प्रेस नोट

21 मई 2025

मुकेश अग्निहोत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज छोटा शिमला स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने राजीव गांधी को एक दूरदर्शी नेता और आधुनिक भारत का शिल्पी बताया।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की दिशा में अग्रसर करने की मजबूत नींव रखी। कंप्यूटर क्रांति, संचार तकनीक का विस्तार, पंचायती राज को सशक्त बनाना, शिक्षा और युवाओं के सशक्तिकरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनकी दूर दृष्टि और प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश सेवा और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनका सपना एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और आधुनिक भारत का था। आज हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर देश और प्रदेश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि राजीव गांधी सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि बदलाव और नवाचार के प्रतीक थे।
.0.

English

Deputy CM pays floral tribute to former Prime Minister Rajiv Gandhi

Deputy Chief Minister Mukesh Agnihotri paid floral tributes to former Prime Minister and Bharat Ratna Rajiv Gandhi on the death anniversary in Chhota Shimla today.
On this occasion Shri Agnihotri remembered Rajiv Gandhi as a visionary leader and the true architect of modern India.
He said that Rajiv Gandhi laid a strong foundation to guide India into the 21st century. Shri Gandhi’s historic decisions such as ushering in the computer revolution, expanding communication technologies, empowering Panchayati Raj institutions, promoting education and youth empowerment were the testament to his foresight and dedication.
The Deputy Chief Minister said that Rajiv Gandhi devoted his entire life for the service of the nation and the welfare of its people. He said that his dream was to build a prosperous, self-reliant and modern India. Today, it is our duty to follow the path he showed and contribute to the progress of our state and country.
Mukesh Agnihotri further said that Rajiv Gandhi was not just a politician, but a symbol of change and innovation.
-0-

प्रेस नोट

17 मई 2025

जमा दो परीक्षा परिणामों में ऊना ज़िला की धूम
स्टेट टॉपर सहित ज़िले के 13 छात्र मेरिट सूची में शामिल

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित जमा दो (कक्षा 12वीं) के परीक्षा परिणामों में ऊना ज़िले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में धूम मचाई है । स्टेट टॉपर सहित ज़िले के 13 छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

गगरेट क्षेत्र की महक ने प्रदेश भर में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल ऊना ज़िले बल्कि गगरेट विधानसभा क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से छात्रों को व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी । उपमुख्यमंत्री ने कहा कि महक की यह उपलब्धि न केवल एक अकादमिक सफलता है, बल्कि हर उस बेटी के लिए प्रेरणा है जो ऊँचाइयों को छूने का सपना देखती है। उन्होंने कहा कि यह सिद्ध करता है कि मेहनत, समर्पण और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।

श्री अग्निहोत्री ने यह भी कहा कि ऊना ज़िले के 13 विद्यार्थियों का प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त करना, शिक्षा के क्षेत्र में जिले की निरंतर प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और उनके सहयोग की सराहना की।

उन्होंने विशेष रूप से हरोली क्षेत्र के लोअर बढ़ेडा की नवनीत कौर को प्रदेश भर में तृतीय स्थान, बिलना के गगन दीप सिंह और पंजावर की साक्षी को चौथा स्थान प्राप्त करने के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने पलक ठाकुर, कनक शर्मा, कृतिका शर्मा , साक्षी , शगुन, अनन्या ठाकुर , दीक्षा वर्मा , तनिक्षा ठाकुर , अंशिका और लवप्रीत को मेरिट सूची में आने की बधाई दी ।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन छात्रों की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

इस अवसर पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने भी परीक्षा परिणामों में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी छात्रों को भी शुभकामनाएं दीं।

प्रेस नोट

16 May 2025

उप मुख्यमंत्री ने एचपीयू में आयोजित अभ्युदय 2025 में की शिरकत

उप मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश मुकेश अग्निहोत्री ने आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय सभागार में विवि विधिक अध्ययन संस्थान (यूआईएलएस) एवालॉज द्वारा आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव “अभ्युदय 2025” के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यूआईएलएस एक ऐसा संस्थान है जहां से हमारे भविष्य के अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं राजनेता निकलेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में लगभग 12 से 14 विधायक इसी विश्वविद्यालय से निकले हैं। इस संस्थान से निकले छात्र आज हर क्षेत्र में सेवाएं प्रदान कर रहे हैं जो सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यहां के अध्यापकों की देश तथा प्रदेश में अपनी अलग पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से सभी अध्यापकों का सम्मान एवं कड़ी मेहनत कर इस देश तथा प्रदेश को आगे ले जाने का आग्रह किया।उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय से हमारा गहरा संबंध रहा है। हमारी धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रो सिम्मी अग्निहोत्री ने लगभग 28 वर्ष तक इस विश्वविद्यालय में सेवाएं दी है और अब बेटी डॉ आस्था अग्निहोत्री इस संस्थान में सेवाएं दे रही है।

यूआईएलएस कैंपस भवन के जीर्णोद्धार के लिए अधिकारियों के टीम करेगी विजिट

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यूआईएलएस संस्थान का कैंपस मुख्यमंत्री का आवास भी रह चुका है। आज यहां बात सामने आई है कि कैंपस के भवन के हालात ठीक नहीं है जिसकी मरम्मत करने की आवश्यकता है। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति ने भवन के लिए लगभग 5 करोड़ रुपए जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही यूआईएलएस संस्थान कैंपस भवन के जीर्णोद्धार के लिए अधिकारियों के टीम विजिट करेगी ताकि संस्थान के भवन की मरम्मत हो सके। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि संस्थान की हालत ठीक हो और इस संस्थान से छात्र आगे जाकर देश तथा प्रदेश का नाम रोशन करे।

प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता गरीब लोगों का विकास एवं कल्याण

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता गरीब लोगों का विकास एवं कल्याण है और इस दिशा में यह सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में हर क्षेत्र में शिक्षण संस्थान मौजूद हैं। प्रदेश में हर क्षेत्र में बहुत विकास हुआ है जिसके लिए उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार एवं वीरभद्र सिंह को याद किया।इस दौरान विश्वविद्यालय के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

न्यूजलेटर विधि वॉल्यूम 2 का किया विमोचन, विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे छात्रों को किया सम्मानित

उप मुख्यमंत्री ने दो दिवसीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे छात्रों को सम्मानित भी किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने यूआईएलएस संस्थान के न्यूजलेटर विधि वॉल्यूम 2 का विमोचन भी किया।विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा ने विश्वविद्यालय के बारे में अपनी बात रखी तथा मुख्यातिथि का स्वागत किया।निदेशक प्रो. शिव कुमार डोगरा ने यूआईएलएस संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी।डॉ रितिका राणा ने 2 दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा रखी।

यह भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के वरिष्ठ नेता महेश्वर सिंह चौहान, विनोद जिंटा, विवि की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ममता मोक्टा, कुलसचिव ज्ञान सागर नेगी, परीक्षा नियंत्रक प्रो श्याम लाल कौशल, प्रो. सुनील देष्टा सहित विवि के अधिष्ठाता और संस्थानों के निदेशकों और विभागाध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।-०-

प्रेस नोट

पार्ट-1
3 दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का हुआ भव्य आगाज, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी रहे मौजूद
शोभायात्रा के माध्यम से नशा मुक्त ऊना- नशा मुक्त हिमाचल, “नशे को ना, जिंदगी को हां“ का दिया संदेश
देशभक्ति गीतों की धूनों से गुंजी राज्य स्तरीय हरोली उत्सव की शोभायात्रा
ऊना, 27 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने रविवार को कांगड़ मैदान से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान लेडी गर्वनर जानकी शुक्ल और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री भी विशेष रूप से मौजूद रही।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री कॉलेज हरोली से कांगड़ मैदान तक एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुई जिसमें नशा निवारण विषय पर आधारित नशा मुक्त ऊना- नशा मुक्त हिमाचल के माध्यम से समाज को नशे को ना जिंदगी को हां का जागरूकता संदेश दिया गया। इस शोभायात्रा में स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों तथा विभिन्न सामाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही शोभायात्रा में देशभक्ति की धूनों ने हरोली की धरा को मंत्र मुग्ध किया।
विकास प्रदर्शनी का उद्धघाटन
इस दौरान राज्यपाल ने समारोह स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनियों का उद्धघाटन भी किया। इन प्रदर्शनी स्टॉलों में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यक्रमों की जानकारी आम जनता को दी। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी स्टॉलों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों के स्टॉल और ईट राइट मेले की तर्ज पर पौष्टिक व्यंजनों जैसी विभिन्न स्टॉल स्थापित किए गए।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बवलू, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रंजीत राणा, अशोक ठाकुर, राजभवन के सचिव चंद्र प्रकाश वर्मा, विनोद कुमार, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह सहित हरोली विस क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-0-

पार्ट-2
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने दीप प्रज्वलित करके उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने उत्सव समारोह के मंच से हरोली विधानसभा क्षेत्र की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं विकासात्मक झलक को दर्शाती एक बहुरंगी स्मारिका का भी विमोचन किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
उप मुख्यमंत्री का संबोधन
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य स्तरीय हरोली उत्सव सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और जन-जागरूकता का संदेश देते हुए क्षेत्र में एक नए उत्साह का संचार किया है। आगामी दो दिनों तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद गतिविधियाँ, और सामाजिक विषयों पर केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही उप उन्होंने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का हरोली उत्सव में मुख्यातिथि के रूप में पधारने के लिए आभार व्यक्त किया।
वर्तमान में हरोली पूरे भारत में एक विकास के मॉडल के रूप में उभरा है। हरोली की धरा पर हर क्षेत्र में विकास की अलग गाथा लिखी गई है। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य सहित प्रत्येक क्षेत्र में हरोली अग्रणी बनके उभरा है। शिक्षा के क्षेत्र में हरोली ने बहुत बडे़ आयोम स्थापित किए हैं यहां ट्रिपल आईटी जैसे बडे़ शिक्षा संस्थान, तीन डिग्री कॉलेज, नर्सिंग और लॉ कॉलेज के साथ-साथ दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोले गए हैं। इन शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा ग्रहण करके हरोली के बच्चें बड़े बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में उच्चें पदों पर सेवाएं देकर हरोली विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ प्रदेश नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंन कहा कि हरोली की जनता की सुविधा के लिए जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिषाशी अभियंता कार्यालय खोले गए हैं जिससे हरोली की जनता को इसकी सुविधा घरद्वार पर मिल रही है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान समय में हरोली विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रूपये पेयजल और सिंचाई की विभिन्न स्कीमों पर खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक और पंजाबी गायन सहित एलइडी लांगमैन, रोबोट ट्रांसफार्मर, अंर्तराष्ट्रीय महिला ड्रम बैंड आकर्षण का मुख्य केंद्र होंगे।
-0-

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से सजा राज्य स्तरीय हरोली उत्सव

ऊना, 27 अप्रैल। राज्य स्तरीय हरोली उत्सव की अनुगूंज में संपूर्ण हरोली क्षेत्र देश भक्ति और सामाजिक जागरूकता के भावों से ओत प्रोत है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अथक प्रयासों और दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप सात वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हरोली उत्सव एक नए और भव्य स्वरूप में पुनः आयोजित किया जा रहा है। पहले जहां यह जिला स्तरीय उत्सव के रूप में मनाया जाता था, वहीं इस वर्ष इसे राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 के रूप में नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया गया है। इस विशेष पहल का श्रेय पूरी तरह से उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जाता है, जिनके निरंतर प्रयासों ने इस सांस्कृतिक पर्व को भव्यता प्रदान की।

तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव का भव्य शुभारंभ आज हरोली के कांगड़ मैदान में हुआ। उत्सव का आयोजन 27 अप्रैल से 29 अप्रैल, 2025 तक विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और खेल गतिविधियों के साथ किया जा रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हरोली क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए समाज में जागरूकता फैलाना है।

इस वर्ष के हरोली उत्सव की थीम “नशा निवारण” रखी गई है, जिसके अंतर्गत “नशा मुक्त ऊना – नशा मुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है। सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, जन-जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियाँ इस थीम के इर्द-गिर्द केंद्रित हैं, ताकि युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई जा सके और उन्हें एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन के लिए प्रेरित किया जा सके।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर कहा कि, “हरोली उत्सव हमारी संस्कृति, हमारी जड़ों और सामाजिक जिम्मेदारियों को जोड़ने का एक माध्यम है। नशा जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ यह उत्सव जन आंदोलन का रूप लेगा। राज्य सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए कृतसंकल्पित है।”

हरोली उत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक जागरूकता अभियान आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि भविष्य में इस उत्सव को और भी बड़े पैमाने पर मनाने की योजना है।

हरोली उत्सव के पहले दिन की भव्य शुरुआत ने यह सिद्ध कर दिया कि यह आयोजन क्षेत्र के विकास, सामाजिक बदलाव और सांस्कृतिक समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


प्रेस नोट

कांगड़ मैदान सज-धज के तैयार, राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 की तैयारियां मुक़म्मल

उपमुख्यमंत्री ने किया निरीक्षण

ऊना, 26 अप्रैल. राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2025 को लेकर कांगड़ मैदान सज-धज के तैयार है। उत्सव के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां मुकम्मल ली गई हैं।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (शनिवार) हरोली के कांगड़ मैदान में 27 से 29 अप्रैल तक होने वाले इस तीन दिवसीय उत्सव की तैयारियों को लेकर कांगड़ मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री पीजी कॉलेज, हरोली से कांगड़ मैदान तक प्रस्तावित शोभायात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
राज्यपाल करेंगे शुभारंभ, भव्य शोभायात्रा का होगा आयोजन
उत्सव का शुभारंभ 27 अप्रैल को सायं 5 बजे राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल द्वारा किया जाएगा। वे भव्य शोभायात्रा की अगुवाई के उपरांत कांगड़ मैदान में आयोजित समारोह का उद्घाटन करेंगे।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री 28 अप्रैल को मध्योत्सव पर मुख्य अतिथि होंगे, जबकि समापन समारोह 29 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
नशा मुक्ति के संदेश पर जोर
गौरतलब है कि इस वर्ष उत्सव की थीम “नशा निवारण” निर्धारित की गई है। इसके तहत “नशा मुक्त ऊना – नशा मुक्त हिमाचल” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। शोभायात्रा में स्वयं सहायता समूहों, विद्यालयों के विद्यार्थियों, सांस्कृतिक दलों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे तथा “नशे को ना, जिंदगी को हां” का संदेश देंगे।

कला-संस्कृति का संगम

उत्सव में तीनों दिन स्थानीय तथा हिमाचली कलाकारों के साथ साथ देश विदेश के कलाकारों प्रस्तुतियों से सजी भव्य सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।27 अप्रैल को पंजाबी गायक मनकीरत औलख, हिमाचली गायक कुमार साहिल एवं अर्शप्रीत अपने सुरों से समां बांधेंगे।28 अप्रैल को इंडियन आइडल फेम नितिन कुमार, अनुज शर्मा और प्रख्यात गायक एसी भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
29 अप्रैल को समापन समारोह के अवसर पर स्टार पंजाबी गायक गैरी संधू और जसबीर जस्सी अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे।
इसके अतिरिक्त, अफ्रीकन डांस, रशियन फायर डांस तथा यूक्रेनियन ड्रम बैंड जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

खेल, मनोरंजन और विकास प्रदर्शनी
उत्सव के दौरान पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं जैसे छिंज, कुश्ती, कबड्डी, रस्साकशी तथा मटका दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा।साथ ही, महिला मंडलों, युवक मंडलों, विद्यालयों और विभिन्न संस्थाओं के लिए रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभागों की विकास प्रदर्शनी तथा स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी उत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सात वर्षों के लंबे अंतराल के उपरांत उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से यह भव्य आयोजन संभव हो रहा है। यह उत्सव हरोली क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं के संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के संकल्प को समर्पित है।

प्रेस नोट

सोलन     दिनांक 25.04.2025

सहकारी क्षेत्र आर्थिकी सुदृढ़ीकरण और सामाजिक सशक्तिकरण का मज़बूत आधार – मुकेश अग्निहोत्री
सहकारी क्षेत्र युवाओं के लिए रोज़गार एवं स्वरोज़गार का सशक्त माध्यम – डॉ. शांडिल
1.85 करोड़ रुपए से निर्मित श्री लक्ष्मी सिंह व्यवसायिक परिसर का किया लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सहकारी क्षेत्र आर्थिकी सुदृढ़ीकरण और सामाजिक सशक्तिकरण का मज़बूत आधार है। मुकेश अग्निहोत्री आज यहां 1.85 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित श्री लक्ष्मी सिंह व्यवसायिक परिसर का लोकार्पण करने के उपरांत जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री की अगुवाई में दो मिनट का मौन रखकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को एक कायरतापूर्ण हमले में मृत दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की गई और उनकी आत्मिक शांति के लिए परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की गई।
उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ने इससे पूर्व प्राचीन दुर्गा माता मंदिर में पूजा अर्चना कर सभी की सुख, समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
मुकेश अग्निहोत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायरतापूर्ण हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि यह घटना बहुत ही दुःखद है। उन्होंने कहा कि हमलावरों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के लिए कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि हमारा देश किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम है। उन्होंने आशा जताई कि केन्द्र सरकार शीघ्र ही आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सहकारी समितियों का कम्प्यूटरीकरण किया जा रहा है तथा लगभग एक हजार से अधिक सहकारी समितियों को कम्प्यूटरीकृत कर दिया गया है शेष का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि शीघ्र प्रदेश की सभी सहकारी समितियां ऑनलाइन होगी। उन्होंने सभी से सहकारी समितियों को सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रदेश के सहकारी क्षेत्र में कार्यरत बैंकों को सहयोग देने का भी आग्रह किया। उन्होंने सहकारी समितियों से जुड़े सभी व्यक्तियों से आग्रह किया कि पूरी ईमानदारी के साथ कार्य करते रहें और आमजन के विश्वास के आधार पर सहकारी क्षेत्र को और मज़बूत बनाएं।  
उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन देश भर में सबसे पहले हिमाचल प्रदेश में आरम्भ किया गया था। ऊना ज़िला के निवासी हीरा सिंह द्वारा भारत की पहली सहकारी सोसायटी आरम्भ की गई थी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की पहचान शॉल व टोपी को विश्व में प्रसिद्धि दिलवाने वाला भुट्टिकों ब्रांड भी सहकारी क्षेत्र की देन है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सहकरी क्षेत्र शिक्षा एवं दुग्ध उत्पादन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में रोज़गार व स्वरोज़गार के अनेक अवसर सृजित कर रहा है। ऊना में प्रदेश का पहला विधि महाविद्यालय तथा बिलासपुर में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में सहकारी समितियों का विशिष्ट योगदान हैं। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में आय का मुख्य आधार सहकारी कारोबार है। महाराष्ट्र और गुजरात जैसे राज्यों में सहकारी क्षेत्र आर्थिकी को सम्बल प्रदान कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी विपणन एवं वितरण संघ सीमित द्वारा श्री लक्ष्मी सिंह व्यवसायिक परिसर के निर्माण से न केवल युवाओं को रोज़गार मिलेगा अपितु स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवसायिक परिसर में 42 दुकानें तथा 02 गोदाम निर्मित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सहकारी सैक्टर लगभग 55 हजार करोड़ रुपए का है और इसके माध्यम से रोज़गार, स्वरोज़गार और सेवा क्षेत्र को बल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में सहकारी क्षेत्र के माध्यम से सम्भावनाओं के नए द्वार खुलेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगर निगम सोलन के निर्वाचन के समय किए गए वायदों को अक्षरशः पूरा किया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सहकारी विपणन एवं वितरण संघ के सदस्यों को व्यवसायिक परिसर के निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह व्यवसायिक परिसर संघ के लिए आय का साधन बनेगा साथ ही युवाओं को रोज़गार भी उपलब्ध करवाएगा।
उन्होंने कहा कि सहकारी क्षेत्र के माध्यम से शिक्षित और बेरोज़गार युवा अपनी आर्थिकी को मज़बूत बनाने का प्रयास कर सकते हैं। इस क्षेत्र में विकास की असीमित सम्भावनाएं है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में बेमौसमी सब्जियों के उत्पादन और प्रसंस्करण इकाई के अतिरिक्त स्थानीय कच्चे माल पर आधारित लघु उद्योग सहकारी क्षेत्र में अच्छा कार्य कर सकते है।
दी सोलन तहसील सहकारी विपणन एवं वितरण संघ सीमित के अध्यक्ष मोहन लाल मेहता ने इस अवसर पर मुख्यातिथि का स्वागत किया व संघ के कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर सहकारी विपणन एवं वितरण संघ सीमित सोलन द्वारा उप मुख्यमंत्री को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1.51 लाख रुपए का चैक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री को रोगी कल्याण समिति सोलन के लिए 1.21 लाख रुपए का चैक भेंट किया गया।
नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, पार्षदगण, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल ठाकुर, सुरेन्द्र सेठी, रमेश ठाकुर, रमेश चौहान, शिव कुमार, कुल राकेश पंत, जगमोहन मल्होत्रा, विकास काल्टा, संधीरा दुल्टा, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत सलोगड़ा के पूर्व प्रधान लक्ष्मी दत्त शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा सहित दी सोलन तहसील सहकारी विपणन एवं वितरण संघ सीमित के संचालक सोम दत्त शर्मा सहित संघ के निदेशक व सदस्य तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।    
.0.

Get Your Photo

24 April 2025

आतंकवाद पर राष्ट्रहित में उठाए हर निर्णय में कांग्रेस केंद्र सरकार के साथ- मुकेश अग्निहोत्री

आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग

ऊना, 24 अप्रैल. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आतंकवाद पर राष्ट्रहित में उठाए हर निर्णय में कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के साथ है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कायराना हरकत की कड़े शब्दों में निंदा करती है। उन्होंने इसे अमानवीय और दिल दहलाने वाली घटना करार दिया।
ऊना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ आज पूरे देश में आक्रोश है और इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी एक जिम्मेदार विपक्ष के तौर पर केंद्र सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है। श्री अग्निहोत्री ने कहा कि एक राष्ट्र, एक राज्य और एक जिम्मेदार राजनीतिक दल के रूप में हम सरकार के साथ हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म के खिलाफ मुखर और स्पष्ट रुख अपनाया है। आतंकवाद में पाकिस्तान और उसकी सेना का निश्चित हाथ रहा है । आतंकवाद को पनाह देने वालों के खिलाफ केंद्र सरकार जो भी कड़े कदम उठाएगी, कांग्रेस उसका समर्थन करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इस नृशंस हमले ने हमारी सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र की कमजोरियों को उजागर किया है, परंतु कांग्रेस इस समय दोषारोपण के बजाय यह चाहती है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्णायक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि विश्व के अनेक देश आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ खड़े हैं। केंद्र सरकार द्वारा पाकिस्तान पर उठाए जा रहे कड़े कदमों का कांग्रेस समर्थन करती है। राष्ट्रहित में उठाए गए हर निर्णय में कांग्रेस सरकार के साथ है। हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार समयबद्ध माकूल जवाब दे,
निर्णायक करवाई की जाए ताकि आतंकवाद देश में सिर न उठा पाए।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अविनाश कपिला,वीरेंद्र धर्माणी, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विजय डोगरा, अधिवक्ता वीरेंद्र मनकोटिया, सुरेश ठाकुर, विनोद बिट्टू, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


बल्क ड्रग पार्क निर्माण को लेकर हिमाचल सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : उप मुख्यमंत्री

ऊना, 24 अप्रैल.
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना के निर्माण को लेकर हिमाचल सरकार पूरी तरह से गंभीर और प्रतिबद्ध है। हम तत्परता से इसे गति देने का काम कर रहे हैं।
गुरुवार को ऊना में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केन्द्रीय मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा प्रदेश सरकार की ओर से परियोजना में केंद्र से मिली धनराशि न खर्च पाने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री को संभवतः सही जानकारी नहीं दी गई थी, जिस कारण उन्होंने इस प्रकार का बयान दिया। उन्होंने श्री नड्डा से स्वयं परियोजना स्थल पर आकर काम की प्रगति देखने आग्रह किया । उन्होंने बताया कि वहां परियोजना से जुड़े बहुत से कार्य गति पर हैं। हम 400 से 500 करोड़ के टेंडर कर चुके हैं। जलशक्ति विभाग के 56 करोड़ के काम पूरे किए जा चुके हैं। टोबों की रीचार्जिंग के 15 करोड़ के काम किए जा रहे हैं। इसके अलावा बिजली और सड़क सुविधा के कार्यों को आगे बढ़ाया गया है।
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि पहाड़ी राज्य में निर्माण में आने वाली दिक्कतों के चलते हमने अतिरिक्त आर्थिक सहायता के तौर पर केंद्र से 500 करोड़ की मांग की है। इसके अलावा, परियोजना के तहत अजोली-पोलियों सड़क के लिए 429 करोड़ रुपये की डीपीआर बना कर केंद्र सरकार को भेजी है। वहीं परियोजना में भविष्य में पानी की जरूरतों को देखते हुए 50 एमएलडी की सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए भाखड़ा डैम से पानी उठाने की 170 करोड़ की स्कीम की डीपीआर भी केंद्र सरकार को भेजी गई है।
उन्होंने जेपी नड्डा से अपील की कि वे इन कार्यों के लिए केंद्र सरकार से धनराशि मंजूर कराने में मदद करें। इसके अलावा जेजों से पोलियां करीब 6 किलोमीटर रेलवे लाइन बिछाने और बल्क ड्रग पार्क के लिए टाहलीवाल से करीब 8 किलोमीटर प्राकृतिक गैस पाइप लाइन पहुंचाने के काम में केंद्र सरकार से मदद दिलाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सारे मानकों को पूरा करते हुए पर्यावरणीय स्वीकृतियों को लेकर केंद्र सरकार को आवेदन किया है। इसे लेकर पर्यावरण मंत्रालय की सब कमेटी का दौरा होना है, लेकिन वो पिछले 3 महीने से लंबित है। उन्होंने श्री नड्डा से इसमें हस्तक्षेप करने और शीघ्र सब कमेटी की विजित करवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि स्वीकृतियों के बाद ही साइट पे काम शुरू होगा।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि देश में कुल तीन बल्क ड्रग पार्क स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला स्थित हरोली विधानसभा क्षेत्र में बन रहा है।
इस परियोजना की मूल अवधारणा केंद्र सरकार द्वारा निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ प्रस्तावित थी, परंतु वर्तमान प्रदेश सरकार ने इसे जनहित प्रथम की भावना से स्वयं संचालित करने का साहसिक निर्णय लिया। राज्य सरकार और केंद्र सरकार इस परियोजना में 1000-1000 करोड़ रुपये का समान निवेश कर साझेदार के रूप में कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि हम संघीय व्यवस्था में रहते हैं और केंद्र व राज्यों के संबंध के महत्व को मानते हैं तथा उसका सम्मान करते हैं।
उन्होंने कहा कि विकास के कार्यों में दलगत राजनीति कोई स्थान नहीं है। हम विकास और कल्याण की राजनीति में यकीन रखते हैं।

प्रेस नोट

*जिला स्तरीय पांच दिवसीय किसान मेला पधर शुरू*

*उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना, शोभा यात्रा में हुए शामिल, झंडा फहराकर मेले का किया शुभारंभ*

*पधर, 15 अप्रैल-*

पधर में मनाए जाने वाले 5 दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेले का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज विधिवत रूप से देव श्री सूत्रधारी ब्रह्मा जी महाराज व अन्य देवी देवताओं की पूजा अर्चना कर किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने मेला स्थल पर मेले का ध्वज फहराया और जल शक्ति विश्राम गृह डलाह से मेला मैदान तक निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में भी भाग लिया।

उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति की अपनी एक अलग पहचान है। मेले के दौरान देवी-देवताओं के आगमन एवं मेल मिलाप से जहां हमारी प्राचीन देव संस्कृति को बल मिलता है तो वहीं यह अधिक मजबूत व समृद्ध भी होती है। साथ ही इस तरह के आयोजनों से हमारी नई पीढ़ी को प्रदेश की इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने व सहेजने का सुअवसर भी प्राप्त होता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिला के विकास में पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह का उल्लेखनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा द्रंग विधानसभा क्षेत्र में आईआईटी जैसा विश्व स्तरीय संस्थान लाना ठाकुर कौल सिंह के प्रयासों से संभव हुआ है और नेरचौक मेडिकल कॉलेज भी इन्हीं के प्रयासों का नतीजा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल निर्माता स्वर्गीय डॉ० वाई एस परमार की तपस्या से जहां हिमाचल बना था, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस पहाड़ी प्रदेश में विकास के नए रंग भरे हैं, जिसके परिणाम स्वरुप हिमाचल यहां तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश के सभी मुख्यमंत्रियों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश दुनिया में हिमाचली टोपी को नई पहचान वीरभद्र सिंह ने दिलाई है। आज पहाड़ी टोपी हिमाचल की पहचान है। चाहे वो किसी भी रंग की हो।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 135 करोड़ रुपए की विकासात्मक परियोजनाओं के कार्य किए जा रहे है। जिन्हें समयबद्ध पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए 50 हजार रूपए देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने सीडीपीओ पधर इकाई द्वारा संचालित किए जाने वाले अनप्राशन कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।

इस मौके पर पूर्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि को शॉल टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक अन्य विभिन्न संगठनों द्वारा भी मुख्य अतिथि को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष कृष्ण भोज,बामन देव ,केहर सिंह, गिरधारी भगालिया, जोगिंदर गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।-0-

प्रेस नोट

*मंडी में उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह*

*उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज, परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली*

*शानन पावर परियोजना हमारी है और इस मसले में हम एक इंच भी पीछे हटने वाले नहीं हैं- मुकेश अग्निहोत्री*

*मंडी, 15 अप्रैल।*

हिमाचल दिवस का जिला स्तरीय समारोह मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर पूरे उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी की टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और आकर्षक मार्चपास्ट की सलामी ली। उपमुख्यमंत्री इससे पहले शहीद स्मारक भी गए। वहां पर उन्होंने वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राष्ट्र पिता महात्मा गाधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भी पुष्पांजलि दी।  इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी जिला में स्थित शानन पावर प्रोजैक्ट हिमाचल का है और यह हिमाचल को मिलना चाहिए। शानन को पंजाब से वापस लेने की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। इस मसले में हम एक इंच भी पीछे हटने वाले नहीं है। उन्होंने बताया कि यह मसला कांग्रेस की वर्तमान सरकार ने पहली दफा इसे सर्वोच्च न्यायालय में लाया है कि यह हिमाचल की जमीन पर बना प्रोजेक्ट है। यह पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत सम्पतियों के बंटवारे का मामला नहीं है क्योंकि मंडी कभी पंजाब का हिस्सा नहीं रहा। मंडी के राजा और अंग्रेजों के समय 99 साल का करार मार्च 2024 में समाप्त  हो चुका है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार भी इस मामले को लेकर सर्वोच्च न्यायालय में चली गई थी। जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने खारिज कर दिया है। उन्होंने इस अवसर पर पंजाब केे मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि अगर पंजाब अपने आप को हिमाचल का बड़ा भाई मानता है तो उसे इस प्रोजैक्ट को हिमाचल को वापिस करना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए पंजाब को खुद ही इस प्रोजेक्ट से कब्जा छोड़ देना चाहिए। हिमाचल दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उपमुख्यमंत्री ने इन स्कूली बच्चों को अपने कर कमलों से सम्मानित किया।इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा, विधायक चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, प्रकाश चौधरी और रंगीला राम राव, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, एपीएससी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, चंपा ठाकुर, चेतराम ठाकुर, लाल सिंह कौशल, धर्मेंद्र धामी, केशव नायक, विकास कपूर सहित अन्य गणमान्य मेहमान उपस्थित रहे।

वायदों की पूर्ति के लिए सरकार संकल्पित

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को कुदरत ने दिल खोल कर दिया और इस की नदियां जहां पूरे देश के लोगों की प्यास बुझाती हैं वहीं पर राष्ट्रहित में पेड़ों को नहीं काटते, लेकिन इसकी एवज में हिमाचल की जो मदद होनी चाहिए वो नहीं हो रही। हमारी सरकार 11 दिसबर 2022 को बनी और उसके बाद प्रदेश को आर्थिक तौर पर पटरी पर लाने के प्रयास हुए, वहीं जनकल्याण के युग का सूत्रपात हुआ। हमारी सरकार राज्य की जनता से किए गए वायदों की पूर्ति के लिए संकल्पित है। इसके लिए हम आय के स्त्रोत जुटाने के लिए कोशिश कर रहे हैं।

350 इलैक्ट्रिक बसें परिवहन बेड़े में होंगी शामिल

अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित राज्य बनाने के लिए काम हो रहा है। इस साल प्रदेश में पथ परिवहन निगम के बेड़े में 600 नई बसें शामिल की जा रही हैं। सरकार इसमें 350 के आसपास इलेक्ट्रिक बसें डाल रही है। जिसकी खरीद की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। इसके अतिरिक्त परिवहन निगम ने 350 के आसपास कंडक्टरों की पक्की भर्ती की है और दो साल कॉन्टैक्ट भर्ती मियाद पुरी कर चुके कर्मियों को पक्का कर दिया है।

इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने के लिए 40 फीसदी अनुदान

उन्होंने कहा कि प्रदेश में हवाई और रेल सेवाओं की कमी की वजह से राज्य सरकार परिवहन निगम को कल्याणकारी उपक्रम के तौर पर चलाती है और रोजाना 4 से 5 लाख लोगों को उनके घर आंगन तक छोडती है। प्रदेश सरकार ने ई व्हीकल के लिए नीतिगत फैसले के तहत इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने के लिए 40 फीसदी अनुदान का फैसला किया है।

शिवधाम प्रोजेक्ट के निर्माण को दी जाएगी गति

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के मदिंरों को बनाने व सवारने के लिए काम करते हुए मंडी जिला के शिवधाम पर 100 करोड़ खर्च कर इसके निर्माण को गति देने की पक्षधर है और साथ ही ज्वालामुखी व नैनादेवी परिसर पर भी 100 करोड़ खर्च करने का बजट में प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त चिन्तपूर्णी के लिए 53 करोड के लम्बित प्रोजक्टों का भी केन्द्र से मंजूर करवाने के सफल रही है।

धार्मिक स्थलों को रोपवे से जोड़ने की योजनाओं पर काम चल रहा काम

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने मंडी जिला के बगलामुखी मंदिर को जोड़ने वाले रोपवे को पूरा कर जनता को समर्पित किया है। जो पर्यटन को देने में अहम भूमिका निभा रहा है। राज्य सरकार शिमला में देश का सबसे लम्बा रोपवे बना रही है। जिसकी लागत 1800 करोड़ आएगी। इसके बनाने के लिए सभी औपचारिकताएं एवं मंजुरियां पूरी की जा चुकी है। कुल्लु के बिजली महादेव एव अन्य धार्मिक स्थलों को रोपवे से जोडने की योजनाओं पर काम चल रहे हैं।

मंडी हवाई अडडे को अनुदान देकर बनाए केन्द्र सरकार

हमारी सरकार कांगड़ा के गग्गल हवाई अड्डे का विस्तारीकरण कर रही है और हम चाहते हैं कि मंडी के हवाई अड्डे प्रस्ताव को केंद्र सरकार ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के तहत शत-प्रतिशत अनुदान देकर से बनाए। राज्य सरकार 02 हजार 400 करोड़ रुपए से नए पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।

जल आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार स्वच्छ जल शोधन योजना होगी शुरू

प्रदेश में जल आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार के लिए 200 करोड़ रुपए की स्वच्छ जल शोधन योजना शुरू करने जा रहे है। ताकि कैंसर जैसे रोगों से हिमाचल की जनता केा बचाया जा सके।  मंडी जिला में एडीबी एवं एनडीबी के तहत पेयजल योजनाओं पर लगभग 343 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं।-0-

प्रेस नोट

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू को दी जन्मदिन की बधाईऊना,

11 अप्रैल।हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित समारोह में विशेष रूप से भाग लिया और उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह समारोह विधायक श्री बबलू के निवास स्थान, गांव पंजोआ लडोली, तहसील अंब में आयोजित किया गया था।इस अवसर पर ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय रत्न, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, मण्डलाध्यक्ष रवींद्र कुमार, अशोक ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस कार्यक्रम के दौरान शादी लाल गोस्वामी ने कांग्रेस पार्टी में घर वापसी की, जिससे पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिली है।इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बिक्लेश्वर शिव मंदिर, रैंसरी में आयोजित श्रीमद्भागवत यज्ञ अनुष्ठान में भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी श्री रामेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आशीर्वचनों का श्रवण किया। उन्होंने इस दिव्य आयोजन में भाग लेकर आत्मिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति की।

YouTube
YouTube
Instagram