कॉलेज स्टाफ, बच्चों के अभिभावकगण सहित अन्य मौजूद रहे।-०-

उपमुख्यमंत्री ने 15.25 करोड़ से बनने वाली समनाल–पूबोवाल सड़क मार्ग का किया शिलान्यास, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन भी रहे मौजूद

**बोले…लोगों को बेहतर और मजबूत सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध *

*ऊना, 16 मार्च।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (सोमवार) को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 15.25 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग सीधे हरोली औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ता है, जिसके कारण इसकी उपयोगिता और अधिक बढ़ जाती है। इस सड़क के सुदृढ़ीकरण से औद्योगिक गतिविधियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के लोगों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर और मजबूत सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। हरोली विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पुल और अन्य आधारभूत ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है और लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।*ये रहे उपस्थित*इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हिमाचल प्रदेश राज्य ओद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, उद्योग विभाग के निदेशक डॉ यूनुस खान, उपायुक्त ऊना जतिन लाल, एसपी ऊना सचिन हिरेमठ, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा व अशोक ठाकुर, अतिरिक्त निदेशक उद्योग तिलकराज शर्मा, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान, डीएफओ सुशील राणा, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग नरेश धीमान, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग देवानंद, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग राहुल पुरी, इंडस्ट्रियल एसोसिएशन हरोली के चेयरमैन राकेश कौशल, वीरेंद्र मनकोटिया, प्रमोद कुमार, संदीप अग्निहोत्री, सतीश बिट्टू, सुभद्रा चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रेस नोट

उपमुख्यमंत्री ने शिलाई विधान सभा क्षेत्र में 7 करोड़ 50 लाख की योजनाओं के शिलान्यास तथा लोकार्पण किएपश्मी में चाल्दा महासू महाराज के मंदिर में नवाया शीश

शिमला, 15 मार्च।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला सिरमौर के एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के दौरान आज शिलाई विधान सभा क्षेत्र के टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।इस दौरान उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान भी उनके साथ शामिल रहे।उपमुख्यमंत्री ने उद्योग मंत्री की उपस्थिति में 90 लाख से निर्मित कालची चियाली उठाऊ पेयजल योजना व राoवoमाoपाo टिम्बी में 25 लाख से निर्मित पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 करोड़ 17 लाख की उठाऊ पेयजल योजना थौन्था जाखल के विस्तार की आधारशिला व 1 करोड़ 11 लाख की लागत से टिंबी में जलशक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का शिलान्यास किया।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिलाई विधान सभा का नेतृत्व कर रहे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान द्वारा उनके विधान सभा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं उनके सशक्त नेतृत्व की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिलाई विधान सभा क्षेत्र की जनता ने हर्षवर्धन चौहान को छ: बार विधायक चुनकर विधानसभा में भेजा है क्षेत्रवासियों का विश्वास उनके साथ है। उद्योग मंत्री की कर्तव्य निष्ठा से क्षेत्र में अभूतपूर्ण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने डॉक्टर यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह द्वारा राज्य के विकास के लिए किए गए कार्यों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में जल आपूर्ति के लिए करोड़ों की योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के तहत 18 करोड़ की जल आपूर्ति योजना को भी जल्द पूर्ण किया जाए । उन्होंने क्षेत्र में आवश्यक स्थानों में पाईप लाइन बिछाने के कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने टिंबी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह का कार्य जल्द पूर्ण करने को कहा तथा शिलाई में बस अड्डा बनाने के लिए भूमि चयन करने को कहा, ताकि शिलाई में बस अड्डे का निर्माण किया जा सके। उपमुख्यमंत्री ने शिलाई से शिमला, शिलाई से हरिद्वार व शिलाई से चंडीगढ़ तथा अन्य लोकल रूटों पर बस चलाने का आश्वासन दिया। उद्योग मंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा उपमुख्यमंत्री की छवि कर्मठ व्यक्तित्व के रूप में जानी जाती है, प्रदेश सरकार को बनाने में मुकेश अग्निहोत्री का बहुमूल्य योगदान रहा है।उद्योग मंत्री ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष उनके विभागों से संबंधित लोगों की विभिन्न माँगें रखी तथा इन को जल्द पूरा करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि टिंबी 10 पंचायतों का केन्द्र बिन्दु पड़ता है यहाँ विश्राम गृह की अति आवश्यकता थी, जिसके मद्देनज़र भूमि आवंटित होने के उपरांत 25 लाख की लागत से रोड तथा अन्य कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्राम गृह भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने पश्मी में चाल्दा महासू महाराज के मंदिर में शीश नवाया। उद्योग मंत्री तथा क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र के लोग भाग्यशाली हैं जो महासू चाल्दा महाराज एक वर्ष के लिए पश्मी में विराजमान हुए तथा क्षेत्रवासियों को अपना आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर उन्होंने पश्मी में पानी की स्कीम के लिए 15 लाख तथा सराए के निर्माण हेतु 10 लाख देने की घोषणा की।इस अवसर पर एडीएम एल.आर.वर्मा, एएसपी योगेश रोल्टा, एसडीएम शिलाई जसपाल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राजीव महाजन, बीएमओ अजय देवल, डीएसपी मानवेन्द्र ठाकुर, आरटीओ सोना चौहान, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, जेलदार दिनेश तोमर, बीडीसी सदस्य रमेश नेगी, ओएसडी अत्तर राणा, रंजीत नेगी, मस्त राम पराशर, हरि राम शास्त्री, जीतेन्द्र राणा, जगत राम, अध्यक्ष ब्लॉक यूथ कांग्रेस कपिल चौवाल्टा, उपाध्यक्ष मंडल यूथ कांग्रेस नेत्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष युवा कांग्रेस शिलाई रबिन्द्र राणा, जोन अध्यक्ष सूरत सिंह चौहान, पूर्व प्रधान सोहन सिंह बकरास व रण सिंह दिगवा, दलीप क्यारी गुंडाह, कुलदीप सिंह अश्याडी तथा चमेल दिगवा, पपेन्द्र ठाकुर, इन्दर सिंह चौहान, मोहन नंबरदार मिल्लाह, लाल सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रेस नोट

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना आवश्यक – अग्निहोत्री

बोले…जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करें विद्यार्थी

ऊना, 14 मार्च।

बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना भी अत्यंत आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी अपनी संस्कृति, परंपराओं और विरासत से परिचित हो सकें। यह बात उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय डिग्री कॉलेज हरोली के पांचवे वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उस लक्ष्य पर फोकस करके निरंतर कड़ी मेहनत करें। विद्यार्थी जीवन में अनुशासन, समय का सही उपयोग और लगातार प्रयास करके ही जीवन में निर्धारित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि विद्यार्थियों को समय-समय पर मंदिरों तथा अन्य ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाए ताकि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर मिल सके।उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर आने वाली पीढ़ी के लिए हरोली विधानसभा क्षेत्र को एक विकसित, शिक्षित और समृद्ध क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं और भविष्य में भी विकास की गति को और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हरोली हल्के के विद्यार्थियों ने हरोली में स्थापित शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करके नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि बढ़ेडा से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने वाली कई बेटियाँ देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। वहीं, कानून की पढ़ाई करने वाले युवा आज न्यायाधीश और अधिवक्ता बनकर हरोली का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी उपलब्धियाँ इस बात का प्रमाण हैं कि हरोली में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं, जो क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की ओर संकेत करते हैं और पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण हैं।इसके अतिरिक्त उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लगभग एक हज़ार करोड़ रुपये की विभिन्न पेयजल योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। इन योजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाएगा तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।*सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे*उप मुख्यमंत्री ने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इसके तहत पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना होने की स्थिति में संबंधित अपराधियों की शीघ्र पहचान कर कानूनी करवाई अमल में लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे स्थापित होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत मिलेगी।**घोषणाएं **उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 51 हज़ार रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही, हरोली कॉलेज में लाइब्रेरी के लिए 12 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध हो सकें और उनकी शैक्षणिक प्रगति को और अधिक बल मिल सके।**ये रहे मौजूद **इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा और अशोक ठाकुर, एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, प्रिंसिपल प्रो. राजिन्दर कुमार, हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के चेयरमैन राकेश कौशल, संदीप अग्निहोत्री, हरोली की पूर्व प्रधान रमन कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।

प्रेस विज्ञप्ति

08 मार्च 2026

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्री भीमाकाली मंदिर सराहन में किए दर्शन, सशस्त्र सीमा बल प्रशिक्षण केंद्र का भी किया दौरा


हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री भीमाकाली मंदिर सराहन में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर पहुंचने पर मंदिर प्रशासन व स्थानीय लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

उपमुख्यमंत्री ने मां भीमाकाली के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के लिए शांति, समृद्धि और विकास की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति और आस्था के केंद्र प्रदेश की पहचान हैं तथा सरकार इन धार्मिक स्थलों के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसके उपरांत उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सराहन में स्थित सशस्त्र सीमा बल (एस एस बी) के एटीसी प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। इस अवसर पर कमांडेंट प्रवीण कुमार तथा डिप्टी कमांडेंट जगदीश ठाकुर ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

उपमुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण केंद्र में जवानों की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में समर्पित हमारे वीर जवानों के अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को देखकर गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि लगभग 125 एकड़ क्षेत्र में फैले इस प्रशिक्षण केंद्र को पूर्ण क्षमता से संचालित करने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा, ताकि यह केंद्र और अधिक प्रभावी ढंग से देश सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति रणबीर नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत कुकू शर्मा,अन्य विभागों के अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रेस नोट

शिमला 08 मार्च, 2026

बुशहर कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उपमुख्यमंत्री ने की शिरकत

चार दिवसीय ऐतिहासिक फाग मेले के अवसर पर प्रथम तीन संध्याओं में बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित किए जा रहे बुशहर कार्निवाल का आयोजन पिछले पांच वर्षों से निरंतर किया जा रहा है। इन वर्षों में यह कार्यक्रम न केवल एक सांस्कृतिक आयोजन बनकर उभरा है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और युवाओं को अपनी समृद्ध संस्कृति से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बना है।
पदम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के मैदान में 5 से 7 मार्च तक आयोजित तीन दिवसीय बुशहर कार्निवाल की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, जो बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं, विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के रामपुर स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर प्रशासन, स्थानीय जनता एवं पार्टी पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं भी रखी, जिनके शीघ्र समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया।
बुशहर कार्निवाल में बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन रामपुर के अध्यक्ष राहुल सोनी ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह के मार्गदर्शन तथा बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन की रामपुर इकाई के अथक प्रयासों से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के विकास में प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार तथा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि रामपुर, कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह का गृह क्षेत्र है और उन्होंने क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी है।
मुख्य अतिथि ने सभी आयोजकों, कलाकारों और सहयोगियों को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई दी तथा आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में भी बुशहर स्पोर्ट्स, कल्चर एंड एनवायरमेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित बुशहर कार्निवाल इसी प्रकार सफलता के साथ आयोजित होता रहेगा।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का बुशहर कार्निवाल के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बुशहर कार्निवाल की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
इस अवसर पर हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर चौहान, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह, उपमंडल पुलिस अधिकारी नरेश शर्मा, डायरेक्टर बोर्ड ऑफ टूरिज्म यशपाल सोनी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्र मनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा पार्टी पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
-०-

प्रेस नोट

01 मार्च 2026

ऊना ने बनाई विकास की नई पहचान : मुकेश अग्निहोत्री

ऊना, 1 मार्च. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले ने बीते वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। औद्योगिक, शैक्षणिक तथा आधारभूत ढांचे सहित विकास के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने सभी से सामूहिक प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जिले की पहचान को देश-विदेश में और ऊंचा उठाने का आह्वान किया।
वे रविवार को हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद ऊना के 52वें राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह को श्रद्धांजलि, परिषद की भूमिका सराही
उपमुख्यमंत्री ने परिषद के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें दूरदर्शी एवं कर्मठ व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी सोच ने नई दिशा प्रदान की। हिमोत्कर्ष कॉलेज की स्थापना कर उसे दो दशकों तक सफलतापूर्वक संचालित करना उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अब सरकार इस कॉलेज का संचालन कर रही है। उन्होंने परिषद के जनकल्याण और सेवा के कार्यों की खुले मन से तारीफ की। कार्यक्रम में परिषद ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1 लाख 1 हजार रुपये का अंशदान भी भेंट किया।

2500 करोड़ की बल्क ड्रग पार्क परियोजना गति पर
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 2500 करोड़ रुपये लागत की बल्क ड्रग पार्क परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। भूमि समतलीकरण कार्य आरंभ हो चुका है तथा अन्य निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश में स्थापित हो रही तीन राष्ट्रीय बल्क ड्रग पार्क परियोजनाओं में से एक का ऊना में स्थापित होना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इससे न केवल औद्योगिक परिदृश्य को नया आयाम मिलेगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश फार्मा क्षेत्र में वैश्विक मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करेगा। परियोजना के माध्यम से एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रेडिएंट्स के क्षेत्र में चीन पर निर्भरता कम होगी और औषधीय आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर विकास एवं विस्तारीकरण को पहले चरण में 130 करोड़
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास, विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में लगभग 130 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवा दी गई है। प्रशासन को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य तुरंत प्रभाव से आरंभ करवाने के निर्देश दिए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इसकी दैनिक मॉनिटरिंग हो, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माता वैष्णो देवी मंदिर का भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप विकसित हुआ है और श्री वृंदावन धाम में व्यापक स्तर पर आधारभूत ढांचे का विस्तार किया गया है, उसी तर्ज पर माता श्री चिंतपूर्णी धाम का भी सुनियोजित एवं भव्य विकास किया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिले।

विकास पथ पर अग्रसर ऊना
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर निर्माणाधीन है, इंडियन ऑयल का डिपो स्थापित हो चुका है तथा गैस पाइपलाइन जिले तक पहुंच चुकी है। ये सब परियोजनाएं जिले विकास की कहानी कहती हैं ।
उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोविंद सागर झील में जल परिवहन की संभावनाओं पर कार्य जारी है, जिसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों से अब घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध हैं तथा खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंची है। नकदी फसलों के उत्पादन में वृद्धि हुई है। ऊना नगर निगम का गठन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिले में अनेक अन्य पुलों का निर्माण भी प्रगति पर है।वहीं हरोली सोमभद्र सेतु ने कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया है।
शिक्षा क्षेत्र की मजबूती से बेटियों की उड़ान
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय जिले में शिक्षण संस्थानों की कमी थी, लेकिन आज स्थिति बदली है। बेटियां राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ट्रिपल आईटी में देशभर के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं, जिससे जिले की शैक्षणिक पहचान सुदृढ़ हुई है।
उन्होंने कहा कि ऊना की अनेक हस्तियां अमेरिका सहित विभिन्न देशों में साइबर टेक्नोलॉजी, चिकित्सा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। ऐसे प्रवासी भारतीयों से वे लगातार संवाद करते हैं और उन्हें अपनी मातृभूमि से जुड़े रहने तथा समय-समय पर यहां आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का आग्रह करते हैं।

शूरवीरों-कर्मवीरों का सम्मान
उपमुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को वर्ष 2025-26 के हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार तथा हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री पुरस्कार प्रदान किए।
हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत कांगड़ा जिला के शाहपुर से संबंधित शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार (सेना मेडल) को अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता शौर्य पुरस्कार (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी माता, पत्नी और पुत्र ने ग्रहण किया।
ऊना जिला के बाथू गांव से बीएसएफ के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक व्यास देव को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में प्रदर्शित अदम्य साहस के लिए अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (राष्ट्र समर्पण एवं प्रेरणास्त्रोत) पुरस्कार प्रदान किया गया।
सिरमौर जिला के शिलाई की भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा को स्व. इंजीनियर मनमोहन सिंह कुंवर एवं प्रोमिला कुंवर स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (श्रेष्ठ युवा प्रतिभा – खेल) पुरस्कार से अलंकृत किया गया।
हमीरपुर जिला से पंजाब केसरी टीवी हिमाचल के राज्य प्रमुख डॉ. संजीव शर्मा को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए अमर शहीद लाला जगत नारायण स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया।
बिलासपुर जिला के घुमारवीं से संबंधित तथा डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिकेता शर्मा को समाज के प्रति उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं के लिए स्व. इंजीनियर पंडित राम शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (उत्कृष्ट चिकित्सक) पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा (पंजीकृत), दिल्ली को नेत्र चिकित्सा एवं समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्व. डॉ. डी.आर. गर्ग स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता उत्कृष्ट नेत्र आयुर्विज्ञान पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी प्रकार हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत झारखंड राज्य न्यायिक सेवा में जिला जज (वरिष्ठ न्यायिक सेवा) पद पर चयनित ऊना जिला के डंगोली गांव के शिव करण राणा को स्व. रोशन लाल शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री शान-ए-ऊना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके भाई बहादुर सिंह राणा ने प्राप्त किया।
हिमाचल महासभा, चंडीगढ़ को स्व. संतोष कंवर एवं स्व. कंवर हरिसिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री (उत्कृष्ट समाजसेवी संस्था) पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त बिलासपुर के साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश विधानसभा शिमला, श्याम लाल शर्मा को राणा शमशेर सिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री श्रेष्ठ लेखन, साहित्य एवं संस्कृति पुरस्कार से अलंकृत किया गया।
इसके अतिरिक्त बीएससी माइक्रोबायोलॉजी में प्रदेश टॉपर दीपिका को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया । 10वीं और 12वीं कक्षा में मेरिट में रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया तथा जरूरतमंदों को सहायक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद ऊना के राज्य अध्यक्ष जितेंद्र कंवर ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए परिषद की अब तक की स्वर्णिम यात्रा का विवरण और कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया।
सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर ने परिषद के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक ओपी रतन, शहीद अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, परिषद के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
.०.

प्रेस नोट

28 फरवरी 2026

उपमुख्यमंत्री ने किया माता श्री चिंतपूर्णी जी उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण

श्री चिंतपूर्णी विस में जलशक्ति विभाग के 150 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर : मुकेश अग्निहोत्री

श्री चिंतपूर्णी (ऊना), 28 फरवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र के लिए निर्मित 12.42 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इस योजना से मंदिर क्षेत्र सहित पांच पंचायतों के 19 गांवों में नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुदर्शन बबलू भी उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से 10 हजार से अधिक स्थानीय नागरिक, 4 हजार से अधिक विद्यार्थी तथा प्रतिवर्ष आने वाले हजारों श्रद्धालु लाभान्वित होंगे। कलरूही खड्ड से लगभग 17 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाकर पानी पहुंचाया गया है तथा तीन भंडारण टैंक और आधुनिक पंपिंग मशीनरी स्थापित की गई है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र लंबे समय से इस योजना की प्रतीक्षा कर रहा था। इसे समयबद्ध पूर्ण करने पर विभागीय अधिकारियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन स्थल चिंतपूर्णी में पेयजल व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा भविष्य की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित होगा।

प्रदेश में युद्धस्तर पर चल रहे हैं जल योजनाओं के कार्य
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेयजल योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है तथा विभिन्न योजनाओं के कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय जिला ऊना में पानी की गंभीर समस्या रही है, परंतु आज विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हर क्षेत्र तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है। जिले में व्यापक स्तर पर 600 से अधिक ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं तथा भभौर साहिब और पौंग डैम से जलापूर्ति की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 150 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं।

‘माता का बाग’ योजना छह माह में पूर्ण करने का लक्ष्य
उपमुख्यमंत्री ने 4 करोड़ रुपये लागत की ‘माता का बाग’ पेयजल योजना के कार्य को युद्धस्तर पर आरंभ करने के निर्देश देते हुए इसे छह माह में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। योजना के तहत कलरूही से माता का बाग तथा वहां से भरवाई होते हुए मंदिर क्षेत्र को जोड़ा जाएगा। साथ ही मुबारिकपुर सहित प्रमुख स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए प्याऊ निर्माण भी किए जाएंगे।

मंदिर विकास के लिए प्रथम चरण में 130 करोड़ उपलब्ध
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास, विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में लगभग 130 करोड़ रुपये उपलब्ध करवा दिए गए हैं। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि कार्य तत्काल आरंभ करवाया जाए तथा दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जब देश के अन्य प्रमुख मंदिरों का विकास हो सकता है तो माता चिंतपूर्णी के कार्य में विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र की प्रसाद योजना के अंतर्गत प्राप्त 56 करोड़ रुपये की धनराशि के लिए प्रदेश सरकार को न्यायालय का सहारा लेना पड़ा, जबकि अतिरिक्त 75 करोड़ रुपये राज्य सरकार ने उपलब्ध करवाए हैं, ताकि मंदिर परिसर को भव्य स्वरूप दिया जा सके।
100 करोड़ की रोपवे परियोजना को दें गति
उपमुख्यमंत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के लिए स्वीकृत 100 करोड़ रुपये की रोपवे परियोजना को शीघ्र सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगी।
उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा सुविधा से मंदिर क्षेत्र की आय में लगभग 12.50 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने भरवाईं चौक के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण, संपूर्ण मंदिर क्षेत्र में सभी अत्याधुनिक सुविधाएं निर्मित करने के लिए युद्धस्तर पर काम अकड़ने के निर्देश दिए।

जल परिवहन से जुड़ेगा नैना देवी मंदिर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने के लिए जल परिवहन की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। बिलासपुर से जलमार्ग के माध्यम से नैना देवी मंदिर को जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने जल परिवहन में केरल मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार धार्मिक पर्यटन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विधायक सुदर्शन बबलू की सक्रियता की सराहना करते हुए विकास कार्यों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना को आवश्यक बताया।
विधायक सुदर्शन बबलू ने जताया आभार
स्थानीय विधायक सुदर्शन बबलू ने माता श्री चिंतपूर्णी जी उठाऊ पेयजल योजना के लोकार्पण पर उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात बताया।
उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र एवं आसपास के गांवों में स्थायी पेयजल समाधान की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जो अब पूरी हुई है। मंदिर के विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 130 करोड़ रुपये की उपलब्धता को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताते हुए विश्वास जताया कि इससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नया बल मिलेगा। उन्होंने श्री चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के कार्य की प्रगति पीके लिए भी उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।

इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, राजेश पराशर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रविंद्र, विकास कश्यप, प्रमोद कुमार, उपायुक्त जतिन लाल, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता रोहित दूबे और अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान, एसडीएम पारस अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Press Not – 2

उपमुख्यमंत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में टेका माथा, प्रस्तावित विकास कार्यों का लिया जायजा

श्री चिंतपूर्णी, 28 फरवरी.

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर क्षेत्र के लिए 12.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना के लोकार्पण के उपरांत मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर माथा टेका तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन बबलू भी उनके साथ उपस्थित रहे।
उपमुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में प्रस्तावित विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों से संबंधित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मंदिर के भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा प्रथम चरण में विकास कार्यों हेतु 130 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि मंदिर विकास से जुड़े सभी कार्यों की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता एवं आधारभूत ढांचे से संबंधित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भरवाई पहुंचते ही श्रद्धालुओं को यह अनुभव होना चाहिए कि वे एक विशिष्ट एवं पवित्र धाम में प्रवेश कर रहे हैं। इसके लिए आकर्षक प्रवेश द्वार, समुचित सौंदर्यीकरण, थीम आधारित प्रकाश व्यवस्था, धार्मिक आस्था को प्रतिबिंबित करती कलाकृतियों तथा सेल्फी प्वाइंट्स का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागीय समन्वय के साथ सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुव्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

प्रेस नोट

विकास परियोजनाओं की हो सतत निगरानी और नियमित समीक्षा, कोताही बर्दाश्त नहीं : उपमुख्यमंत्री

माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर निर्माण परियोजना में विलंब पर जताई नाराज़गी

बोले…मंदिर कागजों पर नहीं, धरातल पर उतरे

27 फरवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में निर्माणाधीन प्रमुख विकास परियोजनाओं की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को विशेष गति की आवश्यकता है, उनकी उपायुक्त की अध्यक्षता में नियमित समीक्षा की जाए। विभागीय स्तर पर मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों तथा प्रत्येक माह उपायुक्त स्वयं प्रगति की विस्तृत समीक्षा करें, ताकि सभी जनोपयोगी कार्य तय समयसीमा में पूर्ण हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में उतरकर कार्यों की प्रगति की प्रत्यक्ष निगरानी करें।

वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार, ऊना में आयोजित जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू सहित समिति के गैर सरकारी सदस्य एवं विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर निर्माण परियोजना में विलंब पर जताई नाराज़गी

श्री अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर भवन निर्माण एवं परिसर सौंदर्यीकरण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए।

उन्होंने कहा कि जब माता वैष्णो देवी मंदिर का भव्य स्वरूप विकसित हो सकता है, जब श्री वृंदावन धाम में व्यापक विकास कार्य संभव हैं, तो फिर माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में कार्यों में विलंब क्यों । उन्होंने कहा कि पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य आरंभ न होना अस्वीकार्य है।

उन्होंने दो टूक कहा कि मंदिर कागजों पर नहीं, धरातल पर बनना चाहिए। यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति प्रशासनिक स्तर पर परिलक्षित न हो, तो योजनाएं मूर्त रूप कैसे लेंगी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के अंतर्गत प्राप्त 56 करोड़ रुपये तथा जिला प्रशासन के 75 करोड़ रुपये उपलब्ध होने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन एवं विकास मॉडल का अध्ययन करने हके लिए एक टीम भेजे, ताकि वहां हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और अभिनव व्यवस्थाओं से सीख ली जा सके। उसी तर्ज पर आधुनिक और नवाचारपूर्ण कार्य यहां भी लागू किए जाएं और उन्हें निश्चित समयसीमा में पूरा किया जाए।

मंदिर परिसर और मार्ग में सेल्फी पॉन्ट्स, अंब रेलवे स्टेशन पर मंदिर की प्रतिकृति वाला सेल्फी पॉन्ट्स बनाने को लेकर भी विचार करें। उन्होंने मंदिर से भरवाई तक सीसीटीवी कैमरों, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ एवं सुलभ शौचालयों तथा रेन शेल्टर की व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने माता श्री चिंतपूर्णी मुख्य बाजार में बिजली की तारों को अंडरग्राउंड डक्ट बनाने को कहा ताकि अटकी श्रद्धालुओं को राहत मिले।

जल्द शुरू हो श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर रोपवे परियोजना

उपमुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को नई उंचाई देने के उद्देश्य से श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर से संबंधित रोपवे परियोजना को शीघ्र सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि यह लगभग 100 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना है, जो श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगी।

उन्होंने इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

पंडोगा में 12 करोड़ से बनेगा रोपवे परियोजना

उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में रोपवे परियोजना को पूरी गति से आगे बढ़ाने को कहा । उन्होंने बताया कि पंडोगा क्षेत्र में वनखंडी के समीप रेस्ट हाउस के पास वनखंडी माता मंदिर के लिए लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। यह रोपवे होशियारपुर सीमा से पंडोगा तक निर्मित किया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। इसी साल अक्टूबर माह तक रोपवे निर्माण कार्य पूर्ण कर इसे जनता को समर्पित करने केंलक्ष्य से काम करने को कहा, ताकि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिल सके।

प्राथमिकता पर हो पुलों के काम, कोई मिसिंग लिंक न छूटे

बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में सड़कों एवं पुलों पर अरबों रुपये की परियोजनाएं पूर्ण होने से कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आया है। लेकिन जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अधिशासी अभियंता यह सुनिश्चित करें कि कहीं कोई ‘मिसिंग लिंक’ शेष न रह जाए। कहां कहां काम पूरे हो गए, कहां कहां चले हैं और क्या कोई ऐसी जगह है जहां पुल निर्माण की आवश्यकता अभी भी भी बाकी है उसका समग्र डाटा विभाग एवं जिला प्रशासन के पास उपलब्ध होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन पुलों के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध पूरा किया जाए ताकि कनेक्टिविटी निर्बाध बनी रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वां नदी में बाढ़ आने पर दोनों किनारों के लोग कट जाते थे, यातायात बाधित हो जाता था, लेकिन अब अनेक पुलों के निर्माण से आमजन को बड़ी राहत मिली है।

उन्होंने जिले में निर्माणाधीन पांच प्रमुख पुलों के कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर रामपुर में वर्ष 2024 में क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर स्थापित बैली ब्रिज की बजाय स्थायी पक्का पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर इसे आगामी बजट में हर हाल में शामिल कराने के निर्देश दिए। इसके लिए उपायुक्त को व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने लाठियानी-मंदली पुल परियोजना की प्रगति की सतत मॉनिटरिंग के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण किसी भी एजेंसी द्वारा किया जा रहा हो, किंतु जिला प्रशासन के पास इसकी अद्यतन जानकारी एवं प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त पंडोगा-त्यूड़ी पुल, लोहारली-चुरड़ू पुल तथा स्वां नदी पर अंब रेलवे स्टेशन एवं गगरेट को जोड़ने वाले पुल के निर्माण कार्यों को भी समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए ।

ट्यूबवेलों के जीर्णोद्धार के लिए तैयार हो समेकित डीपीआर

उपमुख्यमंत्री ने जल प्रबंधन से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए बताया कि ऊना जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 600 ट्यूबवेल संचालित हैं। जिन ट्यूबवेलों की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की आवश्यकता है, उन्हें चिह्नित कर एक समेकित डीपीआर तैयार की जाए, ताकि वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव एकमुश्त भेजा जा सके और आवश्यक रिमॉडलिंग कार्य संपन्न हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ट्यूबवेलों को नवीन क्रम संख्या देकर विधानसभा-वार अद्यतन डाटा तैयार किया जाए, जिससे वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप समग्र योजना निर्माण संभव हो सके।

जल परिवहन को बढ़ावा, बंगाणा में संभावनाएं तलाशने के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में जल परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। इस दिशा में 68 करोड़ रुपये का एमओयू भी किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि ऊना जिले के बंगाणा क्षेत्र में गोविंद सागर झील के कारण जल परिवहन और जल-आधारित पर्यटन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यदि बंगाणा क्षेत्र के लिए कोई व्यवहारिक एवं नवाचार आधारित प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाता है तो यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिए कि इस संबंध में संभावनाओं का अध्ययन कर ठोस प्रस्ताव तैयार किया जाए।

आलू प्रोसेसिंग प्लांट का कार्य शीघ्र आरंभ हो

उपमुख्यमंत्री ने श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित आलू प्रोसेसिंग प्लांट के निर्माण कार्य को शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए। इसके लिए भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी, उपायुक्त तथा स्थानीय विधायक संयुक्त रूप से बैठक कर प्लांट के लेआउट पर चर्चा कर उसे अंतिम रूप दें, ताकि कार्य प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने कहा कि परियोजना की आधारशिला मुख्यमंत्री के हाथों रखवाने का आग्रह किया जाएगा।

ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं पर काम करें

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऊना जिले में ईको-टूरिज्म की व्यापक संभावनाओं को चिन्हित कर योजनाबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से कार्य किया जाए, ताकि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें। इस दिशा में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करें।

श्री अग्निहोत्री ने लावारिस पशुओं की समस्या को देखते हुए कृषि विभाग के माध्यम से संचालित बाड़बंदी योजना के प्रचार प्रसार पर जोर दिया। इस योजना के तहत बजट बढ़ाने को उपायुक्त के माध्यम से प्रपोजल भेजें। ताकि किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो सकें और योजना का दायरा अधिक प्रभावी ढंग से विस्तारित किया जा सके।

दूषित जल निकासी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने बैठक में टाहलीवाल क्षेत्र में कुछ औद्योगिक इकाइयों द्वारा दूषित जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के मुद्दे पर गंभीर चिंता व्यक्त की तथा प्रशासन को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित औद्योगिक इकाइयों द्वारा पर्यावरणीय मानकों एवं नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि नाले का निर्माण आबादी क्षेत्र से बाहर तक सुव्यवस्थित ढंग से किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा दूषित जल की निकासी आबादी से दूर सुरक्षित रूप से हो सके। इस कार्य की समस्त लागत भी संबंधित एवं जिम्मेदार औद्योगिक इकाइयों द्वारा वहन की जाए।

चिंतपूर्णी माता मंदिर पेयजल योजना का लोकार्पण 28 को

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि श्री चिंतपूर्णी माता मंदिर एवं साथ लगती पंचयतों के लिए करीब 12.25 करोड़ से 100 फीसदी तैयार कर ली गई है। इस पेयजल योजना का 28 फरवरी शनिवार को लोकार्पण किया जाएगा।

विधायक सुदर्शन बबलू ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे

श्री चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन बबलू ने बैठक में विभिन्न जनहित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने समिति की बैठक हर तीन महीने के अंतराल में आयोजित कराने का आग्रह किया ताकि विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा नियमित हो सके। विधायक ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास के लिए दिए गए निर्देशों पर आभार जताते हुए कहा कि बड़े मंदिरों की तर्ज पर समग्र विकास कार्य शीघ्र आरंभ करने और आधारशिला जल्द रखने का आग्रह किया।

उपायुक्त जतिन लाल ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा बैठक में दिए सभी निर्देशों का पूरा पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वरिष्ठ रणजीत राणा, जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, राज्य परिवहन निगम के सदस्य विवेक मिंका, हिमाचल प्रदेश के रोपवे एवं रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के निदेशक अजय शर्मा , मेहताब ठाकुर सहित अन्य गैर सरकारी सदस्य, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा समेत सभी एसडीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रेस नोट – 2

ग़रीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता : उपमुख्यमंत्री

ऊना में डेढ़ साल में सामाजिक सुरक्षा पर 186 करोड़ व्यय, 70 हज़ार से अधिक परिवारों को सीधा लाभ

ऊना, 27 फरवरी. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। ऊना जिले में बीते डेढ़ वर्ष के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर 186 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं, जिससे 70 हजार से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ पहुंचा है।

वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार ऊना में आयोजित जिला कल्याण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में श्री चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ, समिति के गैर-सरकारी सदस्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचे। उन्होंने बताया कि जिले में वर्ष 2024-25 में 121 करोड़ रुपये तथा चालू वित्त वर्ष में अब तक 64.65 करोड़ रुपये व्यय कर 70 हजार से अधिक लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की गई है।

वर्तमान वित्त वर्ष में वृद्धावस्था पेंशन के तहत 44,818 लाभार्थियों को 41.97 करोड़ रुपये वितरित किए गए। विधवा पेंशन के अंतर्गत 9,412 महिलाओं को 8.98 करोड़ रुपये तथा 6,065 दिव्यांगजनों को दिव्यांग राहत भत्ते के रूप में 5.7 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई।

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 5,451 पात्र महिलाओं को 5.17 करोड़ रुपये तथा इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना के अंतर्गत 2,055 महिलाओं को 1.9 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है।

सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 76 दंपत्तियों को 38 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। अत्याचार से पीड़ित 32 व्यक्तियों को 12.75 लाख रुपये की राहत प्रदान की गई।

कौशल विकास के क्षेत्र में 162 युवाओं को कंप्यूटर एप्लीकेशन योजना के तहत 79.73 लाख रुपये का कौशल विकास भत्ता दिया गया। दिव्यांग छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 11 लाभार्थियों को 1.41 लाख रुपये तथा दिव्यांग विवाह अनुदान योजना के तहत 7 दंपत्तियों को 2.75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 26 एससी, एसटी एवं ओबीसी परिवारों को गृह अनुदान योजना के तहत 8.25 लाख रुपये की सहायता दी गई।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला स्तर पर योजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा की भावना से जुड़ी संवेदनशील पहल हैं।

विधायक सुदर्शन बबलू ने बैठक में विभिन्न जनहित मुद्दों को उठाते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।

उपायुक्त जतिन लाल ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने विभागीय योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष देशराज गौतम, वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, जल प्रबंधन बोर्ड सदस्य पवन ठाकुर, राज्य परिवहन निगम सदस्य विवेक मिंका, मेहताब ठाकुर सहित अन्य गैर-सरकारी सदस्य, सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा तथा जिले के सभी एसडीएम एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Published
Categorized as Press Notes
YouTube
YouTube
Instagram