प्रेस नोट

साल 2024 की एक विकास गाथा

सिंचाई सुविधाओं ने बदली हरोली की तस्वीर

नकदी फसलों का बना गढ़, किसानों के वारे-न्यारे*

लाभार्थी बोले..‘मुकेश जी के प्रयासों ने हरोली की तस्वीर और हमारी तकदीर बदल के रख दी’

ऊना, 31 दिसंबर. ‘पहले हमारे खेतों को पानी की सुविधा नहीं थी, सच पूछें तो तब खेती के नाम पर बस झाड़-झंकाड़ ही था, लेकिन अब खेतों में पानी भी पहुंचा है और नकदी फसलों से किसानों की जेब में पैसा भी। मुकेश जी के प्रयासों ने हरोली की तस्वीर और हमारी तकदीर बदल के रख दी है।’ हरोली विधानसभा के पुबोवाल गांव के एक किसान सुमन लाल के इन उद्गारों में इस संपूर्ण क्षेत्र के किसानों के कृतज्ञ भाव सम्मिलित हैं। इन्हीं भावों को स्वर देते हुए अन्य किसान बीटन के सोडी राम और प्रेमचंद बताते हैं कि सिंचाई की अच्छी सुविधा के चलते नकदी फसलों की खेती से उन जैसे अनेकों किसानों के आत्मनिर्भर बनने की राह प्रशस्त हुई है। लोग परंपरागत खेती के अलावा नकदी फसलों-सब्जियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन करके अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं। किसानों के ये सभी भाव, सफलता की ये तमाम कहानियां, बेहतर सिंचाई सुविधा के इर्दगिर्द घूमती हैं। हरोली के विधायक एवं उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री के वर्षों के निरंतर प्रयासों के उपक्रम से निखरते हरोली में बीते एक साल की अवधि में सिंचाई की योजनाओं को और बल तथा गति देकर आगे बढ़ाया गया है।

*बूंद-बूंद से बड़े बदलाव की नायाब कहानी*

*हरोली के कृषि परिदृश्य में क्रांतिकारी बदलाव*

दरअसल, सिंचाई सुविधा में बूंद-बूंद से बड़े बदलाव की नायाब कहानी कहता हरोली क्षेत्र नकदी फसलों का गढ़ बना गया है। कभी यहां किसानों के लिए सब्जी उत्पादन केवल एक सपना भर था, अब ये तेजी से फल-फूल रहा है। बाजार में अच्छी मांग और चोखे दाम से किसानों के वारे-न्यारे हैं। विशेषकर बीत क्षेत्र में कभी पानी का गंभीर संकट था। अब वहां पीने के पानी की निरंतर सप्लाई के साथ ही खेतों के लिए भी सिंचाई की पर्याप्त सुविधा है। क्षेत्र में अब नकदी फसलों-सब्जियों का बड़े पैमाने पर उत्पादन हो रहा है। उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री, जो जल शक्ति विभाग का दायित्व भी संभाल रहे हैं, की दूरदर्शिता और निर्णायक प्रयासों से हरोली विस क्षेत्र में सिंचाई की अनेकों योजनाओं ने हजारों लोगों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। उनके प्रयासों ने हरोली के कृषि परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया है। कभी पानी की कमी की मार झेलता, सीमित कृषि क्षमता वाला हरोली क्षेत्र, अब सिंचाई सुविधाओं के विकास के चलते नई ऊंचाइयों को छू रहा है। बेहतर सिंचाई सुविधाओं ने किसानों को फसल विविधता अपनाने और अपनी आय बढ़ाने का अवसर दिया है।

*एक साल में पौने 10 करोड़ की योजनाएं समर्पित, 50 करोड़ के काम प्रगति पर*

*300 करोड़ की योजनाएं प्रस्तावित, हजारों एकड़ भूमि को मिलेगी सिंचाई सुविधा*

जलशक्ति विभाग हरोली के अधिशाषी अभियंता पुनीत शर्मा बताते हैं कि उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशानुरूप बीते एक साल में हरोली विस क्षेत्र में 9.71 करोड़ रुपये की लागत से 13 ट्यूबवेल परियोजनाओं को पूरा किया गया। इन परियोजनाओं के माध्यम से 347.50 हेक्टेयर (9049 कनाल) भूमि को सिंचाई सुविधायुक्त बनाया गया है। वहीं वर्तमान में 32.35 करोड़ रुपये की लागत से 33 सिंचाई ट्यूबवेल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 871 हेक्टेयर (22682 कनाल) भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। वे बताते हैं कि कमांड क्षेत्र के विकास के लिए 12.83 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। इस पहल के तहत 17 सिंचाई योजनाओं का काम किया जा रहा है, जिससे 850 हेक्टेयर भूमि को पूर्ण सिंचाई सुविधाएं प्रदान की जाएगी।वहीं, 202.54 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत की 6 नई सिंचाई योजनाओं के लिए डीपीआर तैयार की गई है। इनमें से 3 योजनाएं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और 3 नाबार्ड के तहत स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं। मंजूरी मिलते ही इन पर काम शुरू होगा। इसके अलावा एडीबी के सहयोग से 28 करोड़ की 4 परियोजनाओं का काम किया जा रहा है। जिनमें पूबोवाल, बालीवाल, हरोली और नगनोली की योजनाएं शामिल हैं। वहीं, 74 करोड़ रुपये की बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 का निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम उठाए गए हैं।

*बेहतर सिंचाई सुविधा से खेतीबाड़ी बनी मुनाफे का सौदा*

कृषि विभाग ऊना के उपनिदेशक डॉ. कुलभूषण धीमान बताते हैं हरोली क्षेत्र में बेहतर सिंचाई सुविधा से लोगों के लिए खेतीबाड़ी मुनाफे का सौदा बनी है। यहां लोग परंपरागत खेती के अलावा, खीरा, कद्दू-घिया, गोभी, मटर, आलू, करेला, मीटर फली और गन्ना जैसी नकदी खेती कर रहे हैं। साल दर साल नकदी फसलों और सब्जियों के बड़े पैमाने पर उत्पादन से किसानों के लिए आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि का नया द्वार खुला है।.0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

संख्याः 1128/2024शिमला, 31 दिसम्बर, 2024

उप-मुख्यमंत्री ने नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं

प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नया वर्ष प्रदेशवासियों के जीवन में नई ऊर्जा, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए।

उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने प्रदेश की जनता के सहयोग और समर्थन से चहुंमुखी विकास की उम्मीद जताई।उ

प-मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों के कल्याण और उन्नति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे सामाजिक सद्भावना और एकजुटता बनाए रखें और प्रदेश की उन्नति में योगदान दें।—

नव वर्ष की मंगल कामनाओं सहित, हिमाचल प्रदेश सरकार।

Published
Categorized as Press Notes

Media Coverage

31 December 2024

प्रेस नोट

30 दिसंबर 2024

कभी जल संकट से जूझता था हरोली… अब है कुशल जल प्रबंधन की उम्दा मिसाल

महज एक साल में 12.8 मिलियन लीटर क्षमता के 64 जल भंडारण टैंकों का निर्माण

41 करोड़ की 9 पेयजल योजनाएं लोकार्पित, 122 करोड़ की 10 योजनाओं का काम जारी
ऊना, 30 दिसंबर. हिमाचल प्रदेश के हरोली विधानसभा क्षेत्र ने कठिन जल संकट से कुशल जल प्रबंधन तक का असाधारण सफर तय किया है। कभी पानी की कमी से जूझने वाला यह क्षेत्र अब जल प्रबंधन के क्षेत्र में एक उम्दा मिसाल बन गया है। हरोली क्षेत्र का जल प्रबंधन में नवक्रांति का अगुआ बनने का यह बदलाव बीते एक साल में और स्पष्ट रूप से सामने आया है। यहां जल संकट के स्थायी समाधान को ध्यान में रखते हुए लागू की गई प्रभावी योजनाएं और परियोजनाएं धरातल पर परिवर्तनकारी साबित हुई हैं। इन प्रयासों ने न केवल तत्कालीन जल संकट का समाधान किया, बल्कि भविष्य में जल प्रबंधन के लिए एक मजबूत और टिकाऊ नींव भी रखी है।


दूरदर्शी नेतृत्व का नतीजा*
हरोली के विधायक और हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में जल प्रबंधन के कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पिछले एक साल में 41 करोड़ की लागत की 9 पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है, जिससे 45,000 से अधिक लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हुआ है। इसके साथ ही, 122 करोड़ की लागत से 10 योजनाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं, महज एक साल में क्षेत्र में 64 बड़े जल भंडारण टैंकों का निर्माण एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इन टैंकों की भंडारण क्षमता 12.8 मिलियन लीटर है। ये संरचनाएं न केवल वर्तमान जल संकट का समाधान हैं, बल्कि भविष्य की जल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बनाई गई हैं। श्री अग्निहोत्री का यह प्रयास जनकल्याण और दीर्घकालिक विकास के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।


जनजीवन में व्यापक बदलाव*
जल शक्ति विभाग हरोली के अधिशासी अभियंता पुनीत शर्मा का कहना है कि 64 जल भंडारण टैंकों का निर्माण केवल कंक्रीट की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि ये हरोली क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए सुखद, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी हैं। वे आगे बताते हैं कि उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री के विजन के अनुरूप विभाग की परियोजनाओं से हरोली के लोगों के जीवन में कई महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं। अब हर मौसम में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
वे बताते हैं कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जल स्रोतों के रिचार्जिंग पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इसके अलावा बल्क ड्रग पार्क परियोजना में 50 लाख लीटर और 25 लाख लीटर क्षमता वाले दो और जल भंडारण टैंक निर्मित किए गए हैं। ये टैंक बल्क ड्रग पार्क में जल आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे तथा क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन का आधार बनेंगे।


क्षेत्र की जनता ने जताया आभार*
कुशल जल प्रबंधन में क्रांतिकारी परिवर्तन का अगुआ बनते हरोली विधानसभा क्षेत्र के निवासी इस सुखद बदलाव से बेहद खुश हैं। हरोली की बीटन पंचायत के ओम प्रकाश ओमी जिंदड़ का कहना है कि पहले पीने के पानी की आपूर्ति हमारी सबसे बड़ी समस्या थी। अब नई परियोजनाओं और क्षेत्र में बड़े टैंक बनने से यह समस्या खत्म हो गई है। जीवन काफी आसान हो गया है। वहीं बीटन की बिमला देवी और माजरा जखेवाल गांव के मदन लाल का कहना है कि घर पर निरंतर जल आपूर्ति ने हमारे जीवन को सरल बना दिया है। हमने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी। यह केवल एक सुविधा नहीं है, बल्कि श्री अग्निहोत्री के नेतृत्व में क्षेत्र के हर व्यक्ति के सम्मान और प्रगति का प्रमाण है। इसी तर्ज पर क्षेत्र के अनेकों लाभार्थी एकस्वर में उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताते हुए कहते हैं कि हरोली में जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे काम इस बात की मिसाल हैं कि किस प्रकार दूरदर्शी नेतृत्व संसाधनों का सही उपयोग करके जनजीवन में बड़ा सुधार ला सकता है।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

शिमला 29 दिसम्बर, 2024

मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने हवलदार रिंकू कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुतड़ियाल के आदर्श नगर गांव के 35 वर्षीय हवलदार रिंकू कुमार के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका असम के डिब्रूगढ़ में निधन हुआ। रिंकू कुमार कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रिंकू कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की है। .0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

25 दिसंबर 2024

सिंचाई एवं पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता-मुकेश अग्निहोत्री

दून विधानसभा क्षेत्र में 12.50 करोड़ रुपए के किए लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई एवं पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ कर जन-जन का जीवन सरल बनाना प्रदेश सरकार का मुख्य धेय है। मुकेश अग्निहोत्री आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत ग्राम पंचायत थाना में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने आज दून विधानसभा क्षेत्र में 8 सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं को लोगों को समर्पित किया। उन्होंने 4.23 करोड़ रुपए की लागत से 5 सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से 95.57 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने लगभग 8.27 करोड़ रुपए लागत से निर्मित तीन पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी लोगों को समर्पित की। इन सभी योजनाओं से 31 गांव के 8596 लोग लाभान्वित होंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने 3.01 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत थाना के गांव धर्मपुर, भूपनगर तथा कोटला में उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने 4.39 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत चण्डी क्षेत्र की आंशिक रुप से छुटी हुई बस्तियों के लिए गम्बर खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना तथा गांव रायपुर जखौली के लिए 86.39 लाख रुपए की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने गांव नारंगपुर में लगभग 80 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना, धर्मपुर तथा भूपनगर के लिए 1.23 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित के लिए नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण भी किया।
उप मुख्यमंत्री ने गांव भुड्ड उपरला के लिए 63.73 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना, ग्राम पंचायत मलपुर के गांव मलकू माजरा घराट के लिए 76.01 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना तथा ग्राम पचंायत मानपुरा के गांव ठेडा के लिए 80.27 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में जहां एक ओर पहाड़ी इलाका समाहित है वहीं इस विधानसभा क्षेत्र के मैदानी भाग में उद्योगों का बहुत बड़ा नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ दून विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को विकास की धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि बद्दी में बस अड्डे के निर्माण कार्य को शीघ्र आरम्भ किया जाएगा ताकि लोगों की इसकी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बद्दी में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह खोलने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा।
उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों को बुघार कनैता तथा साथ लगते क्षेत्रों के लिए सिंचाई योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भटोली खुर्द के निवासियों की पानी की समस्या के त्वरित निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सीमा से लगते क्षेत्रों में नशे पर लगाम लगाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने दाड़लाघाट-कुनिहार-चण्डी-गोयला से होकर चण्डीगढ़ मार्ग का पुनः मूल्यांकन करने के उपरांत बस सुविधा शीघ्र आरम्भ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि साधन के अनुरूप एवं आवश्यकतानुसार लोगों को पथ परिवहन निगम की सेवा प्रदान की जाएगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से भी उप मुख्यमंत्री को अवगत करवाया।
इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, नगर परिषद बद्दी पूर्व अध्यक्ष मदन लाल चौधरी, नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष सुरजीत चौधरी, ग्राम पंचायत बुघार कनैता की प्रधान हेमा कुमारी, ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत बड़लग के प्रधान सतीश कुमार, ग्राम पंचायत मानपुर के प्रधान नामदेव, ग्राम पंचायत चण्डी के प्रधान बलवंत ठाकुर, ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के प्रधान कैलाश शर्मा, ग्राम पंचायत घड़सी के प्रधान सुरेन्द्र कुमार, ग्राम पंचायत दाड़वा के पूर्व प्रधान हेम चन्द, ट्रक यूनियन ऑपरेटर बीबीएन के प्रधान भजन लाल चौधरी, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनीक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, उपमण्डलाधिकारी बद्दी विवेक महाजन, जल शक्ति विभाग शिमला के मुख्य अभियंता जे.एस. चौहान, जल शक्ति विभाग सोलन के मुख्य अभियंता संजीव सोनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित थे।
.0.

प्रेस नोट 2

सिपाही परमवीर सिंह पंचतत्व में विलीन
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे”
ऊना, 25 दिसंबर।सिपाही परमवीर सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बीटन (हरोली विधानसभा क्षेत्र) में किया गया। लेह-लद्दाख में तैनात 33 वर्षीय परमवीर सिंह का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। प्रतिकूल मौसम के कारण उनकी पार्थिव देह बुधवार को गांव पहुंची, जहां सेना, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों सहित सैंकड़ों क्षेत्रवासियों ने उनकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत सिपाही के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि परमवीर सिंह की देशसेवा का जज्बा और उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद की जाएगी।

सिपाही परमवीर सिंह पंचतत्व में विलीन
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे”
ऊना, 25 दिसंबर।सिपाही परमवीर सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बीटन (हरोली विधानसभा क्षेत्र) में किया गया। लेह-लद्दाख में तैनात 33 वर्षीय परमवीर सिंह का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। प्रतिकूल मौसम के कारण उनकी पार्थिव देह बुधवार को गांव पहुंची, जहां सेना, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों सहित सैंकड़ों क्षेत्रवासियों ने उनकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत सिपाही के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि परमवीर सिंह की देशसेवा का जज्बा और उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद की जाएगी।

Published
Categorized as Press Notes
YouTube
YouTube
Instagram