27 June 2025






















































































































Mukesh Agnihotri







भगवान की शरणागति से मिलता है सच्चा सुख : स्वामी राजेंद्र दास
ऊना, 27 जून।
हरोली उपमंडल के गोंदपुर क्षेत्र में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के पांचवे दिवस पर दिव्य वातावरण में धर्म, भक्ति और आध्यात्म की अमृतवर्षा हुई। यह सात दिवसीय कथा उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा अपनी धर्मपत्नी स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की पुण्य स्मृति में आयोजित की जा रही है।
कथावाचक जगतगुरु स्वामी राजेन्द्र दास देवाचार्य जी महाराज ने अपने दिव्य प्रवचनों में कहा कि यह कथा पवित्र आषाढ़ मास में हो रही है, जो श्रवण के लिए अत्यंत पुण्यदायी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्व. प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री अपने दिव्य स्वरूप में इस भागवत कथा को श्रवण कर रही हैं और कथा पूर्ण होने के उपरांत वे उस नित्यधाम में प्रतिष्ठित होंगी, जहां से कोई जीव वापस नहीं आता। स्वामी जी ने भगवान से प्रार्थना की कि भक्तिमति सिम्मी जी को अपने चरणों में नित्य स्थान प्रदान करें, और उनकी अधूरी इच्छाओं को उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री पूर्ण करें।
स्वामी जी ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भजन-कीर्तन के माध्यम से रसपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जीवन में कोई भी कार्य असंभव नहीं है यदि मनुष्य भगवान की शरण में चला जाए। गुरु वचन दिव्य होते हैं, और उनका पालन जीवन को सार्थक बनाता है। उन्होंने चारों युगों के धामों—सतयुग का बद्रीनाथ, त्रेता का रामेश्वरम, द्वापर का द्वारका और कलियुग का श्रीजगन्नाथ धाम—की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि सच्चा शरणागत भक्त दुख में विचलित नहीं होता और सुख में अहंकार नहीं करता। ऐसा भक्त संसार की नाशवान वस्तुओं में मोह नहीं करता और उसमें ब्रह्म ज्योति का उदय होता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति अपने माता-पिता या गुरु की सीख नहीं सुन सकता, उसका उद्धार स्वयं भगवान भी नहीं कर सकते।
स्वामी जी ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा नगनोली में लगभग 400 एकड़ भूमि पर बन रहे गौ अभयारण्य की सराहना करते हुए इसे अत्यंत पुण्य कार्य बताया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती और इस कथा का आयोजन भी तभी सार्थक हुआ जब यह पावन भूमि इस पुण्य कार्य की साक्षी बनी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री रैंक के केहर सिंह खाची सहित कई गणमान्य अतिथि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने कथा श्रवण कर आध्यात्मिक शांति और सत्संग का लाभ प्राप्त किया।
श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान महायज्ञ – दूसरे दिवस की कथा में बोले परम पूज्य स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज”कलियुग में जन्म लेकर भी सतयुग में जिया जा सकता है”
ऊना, 24 जून।
श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान महायज्ञ के दूसरे दिवस पर आज गोंदपुर जयचंद में कथा व्यास परम पूज्य स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि “मनुष्य यदि जीवन में पांच दोषों का त्याग कर दे तो कलियुग में जन्म लेकर भी सतयुग जैसी पवित्रता से जीवन जी सकता है।” उन्होंने पांच दोषों को विस्तार से बताते हुए कहा कि जुआ खेलना, मदिरा का सेवन करना, तामसिक भोजन करना, व्यविचार करना और पाप की कमाई ।स्वामी जी ने कहा कि इन दोषों का त्याग कर मनुष्य का जीवन शांत, सुखमय एवं भक्तिमय बन जाता है। और वह मोक्ष की ओर अग्रसर होता है।उन्होंने मनुष्य जीवन में सत्संग का महत्व बताते हुए कहा कि हमें व्याकुल हृदय भाव से भगवान का भजन करना चाहिए। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं के बारे में विस्तार से बताया। उनके दिव्य वचनों से पूरा पंडाल भक्ति एवं श्रद्धा से ओतप्रोत हो गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, एवं अनेक विशिष्ट अतिथियों सहित भारी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।कथा के पश्चात सभी श्रद्धालुओं ने भंडारे एवं महाप्रसाद का पावन लाभ प्राप्त किया।इस पुण्य अवसर पर पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि एवं अनेक गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।




श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान महायज्ञ का गोंदपुर जयचंद में दिव्य-भव्य शुभारंभ
उपमुख्यमंत्री के निवास से निकली भव्य कलश यात्रा, श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का दिखा अद्वितीय संगम
ऊना, 23 जून. गोंदपुर जयचंद में सोमवार को भक्तिमय वातावरण में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा एवं ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। यह सात दिवसीय धार्मिक आयोजन स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति एवं मोक्ष की प्राप्ति हेतु आयोजित किया जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के गोंदपुर स्थित निवास से निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ हुई, जो गोंदपुर कम्युनिटी सेंटर तक पहुंची। इस पावन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला।कथा स्थल पर पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कथा व्यास अनंत श्री विभूषित परम पूज्य संत स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज का शाल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री ने समस्त पूज्य संतों एवं ब्राह्मणों का पारंपरिक रूप से टोपी और शाल पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।प्रथम दिवस की कथा में स्वामी श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा श्रवण के माहात्म्य एवं फलश्रुति का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रस में सराबोर किया। कथा के उपरांत उपस्थित श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद एवं भंडारे का पावन लाभ प्राप्त किया।गौरतलब है कि यह श्रीमद् भागवत कथा 29 जून तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।





22 जून 2025
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया पूज्य स्वामी राजेंद्र दास जी महाराज का भव्य स्वागत
23 को कलश यात्रा संग होगा श्रीमद् भागवत कथा एवं ज्ञान महायज्ञ का शुभारंभ
ऊना, 22 जून. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (रविवार) गोंदपुर जयचंद स्थित अपने निवास पर अनंत श्री विभूषित परम पूज्य संत स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज का दिव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। श्रद्धा और अध्यात्म से ओतप्रोत इस विशेष अवसर पर उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, भाई डॉ. राकेश अग्निहोत्री, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि यह भव्य स्वागत समारोह 23 जून से 29 जून तक आयोजित होने जा रही श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर संपन्न हुआ। उपमुख्यमंत्री एवं उनकी सुपुत्री डॉ आस्था अग्निहोत्री द्वारा इस कथा का आयोजन स्वर्गीय प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की आत्मिक शांति एवं मोक्ष प्राप्ति हेतु किया जा रहा है। कथा का वाचन श्रीमद् जगतगुरु द्वाराचार्य श्री अग्र पीठाधीश्वर एवं मलूक पीठाधीश्वर, परम पूज्य स्वामी श्री राजेंद्र दास देवाचार्य जी महाराज द्वारा किया जाएगा।
इस सात दिवसीय दिव्य आयोजन का शुभारंभ 23 जून को प्रातः 9 बजे गोंदपुर स्थित उपमुख्यमंत्री निवास से गोंदपुर कम्युनिटी सेंटर तक भव्य कलश यात्रा से होगा। इस यात्रा में उपमुख्यमंत्री, उनकी सुपुत्री डॉ. आस्था अग्निहोत्री, गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।
श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की जाएगी, जिसके पश्चात सभी श्रद्धालु श्रोताओं के लिए भंडारे एवं महाप्रसाद का आयोजन रहेगा।



