Media Coverage

Danik Savera

18 September 2024

प्रेस नोट

17 सितम्बर 2024

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली कलाकारों को दिया जा रहा अधिमान – मुकेश अग्निहोत्री

बाड़ीधार मेले को ज़िला स्तरीय करने की घोषणा

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के कलाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने सभी मेलों, महोत्सवों इत्यादि में एक रात्रि स्थानीय कलाकारों के कार्यक्रमों के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया है।मुकेश अग्निहोत्री गत रात्रि राज्य स्तरीय सायर मेला अर्की-2024 की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जन समूह को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कुल राशि का 50 प्रतिशत हिमाचल के कलाकारों पर खर्च करने का निर्णय भी लिया गया है। यह प्रयास भी किया जा रहा है कि इन आयोजनों में सभी प्रस्तुतियां ‘लाइव’ हों।

मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर अर्की उपमंडल के ऐतिहासिक बाड़ीधार मेले को ज़िला स्तरीय करने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि बाड़ीधार में रोप-वे स्थापित करने के प्रस्ताव को विशेषज्ञ पैनल को प्रेषित करने के उपरांत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर उचित स्तर पर मामला भेजा जाएगा।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र ही विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण किया जायेगा।

अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए गंभर खड्ड से महत्वाकांक्षी जल परियोजना तथा बस अड्डा अर्की को शीघ्र ही लोगों को समर्पित किया जाएगा।मुकेश अग्निहोत्री ने सभी को राज्य स्तरीय सायर उत्सव की बधाई देते हुए आशा जताई कि सायर उत्सव सभी के जीवन में मंगल एवं समृद्धि का संचार करेगा।उन्होंने कहा कि सायर उत्सव अर्की की समृद्ध परंपरा सभी के लिए अनुकरणीय है।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र को सर्वोच्च अधिमान दिया जा रहा है। राजकीय महाविद्यालय अर्की में छात्रों की सुविधा के लिए अंग्रेजी और इतिहास में स्नातकोत्तर कक्षाएं आरंभ कर दी गई हैं।उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल अर्की में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी गई है ताकि स्थानीय निवासियों को घर-द्वार के समीप बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हो सकें।मुख्य संसदीय सचिव एवं अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि मेले, उत्सव एवं त्यौहार जन सहभागिता से ही पूर्णता को प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भाईचारा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने में मेले एवं उत्सव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से मुख्यातिथि को अवगत करवाया।

प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षदगण, खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन एवं सायर मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह, उपमंडलाधिकारी अर्की एवं मेला अधिकारी यादविंदर पाल, जल शक्ति विभाग के मुख्य अभियंता जोगिंदर चौहान, अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।.0.

Published
Categorized as Press Notes

Media Coverage

Amar Ujala

16 September 2024

Media Coverage

Una Kesari

15 September 2024

प्रेस नोट

सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत विदेशों में भेजे जाएंगे हिमाचल के लोक कलाकारः मुकेश अग्निहोत्री

उप-मुख्यमंत्री ने जंजैहली के चौलूथाच में तीन दिवसीय सराज टेलेन्ट एंड टूरिज्म फेस्टिवल के समापन समारोह की अध्यक्षता की

स्थानीय कामरू देवता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा

मंडी, 15 सितंबर। उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली (चोलूथाच) में सिविक सेंस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय सराज टेलेन्ट एंड टूरिज्म फेस्टिवल के समापन समारोह की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि सोसायटी द्वारा इस महोत्सव के माध्यम से एक बहुत अच्छा प्रयास किया गया है, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां के स्थानीय लोग अपनी परम्परागत वेश-भूषा और स्थानीय बोली में यहां की संस्कृति को संरक्षित करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार लोक संस्कृति एवं लोक मान्यताओं के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ को मान्यता एवं पहचान दिलाने तथा हिमाचल के गठन में प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार के प्रयासों को प्रदेशवासी कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने पहाड़ी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों को भी याद किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहाड़ की संस्कृति आपस में गहरे से जुड़ी है और विशेषतौर पर कुल्लू व मंडी जिला की संस्कृति में काफी समानताएं हैं। उन्होंने कहा कि ढाटू व टोपी हमारी पहचान हैं। आज राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिमाचली वेशभूषा प्रसिद्ध है। हमारा प्रयास है कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के अंतर्गत हिमाचल के लोक सांस्कृतिक दलों को देश व विदेश में भेजा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े मेलों में एक सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कलाकारों के लिए समर्पित करने तथा इन कार्यक्रमों पर व्यय होने वाली राशि में से 50 प्रतिशत स्थानीय कलाकारों पर खर्च हो, ऐसे प्रयास भी भाषा संस्कृति विभाग द्वारा किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जंजैहली घाटी अपने नैसर्गिक सौंदर्य एवं मनोहारी वादियों के लिए विख्यात है। यहां के सुप्रसिद्ध शिकारी देवी मंदिर, देव विष्णु मतलोड़ा, मगरू महादेव के मंदिर अपने प्राचीन वैभव एवं अनूठी वास्तु शैली के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि यह देव स्थल इस क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाते हैं। साथ ही शैटाधार, कमरूनाग, च्यूणी घाटी, शिकारी देवी इत्यादि मनोरम स्थल ट्रैकर्ज के लिए आकर्षण का केंद्र रहते हैं।उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार आम आदमी की भलाई के लिए कार्य करने में विश्वास रखती है। उन्होंने छतरी में जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तथा जंजैहली व थुनाग में बस अड्डों के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उन्होंने चौलूथाच में स्थित कामरू देवता मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए तथा इस तीन दिवसीय उत्सव के सफल आयोजन के लिए एक लाख रुपए आयोजक मंडल को देने की घोषणा।

मिल्क फैडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव चेतराम ठाकुर ने उप-मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस उत्सव के आयोजन का उद्देश्य अपनी स्थानीय लोक संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस तरह के आयोजन सराज विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी किए जाएंगे। इससे युवाओं को लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ ही पर्यटन गतिविधियों से भी जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय मांगों से भी उप-मुख्यमंत्री को अवगत करवाया।

उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी महेश्वर चौहान, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी व हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक धर्मेंद्र धामी, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी व प्रभारी सराज विधानसभा क्षेत्र रमेश चौहान, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी बलविंदर बबलू, अंतरिम अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी हरेंद्र सेन, ब्लॉक कांग्रेस सराज के अध्यक्ष टेक सिंह चौहान, जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तरुण ठाकुर सहित कांग्रेस के विभिन्न अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, स्थानीय ग्राम पंचायत की प्रधान भीमा देवी, जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता धर्मेंद्र गिल, मुख्य अभियंता मध्य जोन उपेंद्र वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, एसडीएम थुनाग अमित कलथैक, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता संदीप सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी व अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे। -0-

उप-मुख्यमंत्री ने थुनाग में जल शक्ति विभाग के तहत 7.65 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया शिलान्यास

सराज क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के माध्यम से विकास कार्यों पर व्यय किए जा रहे 144 करोड़ रुपएः मुकेश अग्निहोत्री

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत लम्बाथाच एवं रोड के लिए 4.41 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना हलीन व बलैण्ढा का शिलान्यास किया। उन्होंने ज्वाल खड्ड व बगस्याड नाला के बाढ़ नियंत्रण कार्य का भी शिलान्यास किया, जिस पर लगभग 3.24 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सभी क्षेत्रों के समान विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि हलीन व बलैंढा योजनाएं डेढ़ वर्ष में जबकि बाढ़ नियंत्रण कार्य आगामी एक वर्ष में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के थुनाग मंडल के माध्यम से वर्तमान में लगभग 144 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। क्षेत्र में 57 करोड़ 59 लाख रुपए की 16 पेयजल योजनाएं तथा लगभग 59 करोड़ 33 लाख रुपए की 10 सिंचाई योजनाएं चल रही हैं। इसके अतिरिक्त नाबार्ड तथा एसडीएमएफ के तहत बाढ़ नियंत्रण कार्यों पर 15.11 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जंजैहली एवं थुनाग में मल निकासी योजनाओं पर लगभग 12.30 करोड़ रुपए व्यय किए जा रहे हैं। इसे अतिरिक्त थुनाग मंडल के तहत करसोग क्षेत्र में भी दो पेयजल योजनाओं पर 11.18 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत सराज क्षेत्र में लगभग 34 हजार नल लगाए गए हैं।

उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज वे नेता प्रतिपक्ष के गृह क्षेत्र में आए हैं और यहां भी विकास कार्यों की गति कम नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में वे नेता प्रतिपक्ष रहे और उस समय भाजपा सरकार को सत्ताच्युत करने का संकल्प लिया और इसे पूरा भी किया। यही हमारे लोकतंत्र की खूबी है। लोकसभा चुनावों में 400 पार का नारा 240 तक सिमट गया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध नीतियों एवं विचारधारा तक ही सीमित रहना चाहिए, इसी सोच के साथ वर्तमान प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रहने वाले सभी लोगों में आपसी भाईचारा व सद्भावना बनी रहनी चाहिए। हाल ही में हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही प्रदेश सरकार ने सहकारी विभाग का पूर्ण कम्प्यूटरीकरण करने का निर्णय लिया है। इससे सहकारिता क्षेत्र में होने वाली धांधलियों पर रोक लगेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल सहकारिता आंदोलन का जनक रहा है और यहां बैंकिंग, बुनकर, दुग्ध उत्पादन, परिवहन, शिक्षा तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में सहकारी समितियां उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। प्रदेश सरकार हर स्तर पर सहकारिता गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है।

इस अवसर पर मिल्क फैडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव चेतराम ठाकुर ने उप-मुख्यमंत्री का स्वागत किया और इन विकास कार्यों के शिलान्यास के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न मांगों से भी उन्हें अवगत करवाया। कांग्रेस बुद्धिजीवी सेल के अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी महेश्वर चौहान, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी व हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक धर्मेंद्र धामी, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी व प्रभारी सराज विधानसभा क्षेत्र रमेश चौहान, प्रदेश महासचिव महेंद्र ठाकुर, अंतरिम अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी हरेंद्र सेन, ब्लॉक कांग्रेस सराज के अध्यक्ष टेक सिंह चौहान, जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष तरुण ठाकुर, सराज युकां के अध्यक्ष गोपाल सहगल, लीलाधर चौहान सहित कांग्रेस के विभिन्न अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान धनेश्वर सिंह, जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता धर्मेंद्र गिल, मुख्य अभियंता मध्य जोन उपेंद्र वैद्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र, एसडीएम थुनाग अमित कलथैक, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता संदीप सहित विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

14 सितम्बर 2024

उपमुख्यमंत्री ने ऊना जिले में आलू आधारित आर्थिकी को प्रोत्साहित करने पर दिया जोर

बोले…सरकार आलू आधारित आर्थिकी के लिए बनाएगी मजबूत व्यवस्था

पूबोवाल में वन महोत्सव में की शिरकत, रोपी हरियाली
ऊना, 14 सितंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में आलू आधारित आर्थिकी को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार इसके लिए ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने उपायुक्त ऊना को आलू की खरीद और बिक्री के लिए एक सुदृढ़ तंत्र विकसित करने हेतु विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह हिमाचल में सेब आधारित आर्थिकी को सफलता मिली है, उसी तरह ऊना में आलू आधारित आर्थिकी के लिए भी संभावनाएं हैं।
शनिवार को ऊना जिले के हरोली के पूबोवाल गांव में आयोजित 75वें वन महोत्सव के अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना के किसान बड़े पैमाने पर आलू की खेती करते हैं और यहां आलू की बंपर पैदावार होती है। सरकार मजबूत व्यवस्था बना कर आलू आधारित आर्थिकी तंत्र विकसित करने का काम करेगी।
उन्होंने हरोली के बीत क्षेत्र में किसानों के खेतों की संपूर्ण बाड़बंदी की दिशा में भी निर्णायक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।
तालाबों को समतल बनाने की नहीं मिलेगी अनुमति
उपमुख्यमंत्री ने प्रशासन को किसी को भी तालाबों को मिट्टी से भरकर समतल करने की अनुमति न देने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाबों में जल भराव क्षेत्र की जलस्तर गिरावट की समस्या से निपटने के लिए अहम है, इसलिए तालाबों का संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरोली विस में तालाबों की रिर्चाजिंग पर 12 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं।
पूबोवाल साइट के लिए बने मास्टर प्लान

2 करोड़ से होगा तालाब का सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ के 17 सेक्टर की तर्ज पर लगेगा भव्य फाउंटेन
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 2 करोड़ रुपये खर्च करके पूबोवाल तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। तालाब के पानी की साफ सफाई और गांव की जल निकासी का शोधन करके पानी तालाब में डालने की व्यवस्था के लिए वैज्ञानिक तरीके से काम किया जा रहा है। इसमें विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। उन्होंने कहा कि इसे एक ऐसे मनोरम स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां लोगों के लिए सैर करने, मनोरंजन और बच्चों के लिए खेल के इंतजाम हों। यहां चंडीगढ़ के 17 सेक्टर की तर्ज पर एक भव्य फाउंटेन भी लगाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूबोवाल तालाब के साथ के क्षेत्र के विकास के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।
बीत क्षेत्र के लिए 75 करोड़ की सिंचाई योजना
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि 75 करोड़ रुपये ये बीत क्षेत्र में सिंचाई योजना-2 बनाने का काम किया जा रहा है। इससे पहले बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-1 के जरिए सिंचाई सुविधा के स्तरोन्नयन का काम किया गया है। दूसरी योजना बनने से यहां हर खेत को पानी पहुंचाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर लाभ होगा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब बीत क्षेत्र में पत्थरीली जमीन होने के कारण सब्जियों की पैदावार न के बराबर थी। लेकिन अब बेहतर सिंचाई सुविधा के चलते यहां किसान हर तरह की सब्जियों की खेती कर लाभान्वित हो रहे हैं।
हरोली में खुलेगा बस डिपो

सड़कों-पुलों के निर्माण-विस्तार पर खर्चे जा रहे 70 करोड़
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही हरोली में बस डिपो खोला जाएगा। इसके अलावा हरोली में नए बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा में विभिन्न सड़कों के सुधार और विस्तार कार्य तथा पुलों के निर्माण पर 70 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। यह परियोजनाएं क्षेत्र की भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है और इससे लोगों को सीधा लाभ होगा।
इनमें पंडोगा बैरियर से पंजावर तक की 9 किलोमीटर सड़क के सुधार और विस्तार कार्य पर 11.10 करोड़ रुपये, पंजावर-बाथड़ी रोड़ पर भदसाली से बढेड़ा सड़क के कार्य पर 12.25 करोड़, पंजावर-बाथड़ी से सलोह-बढेड़ा के साढे 8 किलोमीटर रोड़ पर 9.46 करोड़, हरोली से पालकवाह तक की 5 किलो सड़क पर 6.50 करोड़, नंगल खुर्द-चांदपुर की साढ़े 5 किलोमीटर लंबी सड़क पर 6.05 करोड़ रुपये खर्चे जाएंगे। इसके अलावा चांदपुर खड्ड पर करीब 4.87 करोड़ और हरोली खड्ड पर 5.75 करोड़ रुपये से दो पुलों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लिए नाबार्ड में 2 सड़कों को मंजूरी मिली है। इनमें लिंक रोड़ श्री गिड़गिड़ासाहब से टाहलीसाहब और लिंक रोड़ मेन रोड़ से बाबा भरथरी मंदिर तथा किन्नू मुहल्ला पंजुआणा-बालीवाल सड़क पर 4 करोड रुपये और लिंक रोड़ गोंदपुर बैहली से बाथी गुरपलाह पर 11.77 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
प्लेटों पर नाम से नहीं बल्कि काम से याद रखते हैं लोग
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वे नाम की प्लेटें लगवाने में विश्वास नहीं रखते। लोग प्लेटों पर नाम से नहीं बल्कि काम से याद रखते हैं। हरोलीवासी गवाह हैं कि जो विकास के काम यहां हुए हैं वे एक मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं पर चाहे कोई भी नाम लगा दे, लेकिन जनता सच्चाई जानती है। हरोली-रामपुर के बीच बने प्रदेश के सबसे लंबे पुल पर बीजेपी ने भी अपनी नाम की प्लेट लगाई है, लेकिन जब भी इस पुल की चर्चा होगी, लोग उन्हें ही याद करेंगे। उन्होंने बताया कि इस पुल के लिए 52 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, हमने किफायती और शानदार काम करते हुए 32 करोड़ रुपये में पुल बना दिया, सरकार कोे 20 करोड़ की बचत कराई।
हरोली अस्पताल में और उन्नत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ करने का काम किया गया है। हरोली अस्पताल को 50 से 100 बिस्तर का करने के साथ ही वहां 12 डॉक्टर तैनात किए गए हैं । अस्पताल में जल्द ही 6 और डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी।
बच्चों के जन्म पर लगाएं पौधा
उपमुख्यमंत्री ने बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री के साथ वन महोत्सव के अवसर पर पौधारोपण किया तथा लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया। इस मौके डीसी, एसपी समेत अन्य अधिकारियों और गणमान्य जनों ने भी पौधे रोपे।
उपमुख्यमंत्री ने लोगों से पौधारोपण को अपने जीवन से जोड़ने की अपील की। बच्चे के जन्म पर पौधा लगाएं, जब वे स्कूल में दाखिल हों तब भी उनके नाम पर पौधा लगाएं। इससे पौधों के साथ जुड़ाव और प्रकृति से अपनापन होगा।
इस मौके उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में लोगों से पौधारोपण की अहमियत समझने तथा अपना दायित्व पहचानने की अपील की। उन्होंने इस मुहिम को जन आंदोलन बनाने और सभी से इसमें भागीदारी निभाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कंजर्वेटर फॉरेस्ट निशांत मंढोत्रा ने कहा कि वन महोत्सव हमें वनों और प्रकृति से जुड़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि ऊना जिले में पौधारोपण मुहिम में 3 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। लोगों को स्कूलों, स्वयं सहायता समूह और पंचायतों के माध्यम से 1 लाख 5 हजार पौधे वितरित किए गए हैं।
डीएफओ सुशील राणा ने पौधारोपण मुहिम के तहत ऊना जिले में किए प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित डेरा बाबा श्रीचंद जी के बाबा संतोष दास बिट्टू ने भी वन महोत्सव के अवसर पर अपने विचार रखे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी पर बल दिया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री की सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, जिला कांग्रेस ओबीसी सेल के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, कांग्रेस के लीगल सेल के चेयरमैन वीरेंद्र मनकोटिया, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष धर्म चंद चौधरी, हरोली कांग्रेस के एससी सेल के अध्यक्ष यशपाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
.0.

Published
Categorized as Press Notes
YouTube
YouTube
Instagram