प्रेस नोट

14 अप्रैल 2024

उप मुख्यमत्री ने प्रदेशवासियों को दी हिमाचल दिवस की बधाई

प्रदेश में आई भीषण आपदा के बावजूद भी सरकार ने विकास की गाड़ी को रूकने नहीं दिया।

ऊना, 14 अप्रैल।

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को हिमाचल दिवस की बधाई दी। हिमाचल दिवस की पूर्व संध्या पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने 15 अप्रैल को सभी हिमाचल वासियों के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने सन 1948 से आरम्भ इस विकास यात्रा में सफलता का स्वर्णिम सफ़र तय किया है.उन्होंने हिमाचल के गठन और उसके बाद की अनवरत विकास यात्रा में योगदान के लिए प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार समेत सभी विभूतियों के योगदान को स्मरण किया। साथ ही उन्होंने प्रदेश को विकास के रास्ते पर आगे ले जाने में 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की निर्णायक भूमिका को भी स्मरण किया। उन्होंने हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की स्मृतियों को भी नमन किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों की सुशासन की नीतियों से आज हिमाचल पहाड़ी राज्यों में विकास का आदर्श बन के उभरा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने विकास की इसी सोच को नए आयाम देते हुए आगे बढ़ाया है।उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश और प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए काम कर रही है। विशेषकर संसाधन सृजन, युवा विकास और जन कल्याण की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए गए हैं।इस नए दौर में हर वर्ग, हर व्यक्ति, हर क्षेत्र का समग्र और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। बीते वर्ष प्रदेश में आई भीषण आपदा के बावजूद भी सरकार ने विकास की गाड़ी को रूकने नहीं दिया। यही कारण है कि प्रदेश आपदा के दौर से निकल कर अब विकास की पटरी पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।

कर्मचारियों को बहाल की पुरानी पेंशन तो महिलाओं से 1500 का वायदा किया पूरा।

कांग्रेस ने चुनावों में 10 गारंटियां लोगों को दी थीं, उन्हें चरणबद्ध पूरा किया जा रहा है। डेढ़ साल में सरकार ने 5 गारंटियां पूरी कर दी हैं। हमने प्रदेश के कर्मचारियों से ओ पी एस को बहाल करने का वायदा किया था। जिसे हमने सरकार बनते पहली कैबिनेट में ही पुरा करते हुए 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों को बुढ़ापे की लाठी थमाई है। महिलाओं को हर महीने 1500-1500 देने की गारंटी पूरी करके माताओं-बहनों से किया अपना वादा भी निभाया।

नशा मुक्त हिमाचल के लिए कृत संकल्पित प्रदेश सरकार

कांग्रेस सरकार ने नशा और खनन माफ़िया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। हम प्रदेश में किसी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हिमाचल के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमें नशा मुक्त हिमाचल बनाना है, अपनी युवा पीढ़ी को नशे से बचा कर उनकी शक्ति और सामर्थ्य को हिमाचल को आगे ले जाने में लगाना है। वहीं प्रदेश की संपदा की रक्षा और नदियों-खड्डों को छलनी होने से बचाने के लिए हमारी पूरी कमिटमेंट है।

ग्रीन स्टेट बनने की दिशा में बढ़ रहा हिमाचल

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को ग्रीन स्टेट के तौर पर विकसित करने को लेकर काम कर रही है। हिमाचल ग्रीन तकनीकी को बढ़ावा देने में देशभर में अग्रणी है। सरकार ने प्राइवेट ऑपरेटर्स को इलेक्ट्रिक्स बस, इलेक्ट्रिक्स ट्रक, इलेक्ट्रिक्स टैक्सी, ई गुड्स कैरियर्स लेने पर 50 प्रतिशत की दर से अधिकतम 50 लाख रुपये उपदान का प्रावधान किया है। इसके साथ–साथ परिवहन विभाग में इलेक्ट्रिक गाड़ियां और हिमाचल पथ परिवहन निगम में सैकड़ो इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल की जा रही है।

6,000 निराश्रित बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सुखाश्रय विधेयक पारित होने के बाद राज्य के 6,000 निराश्रित बच्चों को अब चिल्ड्रन ऑफ स्टेट का दर्जा मिला है। हिमाचल प्रदेश इस तरह का कानून बनाने वाला पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि सरकार 27 वर्ष की आयु तक के निराश्रित बच्चों के माता-पिता की भूमिका में रहकर उनकी पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के बाद मकान बनाने के लिए 3 बिस्वा जमीन और 4,000 रूपए प्रतिमाह उपलब्ध करवाएगी।

संसाधन बढ़ाने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने संसाधन बढ़ाने पर जोर दे रही है। फिजूल खर्ची कम की गई है। टोल बैरियर, आबकारी ठेकों की नीलामी की प्रक्रिया में परिवर्तन से सरकार की आय में वृद्धि हुई है। .0.

प्रेस नोट

बैठकों व कार्यक्रमों में मैं कभी भी माँ के बिना नहीं आई: डॉ आस्था अग्निहोत्री

हरोली कांग्रेस की बैठक का भदौड़ी में आयोजित की गई इस बैठक में आस्था अग्निहोत्री मंच पर जब अपना संबोधन देने पहुंची तो माहौल भावुकता पूर्ण हो गया। आस्था अग्निहोत्री भी नम आंखों के साथ थरथराते शब्दों के बीच अपनी बात को लंबा नहीं कर पाई। आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि ऐसी बैठकों में व कार्यक्रमों में मैं कभी भी माँ के बिना नहीं गई, पहली बार है कि हरोली की इस बैठक में मां के बिना आ रही हूं। आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि करवा चौथ के कार्यक्रम मां सिम्मी अग्निहोत्री ने जो शब्द कहे कि मेरा मायका भी यही हरोली, ससुराल भी है, घर भी यह,परिवार भी है और अंतिम सांस भी हरोली में लूं यही तम्मना। क्या पता था कि उनके वह शब्द ऐसे सच होकर के सामने आ जाएंगे, उनकी बात को हम समझ ही नहीं पाए? गंभीरता से नहीं ले पाए?

आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि मां सिम्मी अग्निहोत्री ने जज्बे के साथ काम किया, उनके मन में पीड़ा रहती थी, हरोली के लिए दर्द रहता था, हर काम हो इसके लिए वह चिंतित रहती थी. मैंने करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि अभी भी लोकसभा चुनावों को देखते हुए वह आई। मां का जागरण रखा, जागरण हो नहीं पाया वह पहले हमें छोड़ कर चली गई।

आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि उनकी मोक्ष की प्राप्ति के लिए पैदल यात्रा की छठी कक्षा से लेकर हर वर्ग, हर उम्र के हरोली वासियों ने जिस प्रकार से इस यात्रा में अपनी सहभागिता दी, मॉ सिम्मीअग्निहोत्री के प्रति अपने स्नेह को दिखाया, मैं उसके लिए आप सब की ऋणी रहूंगी, आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि मेरे पिता मुकेश अग्निहोत्री की जो आज प्रदेश व देश में पहचान है उसके पीछे मेरी मां का समर्पण है। उन्होंने कहा कि हरोलीवासी इस समय हमारी ताकत बने, स्नेह दिया। उन्होंने कहा कि मैं प्रयास करूंगी की मां जैसा संयम व मां जैसी बनने का प्रयास करूंगी। उन्होंने कहा कि आप सब हरोली वासी हमारे पास आते रहे आप सबका मान सम्मान बना रहेगा।

Part – 2

हिमाचल तो क्या अब तो पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा ऐसी हिमाकत नहीं कर सकती: मुकेश अग्निहोत्री

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में ऑपरेशन लोटस सफल नही हुआ है औंधे मुंह गिरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ विधायकों को जिस प्रकार से साजिश के तहत अपनी पार्टी में शामिल किया है, ऐसे में भाजपा के नेताओं को अब यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार को गिराने के पीछे उनकी साजिश रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देव संस्कृति ने कभी भी साजिश व षड्यंत्र को सहन नहीं किया है। इसी के चलते भारतीय जनता पार्टी द्वारा रचा गया खेल साजिश नाकामयाब हुए हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूरी तरह से मजबूत है और यह सरकार 5 वर्ष पूरे करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से किए हुए वायदों को पूरा किया जाएगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार को गिराने में नेता प्रतिपक्ष जयराम व जो भाजपा के आला नेता शामिल रहे हैं उन्हें प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

मुकेश अग्निहोत्री ने आक्रामक तेवरों के साथ भाजपा पर हमला बोलते हुए कहां की भाजपा के नेता रोज यह कह रहे हैं कि 4 जून को केंद्र में और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यह सपना लेना भाजपा के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भूल जाए क्योंकि हिमाचल प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार स्थाई है, टिकाऊ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल तो क्या अब तो पड़ोसी राज्यों में भी भाजपा ऐसी हिमाकत नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि छह विधायकों की सदस्यता चली गई उन्हें फिर से चुनाव में जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल में जनता कांग्रेस पर भरोसा जताएगी। उन्होंने कहा कि हमने ओपीएस के वायदे को पूरा किया, ₹1500 महिलाओं को देने का वायदा पूरा किया। भाजपा ने इसे रोकने के लिए चुनाव आयोग में शिकायत की लेकिन महिलाएं याद रखें देर सवेर यह पैसा कांग्रेस की सरकार देगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए है ,हम हिमाचल के हितों की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मजबूत सरकार कांग्रेस की रहेगी।

निर्दलीय क्यों दे रहे त्यागपत्र बताएं ?

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निर्दलीय विधायकों से सवाल किया कि वह धरने दे रहे हैं त्यागपत्र स्वीकार करने के लिए वह जनता को बताएं कि उन्होंने त्यागपत्र क्यों दिया? विधायक बनने के लिए त्यागपत्र दिया है तो विधायक वह हैं ही।अब जा तो वह यह लिखकर भी दें कि हम भविष्य में चुनाव नहीं लड़ेंगे ।उन्होंने कहा कि केवल राजनीति के लिए और साजिश के लिए जिस प्रकार से काम किया गया है वह जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि यह मामला कोर्ट में है और स्पीकर के अधिकार क्षेत्र का इसलिए इसमें ज्यादा कुछ नहीं कहना पर दबाव और साजिश साफ पता चलती है। उन्होंने कहा कि अभी 6 चुनाव हो रहे हैं 6 चुनाव के बाद तीन और चुनाव आएंगे और दो और चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव को जीतेगी।

Press Note

08 अप्रैल 2024

उपमुख्यमंत्री ने टाहलीवाल का दौरा कर तेल टैंकर हादसे में हुए नुकसान का लिया जायजा

प्रभावित परिवारों से मिलकर बांटा दुःख-दर्द, हर सम्भव मदद का दिया भरोसा

रविवार को तेल से भरा टैंकर पलटने के कारण हुआ था भयंकर हादसा

ऊना, 8 अप्रैल. उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के टाहलीवाल का दौरा कर तेल से भरा टैंकर पलटने के हादसे में हुए नुकसान का जायजा लिया. वे दुर्घटना स्थल पर जाकर वहां प्रभावित परिवारों से मिले, उनका दुःख-दर्द बांटा और उन्हें हर तरह से मदद का भरोसा दिया.उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में हिमाचल सरकार उनके साथ खड़ी है।

उपमुख्यमंत्री ने हादसे में एक व्यक्ति की दुखद मृत्यु पर शोक जताया तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ऊना अस्पताल प्रबंधन को उनकी बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।


इस दौरान उन्होंने प्रशासन द्वारा कार्यान्वित राहत कार्यों की जानकारी भी ली.
गौरतलब है कि रविवार को टाहलीवाल चौक में तेल से भरा एक टैंकर सड़क में पलटने से उसमें भीषण आग लग गई थी। टैंकर की चपेट में आने से 1 स्कूटी सवार की मृत्यु हो गई , जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए। वहीं आग की जद में आने से करीब 15 दुकानों और वाहनों को भारी नुकसान हुआ है। दुर्घटना प्रभावितों को प्रशासन ने राहत मैनुअल के अनुसार फौरी राहत प्रदान कर दी है. घायलों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में चल रहा है। -0-

Press Note

31 March 2024

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की अधूरी इच्छा के सम्मान का संकल्प पूर्ण

बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ संपन्न की पदयात्रा

प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा भाव को किया स्मरण

सबके लिए हिम्मत और सतत प्रेरणा का सबब बनी आस्थामयी पदयात्रा

बेटी की संकल्प पूर्ति में पिता मुकेश अग्निहोत्री साये की तरह रहे साथ

पूरी यात्रा में मिलता रहा जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद

ऊना, 31 मार्च। स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की अधूरी इच्छा को पूरा करते हुए उनकी बेटी डॉ. आस्था ने माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त कर अपनी पदयात्रा का संकल्प पूर्ण किया। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के निस्वार्थ त्याग और जीवन पर्यन्त समर्पण के सम्मान को अर्पित यह आस्थामयी पदयात्रा सबके लिए हिम्मत और सतत प्रेरणा का सबब बनी है।

बता देें, डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने अपनी मां स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति के लिए माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त करने के संकल्प के साथ शुक्रवार को हरोली से पदयात्रा आरंभ की थी। 70 किलोमीटर की यह पदयात्रा आज तीसरे दिन रविवार को माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन और प्रार्थना के साथ संपन्न हुई। इस मौके डॉ. आस्था ने अपने पिता मुकेश अग्निहोत्री के साथ अपनी मां स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति और सभी के लिए माता चिंतपूर्णी के आशीर्वाद की प्रार्थना की। सभी ने
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के त्याग, समर्पण और उनके निस्वार्थ सेवा भाव को स्मरण कर उनकी पुण्य स्मृतियों को नमन किया।

बेटी के लिए माता-पिता की दोहरी भूमिका में रहे मुकेश

इस पूरी पदयात्रा में उनके पिता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बेटी के संकल्प को पूरा करने के लिए साये की तरह हर कदम उनके साथ रहे। इस दौरान वे बेटी आस्था के लिए पिता के साथ साथ मां की भूमिका में भी दिखे। पूरी पदयात्रा में वे बेटी का ख्याल रखते, लाड लड़ाते, पांवों में निकल आए छालों पर मरहम लगाते और भावुक पलों में हिम्मत बंधाते रहे। और कभी अपने नरम स्वास्थ्य की, तो कभी मौसम की बाधाओं के बावजूद लगातार साथ पदयात्रा कर उनका हौंसला बढ़ाते रहे।

पूरी यात्रा में मिलता रहा जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद
आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद हरोली से शुक्रवार को आरंभ हुई यह पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए रविवार को श्री चिंतपूर्णी जी में माता का आशीर्वाद प्राप्त कर पूर्ण हुई। पूरी यात्रा में डॉ. आस्था और मुकेश अग्निहोत्री को जनता का अथाह प्यार और आशीर्वाद मिलता रहा। पदयात्रा जहां से भी गुजरी लोगों का हुजूम उनकी अगवानी करने के लिए उमड़ता दिखा और लोग साथ-सहयोग में जुड़ते रहे। और बड़ी तादाद में स्वेच्छा और स्नेहिल भाव से साथ चले लोगों का टोला भी बनता चला गया। जनता ने मां की आत्मिक शांति के लिए बेटी आस्था के जज्बे और हिम्मत की खूब सराहना की और उन्हें दिल से स्नेह भरा आशीर्वाद दिया।

मां को मोक्ष मिले माता रानी से यही प्रार्थना – डॉ. आस्था
डॉ. आस्था ने कहा कि उनकी मां प्रो. सिम्मी की माता चिंतपूर्णी पर अगाध श्रद्धा थी। माता रानी के जगराते से उनकी सभी के लिए श्री चिंतपूर्णी जी का आशीर्वाद लेने की इच्छा थी। लेकिन उनकी वह इच्छा अधूरी रह गई। हमने माता रानी के दरबार जाकर माता से अपनी मां के लिए मोक्ष की प्रार्थना की है। इस पूरी पदयात्रा में मेरी मां और माता रानी ही मेरा, मेरे पिता और साथ चले हर सहयोगी का बल और प्रेरणा थीं। उन्हीं के आशीर्वाद से हमने यह यात्रा पूर्ण की।

बेटी के जज्बे को सलाम – मुकेश अग्निहोत्री
जनता के प्यार के ऋणी रहेंगे

वहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी के लिए बेटी आस्था ने जो संकल्प लिया वो पूरा किया। इस पूरी पदयात्रा में वे जिस हिम्मत से आगे चली हैं, उनके जज्बे को सलाम है। जनता ने जिस कदर प्यार और आशीर्वाद दिया है, हम उसके लिए जीवनभर ऋणी रहेंगे। ये प्रो. सिम्मी के निस्वार्थ सेवा भाव की ही बानगी है, जो लोग उनके लिए इतना सम्मान और स्नेह रखते हैं।

तीन दिनों में यहां से गुजरी पदयात्रा
आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद हरोली से शुक्रवार को आरंभ हुई पैदल यात्रा पहले दिन गोंदपुर बुल्ला, भड़ियारा, दुलेहड, हीरानगर, हीरा, हलेडा, पुबोवाल, ठाकरा, पालक्वाह, भदौड़ी, हरोली, समनाल, रोड़ा, सैंसोवाल, धर्मपुर, कांगड़, बढेडा, सलोह, घालूवाल, भदसाली, ईसपुर, पंडोगा होते खड्ड गांव में पहुंची। वहां रात्रि ठहराव के बाद शनिवार को भदसाली, ईसपुर, पंडोगा, खड्ड, पंजावर,नगनोली, गुग्लैहड़, बढेडा राजपूतां, जाडला, लोहारली, चरूड़ू और अंब से होते हुए मुबारकपुर में रूकी और तीसरे दिन घी दा घट्टा,सिद्ध चलेहड़, किन्नू, और भरवाईं होते हुए श्री चिंतपूर्णी जी में संपन्न हुई।
यात्रा में हर आमोखास के साथ साथ राजनीतिक,धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां भी शामिल हुईं।
.0.

प्रेस नोट

30 मार्च 2024

दिलों में संघर्ष, सेवा और सहयोग की प्ररेणा लिए मुबारकपुर पहुंची डॉ. आस्था और मुकेश अग्निहोत्री की पदयात्रा

बढ़ते कदमों को नहीं रोक पाए बारिश-तूफान

पैरों में छाले, पिता ने निभाया मां का फर्ज

हर जगह लोगों का हुजूम, साथ को जुटे हजारों हाथ

कल माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के साथ संपन्न होगी पदयात्रा

ऊना, 30 मार्च।

दिलों में संघर्ष, सेवा और सहयोग की अनंत प्ररेणा लिए डॉ. आस्था और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की पदयात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए दूसरे दिन मुबारकपुर पहुंची। स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन पर्यंत समर्पण और उनके निस्वार्थ सेवा भाव के सम्मान को अर्पित इस पदयात्रा में हर जगह लोगों का हुजूम रहा, वहीं इस दौरान स्नेह और साथ देने के भाव से हजारों हाथ सहयोग में जुटे दिखे।

बता दें, डॉ. आस्था अपने पिता मुकेश अग्निहोत्री के साथ अपनी मां स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति के साथ साथ सभी के लिए माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लेने की मंगलकामना के साथ माता चिंतपूर्णी मंदिर के लिए पदयात्रा पर निकली हैं।

पैरों में छाले, पिता ने निभाया मां का फर्ज

बढ़ते कदमों को नहीं रोक पाए बारिश-तूफान

शुक्रवार को आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद हरोली से आरंभ हुई यह पदयात्रा पहले दिन रात्रि ठहराव क लिए खड्ड में रूकी थी। वहां से शनिवार प्रातः यात्रा आरंभ की तो बारिश-तूफान रास्ते की बाधा बन कर सामने थे। पर प्रो. सिम्मी की अधूरी इच्छा को पूरा करने के संकल्प को लेकर फौलादी इरादों से आगे बढ़ते कदमों को कोई बाधा नहीं रोक पाई। इस पदयात्रा में मुकेश अग्निहोत्री पिता के साथ साथ बेटी आस्था के लिए मां का फर्ज भी निभाते दिखे। उन्होंने बेटी के पैरों में निकल आए छालों पर बड़े लाड से मरहम लगाया और हर बाधा को पीछे छोड़ बढ़ते चले जाने का हौंसला दिया।

बेटी के संकल्प में सहयोगी होकर चल रहा हूं साथ – मुकेश अग्निहोत्री

स्नेह और आशीर्वाद के लिए जनता जनार्दन का आभार

वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वे बेटी के संकल्प में सहयोग करने की भावना से उनके साथ पदयात्रा में चल रहे हैं। यह आस्था का जज्बा और हिम्मत ही है कि वे अपनी मां के लिए इस तरह की पदयात्रा पर निकली हैं। इस कठिन समय में जनता का जिस प्रकार का स्नेह और साथ हमें मिल रहा है, उसके लिए जितना आभार जताएं कम होगा। यह पदयात्रा प्रो. सिम्मी के समर्पण और उनके निस्वार्थ सेवा भाव के सम्मान की यात्रा है।

बता दें, प्रो. सिम्मी अपने पति प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की चुनावी जीत पर हर बार माता चिंतपूर्णी की पदयात्रा करती थीं। उन्होंनेे पांच बार नंगे पांव यह पदयात्रा की थी। इस बार भी वे पति की चुनावी जीत के बाद माता चिंतपूर्णी के मंदिर नंगे पांव माथा टेकने पहुंची थीं। इस वर्ष भी 12 फरवरी को घर पर माता रानी का जागरण रखा हुआ था परंतु जागरण से पहले ही वो हमें छोड़ कर चले गई।

डॉ.आस्था बोलीं…ये हमारे लिए भावुक पल, जनता का प्यार बना है संबल

डॉ. आस्था ने कहा कि यह पदयात्रा उनके और उनके पिता के लिए भावुक पल है। पहले उन्होंने मां सिम्मी अग्निहोत्री के साथ यह पदयात्रा की थी। अब मां सशरीर तो साथ नहीं हैं पर उनका आशीर्वाद और प्ररेणा निरंतर साथ है। यही उनका बल है। इस समय में जनता का अथाह प्यार उनका संबल बना है।

दूसरे दिन यहां से गुजरी पदयात्रा, कल माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के साथ होगी संपन्न

पदयात्रा के दूसरे दिन डॉ. आस्था अपने पिता मुकेश अग्निहोत्री तथा स्वेच्छा से बड़ी तादाद में साथ चले लोगों के संग भदसाली, ईसपुर, पंडोगा, पंजावर, नगनोली, गुग्लैहड़, बढेडा राजपूतां, जाडला, लोहारली, चरूड़ू और अंब से होते हुए मुबारकपुर पहुंचीं। यात्रा में हर आमोखास के साथ साथ चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला ऊना कांग्रेस के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ऊना यूथ कांग्रेस अध्यक्ष राधव ठाकुर समेत राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की अनेक हस्तियां भी शामिल हुईं।

यह पदयात्रा रविवार को प्रातः मुबारकपुर से आंरभ होकर माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन के साथ संपन्न होगी। .0.

प्रेस नोट


होनहार बेटी ने मां की अधूरी इच्छा को बनाया संकल्प

माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लेने हरोली से पैदल यात्रा पर निकलीं डॉ. आस्था, पिता मुकेश अग्निहोत्री भी साथ

आस्थामयी यात्रा में जुड़ते गए हजारों
ऊना, 29 मार्च।

स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की अधूरी इच्छा को संकल्प बना कर उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री अपने पिता प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ माता चिंतपूर्णी का आशीर्वाद लेने हरोली से पैदल यात्रा पर निकलीं। गुड फ्राइडे के दिन उन्होंने गोंदपुर जयचंद में अपने निवास से सुबह करीब 8 बजे चिंतपूर्णी मंदिर के लिए यह पैदल यात्रा आरंभ की और देखते ही देखते हजारों की तादाद में लोग उनके साथ सहयात्री हो गए।

बता दें, प्रो. सिम्मी माता चिंतपूर्णी की अनन्य भक्त थीं। अपने पति प्रदेश के उपमुख्यमंत्री की हर चुनावी जीत के बाद वे घर से पैदल माता के दरबार माथा टेकने जाती थीं। उन्होंने 12 फरवरी को हरोली में अपने घर पर माता चिंतपूर्णी का जगराता रखा था। इसी सिलसिले में हेग अकादमी ऑफ लॉ से उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहीं उनकी इकलौती बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री भी घर आई थीं। मगर दुर्भाग्य से जगराते से दो दिन पहले फरवरी महीने की 9 तारीख को प्रो. सिम्मी का अकस्मात निधन हो गया। उनकी अधूरी इच्छा को अपनी प्रेरणा बना कर उनकी होनहार बेटी डॉ. आस्था अपने पिता के साथ भावुकता से भरी इस आस्थामयी पैदल यात्रा पर निकलीं हैं।

लोग साथ आते गए, कारवां बनता गया…

अपार जनता, अनगिनत भाव
‘मैं अकेला ही चला था जानिब-ए-मंजिल मगर, लोग साथ आते गए कारवां बनता गया’, किसी शायर के ये अशआर भावों से भरी इस आस्थामयी यात्रा के लिए सटीक बैठते दिखे। डॉ. आस्था और मुकेश अग्निहोत्री के साथ चलने वालों की संख्या हर बीतते पड़ाव के साथ बढ़ती चली गई। हरोली समेत ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हर वर्ग, हर तबके से लोग यात्रा में जुड़े। यह यात्रा जहां से भी गुजरी पड़ाव दर पड़ाव कारवां बढ़ता चला गया। अनेकों लोग सुख दुख के साथी होने के भाव से यात्रा में जुड़े, तो बहुत से लोग एक होनहार बेटी के जज्बे को सराहने, उनका साथ देने, समर्थन देने और हौंसला देकर यात्रा में सहयात्री होने आए। अनेकों बड़े-बुजुर्गों ने बेटी को सस्नेह आशीर्वाद देने के भाव से यात्रा में भाग लिया।

पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक राकेश कालिया समेत राजनीतिक जगत के साथ साथ सामाजिक क्षेत्र के हर तबके के लोग भी इस यात्रा में शामिल हुए।

डॉ. आस्था ने जनता के साथ-स्नेह के लिए जताया आभार
इन भावुक क्षणों में डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मां प्रो. सिम्मी अग्निहोत्रा खुशी-खुशी माता के दरबार पैदल यात्रा करती थीं। पर हम गम में यात्रा कर रहे हैं। उनकी इच्छा थी कि घर में माता का जगराता हो और सभी को माता का आशीर्वाद मिले। पर वो इच्छा अधूरी रह गई। हम उसी अधूरी इच्छा को पूरा करने और सभी के लिए माता का आशीर्वाद लेने के लिए जा रहे हैं।
उन्होंने सहयोगी बन यात्रा में जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया और जनता के साथ तथा स्नेह के लिए कृतज्ञता जताई।

पहले दिन यहां से गुजरी यात्रा
शुक्रवार को आस्था कुंज गोंदपुर जयचंद से आरंभ हुई पैदल यात्रा गोंदपुर बुल्ला, भड़ियारा, दुलेहड, हीरानगर, हीरा, हलेडा, पुबोवाल, ठाकरा, पालक्वाह, भदौड़ी, हरोली, समनाल, रोड़ा, सैंसोवाल, धर्मपुर, कांगड़, बढेडा, सलोह, घालूवाल, भदसाली, ईसपुर, पंडोगा होते खड्ड पहुंची। खड्ड में रात्रि ठहराव के बाद शनिवार को यात्रा यहां से आगे बढ़ेगी।
.0.

प्रेस नोट

17 मार्च 2024

अपनी लाडली बेटी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को मंडी वासियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

हजारों की तादाद में उमड़े लोग, याद में छलके आंसू

मंडी, 17 मार्च। मंडी की लाडली बेटी, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की याद में रविवार को मंडी के भीमाकाली मंदिर परिसर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस मौके मुकेश अग्निहोत्री और उनकी बेटी डॉ. आस्था अग्निहोत्री को ढांढस बंधाने, दुख की घड़ी में साथ होने का भाव लेकर हजारों की तादाद में उमड़े मंडी वासियों ने प्रो. सिम्मी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी स्मृतियों के जिक्र पर वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंख डबडबाई रही। प्रो. सिम्मी के अपनत्व भरे व्यक्तित्व की याद में परिचितों के खूब आंसू छलके।


बता दें, मंडी शहर प्रो. सिम्मी का मायका था, उनके पिता का घर शहर के भगवाहन मोहल्ले में है। यहीं उनका बचपन बीता, यहीं युवा अवस्था के सपने बुने। बचपने की नादानियों से लेकर जीवन की शीर्ष सफलताओं तक मंडी और मंडी वासियों की अपनी लाडली बेटी प्रो. सिम्मी से जुड़ी अनेकों सुरभित स्मृतियां हैं। प्रो. सिम्मी का 9 फरवरी को अकस्मात निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार उनके ससुराल हरोली के गोंदपुर जयचंद में किया गया था।


जिंदगी लंबी नहीं बड़ी होनी चाहिए…
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री ने अल्प अवधि में बड़ा जीवन जिया। वर्ष 1968 में मंडी शहर के भगवाहन मोेहल्ले में जन्मी सिम्मी बचपन से ही अध्ययनशील थीं। स्वभाव में चुलबुली सिम्मी पढ़ने में सबसे आगे रहती थीं। कुशाग्र बुद्धि सम्पन्न सिम्मी ने छोटी आयु में पीएचडी की पढ़ाई पूरी की और वर्ष 1996 में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पढ़ाने लगीं ।
बहुआयामी प्रतिभा की धनी प्रो. सिम्मी विद्यालय शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी बहुआयामी प्रतिभा के सशक्त हस्ताक्षर दर्ज करवाती रहीं। खेलों में भागीदारी से लेकर गायन,नाटक और नृत्य की, हर विधा में अग्रणी रहना तथा हर किरदार उत्कृष्टता से जीना उनके व्यक्तित्व का हिस्सा था । सबसे मिलना-जुलना, खूब बातें करना और जिन्दगी को जिंदादिली से जीना, ये उनकी शख्सियत की पहचान थी।

विद्यार्थियों की चहेती, उत्कृष्ट शिक्षाविद थीं प्रो.सिम्मी
उत्कृष्ट शिक्षाविद प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री विद्यार्थियों की चहेती थीं। उनके मार्गदर्शन में 50 से अधिक विद्यार्थियों ने एफफिल-पीएचडी शोध किए। प्रो. सिम्मी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए बेस्ट टीचर अवॉर्ड, वूमन अचीवर अवॉर्ड एवं नारी शक्ति अवॉर्ड से भी नवाजा गया था । उनकी लिखी एक पुस्तक का विमोचन गत दिनों प्रदेश के माननीय राज्यपाल के करकमलों से सम्पन्न हुआ था।

सामाजिक सरोकार की पैरोकार
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री समाज सेवा के कार्य में भी लगातार सक्रिय थीं । वे आस्था फाउंडेशन के नाम से एक एनजीओ का संचालन कर रही थीं । इसके माध्यम से वे नशे के खिलाफ आंदोलन, सड़क सुरक्षा अभियान समेत हर सामाजिक कार्य आगे बढ़कर योगदान देती रहीं।

इरादों की अटल…पति की जीत पर हर बार नंगे पांव पहुंची

वे इरादों की ऐसी अटल थीं कि लगातार 5 बार विधायक के रूप में रिकार्ड मतों से विजयी रहे मुकेश अग्निहोत्री की पांचों जीत में हर बार निर्णायक भूमिका निभाई। हर जीत के बाद वे नंगे पांव माता ज्वालामुखी, बगुलामुखी मंदिर शीश नवाने घर से पैदल पहुंचतीं।


असाधारण व्यक्तित्व की धनीं मेरी मां – डॉ. आस्था

हर भूमिका सफलापूर्वक निभाती रहीं मंडी की बेटी
प्रो.सिम्मी एवं मुकेश अग्निहोत्री की इकलौती बेटी, हेग अकादमी ऑफ इंटरनेशनल लॉ से उच्चतर शिक्षा प्राप्त कर रहीं, डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने प्रार्थना सभा में उपस्थित रहे सभी लोगों का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि उनकी मां प्रो. सिम्मी असाधारण व्यक्तित्व की धनी थीं। बहुप्रतिभाशाली, नेकदिल और दूसरों के प्रति समर्पित थीं। उनकी मां के जाने के बाद पूरे प्रदेश में जिस प्रकार की दुख की अभिव्यक्ति देखने को मिली वह उनकी महान शख्सियत को जाहिर करता है।
उन्होंने कहा कि मंडी की बेटी प्रो. सिम्मी ने अपनी प्रतिभा, जिंदादिली से दूसरों की निस्वार्थ सेवा और समर्पण से हरोली का दिल जीत लिया था। मंडी की बेटी प्रो. सिम्मी एक सफल बहु और मां के रूप में सफल भूमिका निभाती रहीं।

डॉ आस्था ने कहा कि उनके पिता श्री मुकेश अग्निहोत्री के पांच बार चुनाव जीतने में प्रो. सिम्मी का त्याग और समर्पण शामिल था।
उनके फौलादी इरादे इस बात से जाहिर होते कि हर बार चुनाव जीतने के बाद वे माता चिन्तपुर्णी और कुलदेवी ज्वालाजी के मन्दिर में नंगे पांव पहुंचती और वहां नतमस्तक होतीं।

हमेशा सुनाती थीं मंडी के किस्से
डॉ. आस्था ने बताया कि उनकी मां हमेशा मंडी के किस्से सुनाती थीं । मंडी का उनके जीवन में बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान था। यहां के लोग उनके दिल के बहुत करीब थे। वे अपने रिश्तेदारों, सहपाठियों, सहेलियों के साथ की शरारतों के किस्से सुनाती थीं। मंडी से ही उनमें शिक्षा और ज्ञान की लौ जलीं । प्रो. सिम्मी का जाना उनके जीवन के लिए ही नहीं बल्कि अनगिनत जीवन के लिए अपूर्णीय क्षति है।

ये रहे उपस्थित
पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिल शर्मा, रंगीला राम राव, प्रकाश चौधरी, सीपीएस आशीष बुटैल, सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक चंद्रशेखर, एचआरटीसी निदेशक मंडल के सदस्य धमेंद्र धामी और विकास कपूर, नगर निगम महापौर विरेंद्र भट्ट, चंपा ठाकुर, नरेश चौहान, कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री महेश्वर सिंह चौहान, महासचिव शशी शर्मा, प्रदेश सचिव जगदीश सचिव, राकेश चौहान, जिला कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र सेन, कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, परिजनों, परिचितों और मंडी जिले के कोने कोने से आए लोगों ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

प्रेस नोट

Part :- 1

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि परिंदा भी सरकार पर पर नहीं मार पाएगा।

भाजपा भूल जाये कि उसके नापाक इरादे सफल होंगे : उप मुख्यमंत्री

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा 5 साल ठोक बजाकर चलेगी कांग्रेस सरकार, लोकसभा चुनाव के लिए है कांग्रेस तैयार। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता बाहर निकले डटकर मुकाबला करें ,कार्यकर्ताओं को मान सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सरकारे तोड़ने राजनीती देव भूमि की जनता पसंद नहीं करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से एकजुट है ,सरकार पूरी तरह से मजबूत है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाई कमान का पूरा आशीर्वाद सरकार व संगठन को है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर के जनता के लिए काम करेंगे , गारंटी को पूरा किया जाएगा। ओपीएस कर्मचारियों को दे दिया है, महिलाओं को ₹1500 की गारंटी अब पूरी कर दी है जो मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल जनता को बरगलाने का काम कर रही है, यह नहीं बता रही कि आपदा में हिमाचल प्रदेश का नुकसान हुआ है केंद्र ने कोई वित्तीय पैकेज दिया है और हम तो आज भी कह रहे हैं कि भाजपा ऐसा कोई कागज बताएं कि आपदा के नुकसान में केंद्र सरकार ने कोई अतिरिक्त मदद की हो। जो मिला है वह हिमाचल का हक था हिमाचल को मिला है।उन्होंने कहा कि भाजपा को तकलीफ है कि सत्ता उनके हाथों से चली गई है और कांग्रेस की सरकार प्रदेश को आगे बढ़ने का काम कर रही है और भाजपा को यह भी पता है कि आने वाले समय में अब भाजपा सत्ता में नहीं आएगी इसलिए खरीद फरोख्त षडयंत्र करके सत्ता हथियाना के लिए ओछे हथकंडे अपनॉए जा रहे हैं।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा यह समझ ले की जो होना था वह हो गया अब सरकार के व हमारे आंख, नाक, कान खुले हैं हम सतर्क हैं हर बात पर नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा तो यहां तक शोर डाल रही थी कि विधानसभा भंग हो जाएगी, चुनाव द्वारा हो जाएंगे ।उन्होंने कहा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि ना तो कोई विधायक का चुनाव चाहता है, ना प्रदेश की जनता चुनाव चाहती है , इसलिए खोखली बातें खोखली साबित हुई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से तैयार है।

उन्होंने कहा कि पार्टी सशक्त उम्मीदवारों को मैदान में उतरेगी और काम के बल पर जनता का समर्थन लेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा यह मत सोच की भाजपा के अंदर सब ठीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर भी एक लावा फूट रहा है वह कब फूट कर बाहर आ जाएगा भाजपा को पता भी नहीं चलेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित के लिए काम करेगी, जनता को सुविधा देने के साथ-साथ हर वर्ग की समस्याओं को हल करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का एजेंडा हिमाचल को विकास में आगे बढ़ना और आत्म निर्भर बनाना है और इसलिए सरकार ने अनेक कल्याणकारी नीतियां बनाई है, जिसको लेकर के सरकार जनता के बीच है। -0-

Part – 2

उप मुख्यमंत्री ने लगभग 13 करोड़ रूपये की विकास योजनाएं लोगों को समर्पित की

लोगों को स्वच्छ पेयजल व सिंचाई सुविधा उपलबध करवाना सरकार की प्राथमिकता – मुकेश अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री ने नगनोली-ऊना बस सेवा को दिखाई हरी झंडी

लोगों की सुनी समस्याएं, मौके पर किया निपटारा

ऊना, 13 मार्च – उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्हिोत्री ने बुधवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के तहत नगनोली में 4.5 लाख रूपये की लागत से निर्मित राजा भृतहिर मुख्याद्वार तथा नगनोली में 5.43 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उप मुख्यमंत्री ने नगनोली से ऊना से तक चलने वाली एचआरटीसी बस सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। इसके अतिरिक्त मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के तहत देहलां में लगभग 7.15 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्धघाटन भी किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नगनोली क्षेत्र के लोगों को यातायात की सुविधा प्रदान करने के लिए एचआरटीसी बस सेवा को शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह बस नगनोली से प्रातः 8.15 बजे चलेगी तथ पंजावर-पंडोगा-भदसाली होते हुए प्रातः 9 बजे ऊना पहुंचेगी। एचआरटीसी की यह बस सांय 5.15 बजे ऊना से चलेगी और सांय 6 बजे नगनोली पहुंचेगी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिला ऊना के प्रत्येक घर को पीने के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल तथा सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में नगनोली पंचायत में 5.43 करोड़ रूपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना लोकार्पण किया गया। इस योजना के बनने से नगनोली पंचायत के लगभग 1208 लोगों को लाभ मिलेगा जिसमें तीन गांव नगनोली, नगनोली हार व लवाणा माजरा शामिल है। उन्होंने बताया कि देहलां में 7.15 करोड़ रूपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना निर्मित करके लोगों को समर्पित की गई है। इस योजना से देहलां अप्पर व देहलां लोअर पंचायतों के लगभग 8005 लोग लाभान्वित होंगे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एशियन विकास बैंक वित्त के तहत जिला में सात पेयजल योजनाओं को स्वीकृत किया गया था जिसमें हरोली विस के तहत बालीवाल, हरोली, नगनोली व पूबोवाल तथा ऊना विस के तहत वनगढ़, देहलां व रक्कड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 42.6 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित छः स्कीमों को पूरा करके वहां की स्थानीय जनता को सौंपा दिया गया है। उन्होंने बताया कि रक्कड़ उठाऊ पेयजल योजना का कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एडीबी के तहत जिला में 82.5 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाली अन्य पेयजल योजनाओं को भी इस वर्ष के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला में सभी विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। विकास कार्यों में धन की कमी को आडे़ नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करें। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि ऊना जिला को पर्याप्त व सुचारू जल मुहैया करवाने के लिए भिभौर साहिब से भी जल को उठाया जाएगा जिसका कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नगनोली और देहलां में जनसमस्याएं भी सुनी और उनका मौके पर समाधान किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक ऊना सतपाल सिंह रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ओबीसी सैल के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, लीगल सैल अध्यक्ष वीरेंद्र मनकोटिया, ब्लॉक अध्यक्ष हरोली विनोद बिट्टू, नगनोली प्रधान मेहताब ठाकुर, एससी सैल अध्यक्ष जसपाल जस्सा, प्रधान सुभद्रा व सुरेखा राणा, मंडल मुख्य अभियंता दीपक गर्ग, एसई नरेश धीमान, एक्सिन पुनीत शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रेस नोट

उपमुख्यमंत्री ने भदसाली में रखी गुरू रविदास सामुदायिक भवन की आधारशिला

ऊना 12 मार्च:- उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली निर्वाचन क्षेत्र के गांव भदसाली में 50 लाख रूपये की लागत से निर्मित होने वाले श्री गुरू रविदास सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस भवन के निर्मित होने पर स्थानीय लोगों बड़े आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि संत श्री गुरू रविदास ने समाज में जातिगत भेदभाव को दूर कर सामाजिक एकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि गुरू रविदास धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्तित्व थे तथा उनकी शिक्षाओं को हमें भी ग्रहण करना चाहिए। इस अवसर पर मन्दिर कमेटी के प्रधान मास्टर भगत राम ने समस्त गांववासियों की ओर से इस पुनीत कार्य के लिए उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद किया तथा कहा कि उपमुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा के विकास के लिए निरंतर नये से नये विकासकार्यों को अंजाम देकर समाज कल्याण की दिशा में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, हरोली विकास कांग्रेस अध्यक्ष विनोद बिट्टू, महासचिव हिमाचल कांग्रेस अशोक ठाकुर, हरोली एससी सैल के अध्यक्ष जसपाल जस्सा व सुनिता बग्गा, बाबा संतोष दास बिट्टू सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। –0–

YouTube
YouTube
Instagram