प्रेस नोट

शिमला 29 दिसम्बर, 2024

मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री ने हवलदार रिंकू कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नादौन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुतड़ियाल के आदर्श नगर गांव के 35 वर्षीय हवलदार रिंकू कुमार के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उनका असम के डिब्रूगढ़ में निधन हुआ। रिंकू कुमार कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की है।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रिंकू कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना की है। .0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

25 दिसंबर 2024

सिंचाई एवं पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता-मुकेश अग्निहोत्री

दून विधानसभा क्षेत्र में 12.50 करोड़ रुपए के किए लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई एवं पेयजल सुविधाओं को सुदृढ़ कर जन-जन का जीवन सरल बनाना प्रदेश सरकार का मुख्य धेय है। मुकेश अग्निहोत्री आज सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12.50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत ग्राम पंचायत थाना में जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
मुकेश अग्निहोत्री ने आज दून विधानसभा क्षेत्र में 8 सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं को लोगों को समर्पित किया। उन्होंने 4.23 करोड़ रुपए की लागत से 5 सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से 95.57 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने लगभग 8.27 करोड़ रुपए लागत से निर्मित तीन पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी लोगों को समर्पित की। इन सभी योजनाओं से 31 गांव के 8596 लोग लाभान्वित होंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने 3.01 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत थाना के गांव धर्मपुर, भूपनगर तथा कोटला में उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने 4.39 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत चण्डी क्षेत्र की आंशिक रुप से छुटी हुई बस्तियों के लिए गम्बर खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना तथा गांव रायपुर जखौली के लिए 86.39 लाख रुपए की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने गांव नारंगपुर में लगभग 80 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना, धर्मपुर तथा भूपनगर के लिए 1.23 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित के लिए नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण भी किया।
उप मुख्यमंत्री ने गांव भुड्ड उपरला के लिए 63.73 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना, ग्राम पंचायत मलपुर के गांव मलकू माजरा घराट के लिए 76.01 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना तथा ग्राम पचंायत मानपुरा के गांव ठेडा के लिए 80.27 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण किया।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दून विधानसभा क्षेत्र में जहां एक ओर पहाड़ी इलाका समाहित है वहीं इस विधानसभा क्षेत्र के मैदानी भाग में उद्योगों का बहुत बड़ा नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ दून विधानसभा क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति को विकास की धारा से जोड़ने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि बद्दी में बस अड्डे के निर्माण कार्य को शीघ्र आरम्भ किया जाएगा ताकि लोगों की इसकी सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बद्दी में जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह खोलने की सम्भावनाएं तलाशी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा।
उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के उच्च अधिकारियों को बुघार कनैता तथा साथ लगते क्षेत्रों के लिए सिंचाई योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भटोली खुर्द के निवासियों की पानी की समस्या के त्वरित निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सीमा से लगते क्षेत्रों में नशे पर लगाम लगाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने दाड़लाघाट-कुनिहार-चण्डी-गोयला से होकर चण्डीगढ़ मार्ग का पुनः मूल्यांकन करने के उपरांत बस सुविधा शीघ्र आरम्भ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि साधन के अनुरूप एवं आवश्यकतानुसार लोगों को पथ परिवहन निगम की सेवा प्रदान की जाएगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
राम कुमार चौधरी ने इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं से भी उप मुख्यमंत्री को अवगत करवाया।
इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, नगर परिषद बद्दी पूर्व अध्यक्ष मदन लाल चौधरी, नगर परिषद बद्दी के अध्यक्ष सुरजीत चौधरी, ग्राम पंचायत बुघार कनैता की प्रधान हेमा कुमारी, ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत बड़लग के प्रधान सतीश कुमार, ग्राम पंचायत मानपुर के प्रधान नामदेव, ग्राम पंचायत चण्डी के प्रधान बलवंत ठाकुर, ग्राम पंचायत कृष्णगढ़ के प्रधान कैलाश शर्मा, ग्राम पंचायत घड़सी के प्रधान सुरेन्द्र कुमार, ग्राम पंचायत दाड़वा के पूर्व प्रधान हेम चन्द, ट्रक यूनियन ऑपरेटर बीबीएन के प्रधान भजन लाल चौधरी, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनीक्षी सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, उपमण्डलाधिकारी बद्दी विवेक महाजन, जल शक्ति विभाग शिमला के मुख्य अभियंता जे.एस. चौहान, जल शक्ति विभाग सोलन के मुख्य अभियंता संजीव सोनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित थे।
.0.

प्रेस नोट 2

सिपाही परमवीर सिंह पंचतत्व में विलीन
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे”
ऊना, 25 दिसंबर।सिपाही परमवीर सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बीटन (हरोली विधानसभा क्षेत्र) में किया गया। लेह-लद्दाख में तैनात 33 वर्षीय परमवीर सिंह का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। प्रतिकूल मौसम के कारण उनकी पार्थिव देह बुधवार को गांव पहुंची, जहां सेना, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों सहित सैंकड़ों क्षेत्रवासियों ने उनकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत सिपाही के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि परमवीर सिंह की देशसेवा का जज्बा और उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद की जाएगी।

सिपाही परमवीर सिंह पंचतत्व में विलीन
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे”
ऊना, 25 दिसंबर।सिपाही परमवीर सिंह का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव बीटन (हरोली विधानसभा क्षेत्र) में किया गया। लेह-लद्दाख में तैनात 33 वर्षीय परमवीर सिंह का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। प्रतिकूल मौसम के कारण उनकी पार्थिव देह बुधवार को गांव पहुंची, जहां सेना, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों सहित सैंकड़ों क्षेत्रवासियों ने उनकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री एवं हरोली विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने दिवंगत सिपाही के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि परमवीर सिंह की देशसेवा का जज्बा और उनकी कर्तव्यनिष्ठा हमेशा याद की जाएगी।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

संसद में नेता प्रतिपक्ष को जाने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ: मुकेश अग्निहोत्री


धर्मशाला, 20 दिसंबर। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं को संसद के अंदर जाने से रोकने की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसे इसे देश के समृद्ध लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया। धर्मशाला में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उपमुख्यमंत्री ने संसद में प्रतिपक्ष के नेता के साथ हुए घटनाक्रम को तानाशाही करार देते हुए सरकार के इस व्यवहार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यदि आप संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आम्बेडकर के खिलाफ टिप्पणी करेंगे तो इसका विरोध पूरा देश करेगा। कांग्रेस के नेता देश की आवाज बनाकर डॉ. आम्बेडकर के खिलाफ की गई टिप्पणी पर अपना विरोध जता रहे थे तभी सरकार के नेताओं ने उनकी आवाज दबाने के लिए नेता प्रतिपक्ष और उनके साथियों से अभद्र व्यवहार किया।


अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है लेकिन कांग्रेस लड़ाई लड़ना जानती है। पूर्व में भी जब कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को संसद से बाहर करने और उनका आवास छीनने के असफल प्रयास केंद्र की सरकार ने किए थे, तब भी कांग्रेस लोकतांत्रित हितों के लिए लड़ी थी और अंत में सत्य की जीत हुई थी। उन्होंने कहा कि संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ हुए अभद्र व्यवहार भी केंद्र की अलोकतांत्रित मानसिकता को दर्शाता है।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में जाने से रोकना और कांग्रेस नेताओं के साथ धक्का-मुक्की करना न केवल लोकतंत्र का अपमान है, बल्कि यह दिखाता है कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। ऐसी घटनाएं सरकार की तानाशाही मानसिकता को उजागर करती हैं। उन्होंने आगे कहा कि संसद जनता की आवाज का प्रतीक है और इसमें हर नेता को अपनी बात रखने का अधिकार है। उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने के प्रयास सफल नहीं होंगे। कांग्रेस इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाएगी और जनता के सामने सच्चाई लाएगी। उन्होंने राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया।
.0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

उप मुख्यमंत्री ने लोगों से रेडक्रॉस समिति को उदारतापूर्वक अंशदान करने का किया आग्रह

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गत देर सांय सोलन ज़िला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ज़िला स्तरीय तीन दिवसीय रेडक्रॉस मेले की द्वितीय सांस्कृतिक संध्या में शिरकत की।मुकेश अग्निहोत्री ने जनसमूह को मेले की बधाई देते हुए कहा कि रेडक्रॉस संस्था पीड़ित मानवता की सेवा में अहम भूमिका निभाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस समिति पूरे विश्व में पीड़ित मानवता की सेवा में अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने लोगों से रेडक्रॉस समिति को उदारतापूर्वक अंशदान देने का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर नालागढ़ क्षेत्र से रहने वाले सुप्रसिद्ध पंजाबी कलाकार बी.एन. शर्मा को सम्मानित किया।मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में कंवर ग्रेवाल, कुमार साहिल, कंवर सोनू, सुमी प्रिंस, मोहित शर्मा, नितिन कौशल, लकी शहजादा, श्वेता राणा सहित स्थानीय व अन्य प्रदेश के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।इससे पूर्व मेले में विभिन्न स्कूलों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए तथा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।इस अवसर पर नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बाबा, नगर परिषद नालागढ़ की अध्यक्ष वंदना बंसल, उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ राजकुमार सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति, बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।.0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

उप-मुख्यमत्री ने उद्योगपति एवं ज़ीस्केलर कंपनी के (सीईओ) से की मुलाकात

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 14 दिसंबर (शनिवार) देर सायं विश्व विख्यात उद्योगपति एवं ज़ीस्केलर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जय चौधरी से चंडीगढ़ में भंेट की ।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जय चौधरी ऊना जिला के पनोह गांव से संबंध रखते हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और परिश्रम से विश्व पटल पर राज्य का नाम रोशन किया है जो राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।
उप-मुख्यमंत्री ने जय चौधरी को हिमाचल विशेषकर ऊना आने का न्योता दिया।
जय चौधरी ने उप-मुख्यमंत्री के निमंत्रण को विनम्रतापूर्वक स्वीकारते हुए कहा कि वे राज्य के विकास में योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने साइबर अपराध की रोकथाम, सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कार्य करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वह इन क्षेत्रों में कार्य करने के लिए रूपरेखा तैयार करने के लिए जल्द ही हिमाचल का दौरा करने की योजना बना रहे हैं।
इस अवसर पर ट्रिपल आई.टी. ऊना के अध्यक्ष रवि शर्मा, निदेशक मनीष गौड़ व उप-मुख्यमंत्री के ओएसडी विक्रंात ठाकुर भी उपस्थित रहे।
.0.

English

Deputy CM meets CEO of Zscaler

Deputy Chief Minister Mukesh Agnihotri met the globally renowned entrepreneur and CEO of Zscaler, Jay Chaudhry in Chandigarh on Saturday evening.

Sh. Agnihotri said that Sh. Chaudhry hails from Panooh village in the Una district, who has brought global recognition to the state with his remarkable journey, which serves as a source of inspiration for the youth of the state.

Deputy CM extended a cordial invitation to Jai Chaudhry to visit Himachal Pradesh, particularly Una.

Jai Chaudhry graciously accepted the invitation and expressed a keen interest in contributing to the development of the state. He expressed his desire to work in key areas such as cybercrime prevention, technology advancement, education and healthcare sectors. He said that he was planning to visit Himachal Pradesh soon to outline a comprehensive framework for implementing projects in these fields.

Chairman IIIT Una Ravi Sharma, Director Manish Gaur and OSD to the Deputy Chief Minister Vikrant Thakur were present on the occasion.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

*उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने “इन द एक्सप्लोरेशन ऑफ लाइफ: व्हाई वी लाई” पुस्तक का किया विमोचन*हरौली, 14 दिसंबर। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज(शनिवार) गोंदपुर जयचंद स्थित अपने निवास पर नवोदित लेखिका एवं शिक्षाविद निहारिका अग्निहोत्री की पुस्तक “इन द एक्सप्लोरेशन ऑफ लाइफ: व्हाई वी लाई” का विमोचन किया। इस पुस्तक में झूठ बोलने के मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पहलुओं पर गहराई से प्रकाश डाला गया है।यह पुस्तक सभी झूठ बोलने वालों को समर्पित है और इस विचार को सामने रखती है कि हममें से हर किसी ने जीवन में कभी न कभी झूठ बोला है। उपमुख्यमंत्री ने निहारिका को इस रचना के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस दौरान लेखिका निहारिका के साथ उनकी माता कामिनी अग्निहोत्री तथा अन्य परिजनों में राजकुमार, नवीन कुमार और बहन आकृति अग्निहोत्री उपस्थित रहे।*लेखिका के बारे में*निहारिका अग्निहोत्री इंडस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, बाथू (ऊना) में प्रबंधन विभाग में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बिजनेस मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री प्राप्त की है और वर्तमान में मैनेजमेंट में पीएचडी कर रही हैं। उनकी विशेष रुचि मानव व्यवहार, संगठनात्मक संस्कृति और प्रबंधन के क्षेत्र में है।निहारिका की पुस्तक “इन द एक्सप्लोरेशन ऑफ लाइफ: व्हाई वी लाइ” में उन्होंने मानवीय रिश्तों, सामाजिक अपेक्षाओं और व्यक्तिगत विकास की जटिलताओं को गहराई से खोजा है। यह पुस्तक झूठ के विभिन्न पहलुओं पर एक विचारोत्तेजक दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है और पाठकों को आत्म-चिंतन के लिए प्रेरित करती है।हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गोंदपुर जयचंद की रहने वाली निहारिका अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से गहराई से जुड़ी हैं। उनके लेखन और अकादमिक कार्य में यह जुड़ाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।

Published
Categorized as Press Notes

Untitled

क्रमांक 1076/2024 सोलन दिनांक 14.12.2024सिंचाई के लिए समुचित जल और प्रत्येक घर को स्वच्छ जल प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – मुकेश अग्निहोत्रीनालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं का लोकार्पण उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई के लिए समुचित जल और नल के माध्यम से प्रत्येक घर को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। मुकेश अग्निहोत्री आज सोलन ज़िला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगभग 24 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत आमजन से संवाद कर रहे थे। मुकेश अग्निहोत्री ने आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 21 सिंचाई एवं जलापूर्ति योजनाओं को लोगों को समर्पित किया। उन्होंने 18.26 करोड़ रुपए लागत की 18 सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से 298 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने लगभग 5.20 करोड़ रुपए लागत की तीन पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी लोगों को समर्पित की। इन सभी योजनाओं से 36 गांव के 8350 लोग लाभान्वित होंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने 5.33 रुपए करोड़ की लागत से निर्मित गांव भोगपुर, घरोटी बाईपास, ग्राम पंचायत खिल्लियां के गांव नग्गर के लिए नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण किया। उन्होंने 7.20 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित गांव आदुवाल, बघेरी मुण्डनबास, टिक्करी, प्लासरा, कंगनवाल, दभोटा, कटीरड़ु माज़रा, बघेरी चमलियां, खोखरा में नलकूप आधारित सिंचाई योजना को लोगों को समर्पित किया। उप मुख्यमंत्री ने 5.73 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित नंगल ढ़क्का, रामपुर हरिजन बस्ती, कुलारी, ढ़ाना-2, ढ़ाना-1, नंगल में नलकूप आधारित सिंचाई योजना का लोकार्पण भी किया। मुकेश अग्निहोत्री ने 2.33 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित विभिन्न उठाऊ जलापूर्ति योजनाओं के स्त्रोत स्तर पर संर्वद्धन कार्य तथा 1.53 करोड़ रुपये की लागत से आदुवाल तथा आस-पास के गांव के लिए निर्मित उठाऊ जलापूर्ति योजना के सुधार कार्य का लोकार्पण किया। उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति मिशन के तहत 1.34 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना राजपुरा के पुनःसंयोजन एवं सुधार कार्य का लोकार्पण भी किया। मुकेश अग्निहोत्री ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में उपस्थित लोगों को आश्वस्त किया कि सिंचाई तथा पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाने और विभिन्न योजनाओं का संर्वद्धन तथा आवश्यकतानुसार नई जलापूर्ति योजनाओं का निर्माण उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए नई विस्तृत परियोजना रिपोर्टों को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर सिंचाई व्यवस्था प्रदान करने और लोगों को निर्धारित मानदण्डों के अनुसार पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए सभी प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी तीन वर्षों में नालागढ़ में पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था में क्रांतिकारी परिवर्तन दृष्टिगोचर होंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने ग्राम पंचायत खेड़ा के खोखरा, भाटिया के धुंधली, घोलोवाल, खिलियां, कश्मीरपुर के कटेरू-माजरा तथा आदुवाल में लोगों की जन समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समयबद्ध सीमा में निपटारा किया जाए। इस अवसर पर दून के विधायक राम कुमार चौधरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, बद्दी-बरोटवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ राजकुमार, उपमण्डलाधिकारी बद्दी विवेक महाजन, जल शक्ति विभाग शिमला जोन के मुख्य अभियन्ता हेमन्त तनवर, जल शक्ति विभाग सोलन के अधीक्षण अभियंता संजीव सोनी, ट्रक ऑपरेटर यूनियन का पूर्व अध्यक्ष विद्या रतन, ग्राम पंचायत भाटिया के प्रधान नसीब चंद, ग्राम पंचायत खिल्लियां के प्रधान धर्मचंद, ग्राम पंचायत घोलोवाल के प्रधान दर्शन सिंह, ग्राम पंचायत खेड़ा के पूर्व प्रधान मूल चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। .0.

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

ऊना जिले में नियोजित विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करें अधिकारी – उपमुख्यमंत्री


ऊना, 13 दिसंबर. उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले में नियोजित विकास के लिए अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगला एक वर्ष जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में विकास की प्रतिस्पर्धा का वर्ष होगा। प्रदेश के स्तर पर प्रतिस्पर्धा के साथ साथ हर विधानसभा क्षेत्र को विकास में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए काम करें। जिला प्रशासन इसे लेकर पूरी योजना बनाए, पूरे वर्ष में जिले की हर ग्राम पंचायत में कम से कम एक या दो विकास के इस प्रकार के कार्य करें, जो यादगार बनें और जिन्हें विकास के शानदार उदाहरण की तरह दिखाया जा सके। जिले की सभी 245 पंचायतों में इन कामों से एक साल में जिले की तस्वीर बदल जाएगी। इसमें मनरेगा के साथ अन्य योजनाओं की कन्वर्जेंस करें।
वे शुक्रवार को जिला परिषद सभागार ऊना में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम, जिला कल्याण समिति और जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठकों की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन द्वारा चलाई गई मनरेगा योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए परिवर्तनकारी साबित हुई है। अधिकारी जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर ध्यान केंद्रित करें। उपायुक्त सभी विकास खंड अधिकारियों और पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर कार्यों की स्पष्ट योजना बनाएं और उसके अनुरूप हर ग्राम पंचायत में टिकाऊ और उदाहरण देने लायक विकास काम कराना सुनिश्चित करें।


हर पंचायत का हो अपना लैंड बैंक
श्री अग्निहोत्री ने अधिकारियों को जिले की हर ग्राम पंचायत का अपना लैंड बैंक तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह डेटा स्पष्ट हो कि पंचायतों में कितनी सरकारी जमीन उपलब्ध है, ताकि उसके अनुरूप विकास परियोजाएं लाने में आसानी रहे। उन्होंने पंचायतों में सरकारी भूमि पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण करने वालों से कड़ाई से काम करने को कहा।


नहीं वसूली जाएगी पानी बिल की पिछली बकाया राशि
उपमुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी उपभोक्ता से पानी बिल की पिछली बकाया राशि न वसूलें। अगर गलती से किसी को बकाया राशि से साथ बिल भेजा गया है तो उसे तुरंत वापस लिया जाए। इसमें कोताही पर अधिकारियों को बक्शा नहीं जाएगा। लोगों से महीने का केवल 100 रुपये का बिल ही लिया जाएगा।


औद्योगिक इकाइयों में युवाओं के हितों की हो रक्षा
उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में काम कर रहे युवाओं के हितों की रक्षा के लिए उपयुक्त कदम उठाने को कहा। उन्होंने श्रम विभाग को यह तय बनाने के निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों से युवाओं को मनमाने तरीके से नौकरी से निकालने के औद्योगिक प्रतिष्ठानों के रवैये पर रोक लगे।


अवैध खनन, चिट्टा, पीपल-बड़ कटान पर जीरो टॉलरेंस
उपमुख्यमंत्री ने जिले में अवैध खनन, चिट्टा व नशा सप्लाई और पीपल-बड़ पेड़ों के कटान पर जीरो टॉलरेंस अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह के दबाव में आए बिना प्रशासन निर्णायक कार्रवाई करे। पुलिस फोर्स इसमें पूरी तत्परता से काम करे।


नहीं चलेगा चलताऊ रवैया
श्री अग्निहोत्री नेे अधिकारियों को हिदायत दी कि जिले में विकास कार्यों को लेकर चलताऊ रवैया न रखें। नौकरी का समय निकालने की प्रवृति न अपनाएं। हर विभाग इस प्रकार का काम करे जिससे धरातल पर परिवर्तन व प्रगति दिखे। उन्होंने कहा कि अधिकारी नई परियोजनाओं के प्रपोजल बनाने के साथ उनकी  स्वीकृति की प्रक्रिया में आने वाले अवरोधों को दूर करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करें।
 उन्होंने प्रशासन को बैठकों में अनुपस्थित रहे अधिकारियों से गैरहाजरी की जवाबतलबी के निर्देश दिए।


जिले में प्राचीन टोबों की होगी गणना, संरक्षण पर बल
उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को किसी को भी प्राचीन टोबों-तालाबों को मिट्टी से भरकर समतल करने की अनुमति न देने के सख्त निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि तालाबों में जल भराव क्षेत्र की जलस्तर गिरावट की समस्या से निपटने के लिए अहम है, इसलिए तालाबों का संरक्षण आवश्यक है। जिले में कितने प्राचीन टोबे मौजूद हैं उनकी गणना करने तथा उनका संरक्षण सुनिश्चित बनाने को कहा।
आलू उत्पादकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए सशक्त व्यवस्था बनाए प्रशासन
उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को ऊना जिले के आलू उत्पादकों के हितों की सुरक्षा और धोखाधड़ी से बचाने के लिए सशक्त व्यवस्था बनाने के निर्देष दिए। इसे लेकर उपायुक्त को सभी हितधारकों के साथ बैठक कर समुचित योजना बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि ऊना के किसान बड़े पैमाने पर आलू की खेती करते हैं और यहां आलू की बंपर पैदावार होती है। प्रषासन मजबूत व्यवस्था बना कर आलू आधारित आर्थिकी तंत्र विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करे।
उन्होंने जिले में नव गठित पंचायतों के भवन निर्माण के स्टेटस का ब्योरा मांगा और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों का फील्ड में नियमित दौरे करने और निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
इस दौरान समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने अपनी विभिन्न मांगें और षिकायतें रखीं। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उनके समुचित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने विकास कार्यों को गति देने को लेकर बहुमूल्य सुझाव दिए।  उपायुक्त जतिन लाल ने बैठक में लिए सभी निर्देशों की अक्षरशः अनुपालन तय बनाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कांग्रेस नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, धर्म चंद चौधरी सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, समितियों के गैर सरकारी सदस्य, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर, सभी एसडीएम, सभी बीडीओ तथा अन्य आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

ऊना, 13 दिसंबर

उप मुख्यमंत्री ने ऊना में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के कार्यालय का किया उद्घाटन


उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज (शुक्रवार) ऊना जिले के रामपुर में हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के नवस्थापित कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान, आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा तथा दिग्विजय मल्होत्रा भी उनके साथ रहे।
उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊना जिले में राज्य स्तर का यह कार्यालय खुलना एक ऐतिहासिक कदम है। अब इस आयोग का संचालन यहीं से किया जाएगा, जिससे दलित समाज, वंचितों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। इसके दूरगामी और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में जिले में और भी राज्य स्तरीय कार्यालय लाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ऊना जिला विकास की गति में प्रदेश का अग्रणी जिला बन चुका है। हम दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जिले में विकास के नए आयाम सुनिष्चित बनाने को कृतसंकल्पित हैं।
श्री अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेष में नियोजित विकास पर बल देते हुए ऊना, हमीरपुर और बद्दी को नगर निगम बनाया जा रहा है, जिससे इन क्षेत्रों में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार कुटलेहड़ में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित कर रही है। इससे क्षेत्र में पर्यटन को नए आयाम मिलेंगे।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेष सरकार 300 करोड़ रुपये की लागत से माता चिंतपूर्णी मंदिर का भव्य भवन बनाने जा रही है। इसके अलावा वहां रोपवे परियोजना के साथ विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने चिंतपूर्णी मंदिर के लिए प्रस्तावित रोपवे का विरोध कर रहे लोगों को विकास में रोड़ा ना बनने की नसीहत दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रोपवे बनने से मंदिर क्षेत्र में कारोबार में वृद्धि होगी और यहां के व्यापारियों को लाभ होगा।


अवैध खनन, चिट्टा और पेड़ कटान पर सख्त हिदायत
उपमुख्यमंत्री ने प्रषासन को जिले को 3 प्रमुख समस्याओं से पूरी तरह मुक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित करने की हिदायत देते हुए अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने, चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीपल तथा बड़ जैसे बड़े पेड़ों की कटाई और तस्करी पर पूरी लगाम लगाने का काम करने को कहा। उन्होंने चेताया कि इसमें ढिलाई बर्दाष्त नहीं की जाएगी। प्रशासन फील्ड में सक्रिय दिखना चाहिए।


टिप्परों के अनियंत्रित आवागमन पर लगे ब्रेक
उपमुख्यमंत्री ने जिले में टिप्परों के समय-असमय अनियंत्रित आवागमन पर गंभीरता दिखाते हुए इसे नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन से कहा कि टिप्परों की आवाजाही के लिए समय सीमा निर्धारित की जाए। सुबह 6 से 9 बजे और शाम 7 से 10 बजे के बीच टिप्परों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि स्कूली बच्चों और सैर के लिए निकले लोगों को असुविधा न हो।


1 महीने में आ जाएंगे लंबित परीक्षा परिणाम
श्री अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार युवा हितैषी सरकार है। पूर्व के स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड के विभिन्न पदों के लंबित परीक्षा परिणाम एक महीने के भीतर घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के शासनकाल में प्रदेश में पेपर बिकते थे। हमारी सरकार युवा हितैषी है। पूरी पारदर्शिता से युवाओं के हितों के लिए काम किया जा रहा है।


ओपीएस पर बीजेपी का रुख स्पष्ट करें जयराम
उपमुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को ओपीएस पर बीजेपी का रुख स्पष्ट करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर इसपर बोलें कि यदि कभी भूले से बीजेपी प्रदेश में सत्ता में आई तो वे ओपीएस का क्या करेंगे। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि बीजेपी हमेशा कर्मचारियों की पेंशन की विरोधी रही है। साल 2003 में केंद्र में बीजेपी की सरकार के समय ही पुरानी पेंशन योजना बंद की गई थी। हमने इसे फिर से चालू करने का वायदा किया था और उसे डंके की चोट पर पूरा किया है। केंद्र की बीजेपी सरकार प्रदेष की कर्ज सीमा में कटौती करके तथा फॉरेन फंड परियोजनाओं की कैपिंग करके हिमाचल के हितों को नुकसान पहुंचाने में लगी है। प्रदेष के 9 हजार करोड़ से अधिक एनपीएस फंड को लौटाने में आनाकानी की जा रही है। लेकिन प्रदेष की कांग्रेस सरकार हर चुनौती से पार पाकर प्रदेष के विकास को आगे बढ़ाने में लगी है।


एचआरटीसी को बदनाम करने की ओछी राजनीति ना करे बीजेपी
पेंशन अदायगी को दिए 67.50 करोड़, जल्द खरीदेंगे 1 हजार बसें
श्री अग्निहोत्री ने प्रदेश के बीजेपी नेताओं को एचआरटीसी को बदनाम करने की ओछी राजनीति ना करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि झूठ के पांव नहीं होते। बीजेपी नेता अनर्गल आरोप लगाकर एचआरटीसी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि एचआरटीसी 50 सालों से प्रदेशवासियों की सेवा में लगी है। हर दिन 5 लाख से अधिक लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। वे एचआरटीसी बस में कूकर और हीटर का टिकट काटने और एचआरटीसी कर्मियों को पेंशन न मिलने के आरोपों के संदर्भ में बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी को पेंशन की अदायगी को 67.50 करोड़ रुपये जारी किए हैं। एचआरटीसी की मजबूती के लिए जल्द1000 नई बसों की खरीदी जाएंगी। करीब 350 इलेक्ट्रिक बसें ली जाएंगी। इसके अलावा टैम्पो ट्रैवेलर की भी खरीद की जाएगी।
आयोग कार्यालय से गरीब और पिछड़े वर्गों को विशेष लाभ – कुलदीप धीमान
इस अवसर पर, हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार धीमान ने हिमाचल प्रदेश सरकार के इस महत्वपूर्ण कदम के लिए मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऊना में कार्यालय स्थापित करने के फैसले से गरीब और पिछड़े वर्गों को विशेष लाभ होगा। उन्हें न्याय के लिए शिमला का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि उन्हें अपने घरद्वार के पास ही सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय न केवल आयोग की कार्यक्षमता को बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर न्याय और सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार का यह कदम अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आयोग अनुसूचित जाति वर्ग के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। आयोग का प्राथमिक उद्देश्य दलित और पिछड़े वर्गों को न्याय और सहूलियत प्रदान करना है।
पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने ऊना में आयोग के कार्यालय शुभारंभ के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया।
कार्यक्रम में आयोग के सदस्य सचिव सहायक आयुक्त वरिंद्र षर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए आयोग की कार्यप्रणाली पर प्रकाष डाला।
इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक गणेश बरवाल, जिला उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, कांग्रेस नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Published
Categorized as Press Notes

प्रेस नोट

जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास के पथ पर अग्रसर प्रदेश सरकारः मुकेश अग्निहोत्री

कहा दो वर्ष सरकार गिराने की नाकाम कोशिश में लगा रहा विपक्ष

हिमाचल प्रदेश सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में बुधवार को उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बिलासपुर के लुहणू मेला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान समाज के हर वर्ग और हर क्षेत्र का समान विकास सुनिश्चित किया है। राज्य सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही है। इसी ध्येय और सोच के साथ सरकार द्वारा जनकल्याणकारी नीतियां बनाई जा रही हैं और उन्हें सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया जा रहा है।


उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही पहलों से आज राज्य में संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित हो रहा है। इससे राज्य की आर्थिक खुशहाली का मार्ग भी प्रशस्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के वंचित और गरीब वर्गों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ता से प्रयास कर रही है। सरकार ने राज्य के समावेशी विकास के लिए नीतियों और कार्यक्रमों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्यान्वित किया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष पिछले दो वर्षों से सरकार गिराने की कोशिश कर रहा हैंे, लेकिन जनता का विश्वास हमारी सरकार के साथ अडिग है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितने भी प्रयास करे वह सरकार को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा सकता क्योंकि प्रदेश सरकार गरीब के हित और सभी के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार प्रदेश के विकास के लिए कृतसंकल्प है और पारदर्शिता तथा ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल भवन प्रदेश की महत्वपूर्ण संपत्ति है, और सरकार ने इसके लिए 64 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, ताकि इसका उचित रखरखाव सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी है। रोजाना 5 लाख लोग एचआरटीसी की बसों में सफर कर रहे हैं। एचआरटीसी आम आदमी की सुविधा के लिए प्रतिबद्ध है और इसी दृष्टिकोण के साथ घाटे वाले रूट भी संचालित किए जा रहे हैं। आने वाले वर्षों में एचआरटीसी के बेड़े में 1,000 नई बसें शामिल की जाएंगी, जिनमें 327 इलेक्ट्रिक बसें, 250 डीजल बसें और 100 टेम्पो ट्रैवलर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों को समय पर वेतन दिया जा रहा है।
शिमला में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2,000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह रोपवे भारत का सबसे लंबा और एशिया का दूसरा सबसे लंबा रोपवे होगा, जो शिमला की पहचान बनेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। कार्य में तेजी लाने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकियां बन चुकी हैं और विद्युत से संबंधित कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सहकारी संस्थाओं में आरक्षण देने पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही यह प्रस्ताव मंत्रिमंडल में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों का कम्प्यूटरीकरण कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। सरकार द्वारा इस क्षेत्र को सशक्त करने के लिए अनेक नवीन पहल की गई हैं।
उप-मुख्यमंत्री ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी दल प्रदेश को बदनाम करने में जुटा है, जबकि वर्तमान सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और निरन्तर इस पथ पर अग्रसर रहेगी।
.0.

Published
Categorized as Press Notes
YouTube
YouTube
Instagram